The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • delhi police warns on using chinese manjha in capital

दिल्ली में सिर्फ सूती धागे से उड़ेगी पतंग, मांझा खरीदा तो लंबी जेल और भारी जुर्माना लगेगा

दिल्ली पुलिस ने पतंग के मांझे से लोगों के जख्मी होने और कई बार मारे जाने के खतरे के मद्देनजर चेतावनी जारी की है.

Advertisement
pic
27 जुलाई 2022 (अपडेटेड: 27 जुलाई 2022, 11:52 PM IST)
chinese manjha
(बाएं) दिल्ली पुलिस पीआरओ सुमन नलवा. दाईं तस्वीर प्रतीकात्मक है.
Quick AI Highlights
Click here to view more

दिल्ली पुलिस ने चाइनीज मांझे के खतरे के मद्देनजर चेतावनी जारी की है. उसने कहा है कि इसके इस्तेमाल या खरीद पर जेल हो सकती है, भारी जुर्माना लगाया जा सकता है. पुलिस की इस चेतावनी से पहले दिल्ली में पतंग के मांझे से एक व्यक्ति की मौत होने का मामला सामने आया था.

मांझा खरीदा तो होगी जेल, लगेगा जुर्माना

अगस्त का महीना शुरू होने ही वाला है. 15 अगस्त के अलावा इस पूरे महीने पतंग के शौकीन धारदार मांझे से पेच लड़ाते हैं. लेकिन बीते सालों में ये शौक जाने-अनजाने कई लोगों की मौत की वजह बन चुका है. इसी के चलते दिल्ली पुलिस ने कह दिया है कि राजधानी में लोगों को अब सूती धागे से ही पतंग उड़ानी होगी.

बुधवार 27 जुलाई को समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में दिल्ली पुलिस की PRO सुमन नलवा ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा,

"पतंग उड़ाने के लिए सूती धागे के अलावा कोई भी धागा, जिस पर कांच या धातु की चीज़ लगी हो, वह अवैध है. दिल्ली सरकार और NGT की अधिसूचना के तहत ये प्रतिबंधित है. इसकी अवहेलना करने पर 5 साल की सज़ा और एक लाख रुपये का जुर्माना लग सकता है."

सुमन नलवा ने आगे कहा,

"अगर इसके कारण किसी की जान जाती है तो उस (मांझा खरीदने वाले) पर IPC की धारा के तहत कार्रवाई होगी. मैं दिल्ली वालों से अपील करती हूं कि अपने मनोरंजन के लिए किसी की जान का खतरा न बनें. अगर इसकी (मांझे) खरीदी या बिक्री कहीं हो रही है तो 112 पर इसकी जानकारी पुलिस को दें."

मांझे से हुई थी एक व्यक्ति की मौत

दिल्ली पुलिस ने ये चेतावनी चाइनीज मांझे से एक युवक की मौत होने के बाद जारी की है. हादसा दिल्ली में ही घटा था. पीड़ित सुमित बाइक पर सवार थे. वो अपने घर की तरफ जा रहे थे. रास्ते में मुकरबा चौक के पास धारदार मांझा उनके गले से उलझ गया और उसमें गहरा घाव कर दिया.

दिल्ली पुलिस ने बताया कि 25 जुलाई को मौर्या इन्कलेव पुलिस स्टेशन को पीसीआर कॉल के जरिए एक शख्स के चाइनीज मांझे से घायल होने की जानकारी मिली थी. बाद में सुमित को अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया. इसके बाद मौर्या इन्कलेव पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई.

आजतक से जुड़े तनसीम हैदर की रिपोर्ट के मुताबिक, सुमित की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बताया गया कि मांझे से उनके गले में ढाई इंच गहरा घाव हो गया था. वहीं इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक मांझा फंसने से सुमित बाइक से गिर गए थे. उन्होंने मांझे को खोलने की कोशिश की थी, लेकिन वो इतना धारदार था कि उससे उनका गला और सीना कट गया था.

डॉक्टरों के मुताबिक मृतक के गले से कांच और धातु के टुकड़े भी मिले थे. पतंग के मांझे में कांच और धातु का इस्तेमाल काफी आम है.

कैसे बनता है इतना मजबूत मांझा?

Advertisement

Advertisement

()