आज सुबह उठ पूरा दिल्ली-NCR क्यों चौंका, हर तरफ धूल, पीला आसमान कैसे हुआ?
देखना तो मुश्किल है ही, जान को भी खतरा!

दिल्ली-NCR में सुबह करीब 4 बजे जोरदार आंधी आई. चारों तरफ धूल ही धूल छा गई. इसके कुछ देर बाद हवा की रफ्तार धीमी हो गई. लेकिन, आंधी अपने पीछे लाई धूल का गुबार छोड़ यहीं गई, जो अभी भी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में छाया हुआ है. आलम ये है कि विजिबिलिटी महज 1000 मीटर रह गई है.
आजतक से कुमार कुणाल की रिपोर्ट के मुताबिक आसमान में छाई धूल के कारण दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ गया है. सबसे खराब एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम, पटपड़गंज और पूसा के इलाकों में दर्ज किया गया. सुबह सात बजे के करीब इन इलाकों का AQI 999 दर्ज किया गया. इसके अलावा आरके पुरम इलाके में AQI 872 और आनंद विहार इलाके में AQI 829 दर्ज किया गया.
एक्सपर्ट्स के मुताबिक धूल के गुबार से हेल्थ को नुकसान पहुंच सकता है. ऐसे में लोग अगर बाहर निकल रहे हैं तो उन्हें मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए. इससे धूल के ज्यादा कण मुंह और नाक से शरीर के अंदर ना पहुंचेंगे.
कहां से आया धूल का गुबार?मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली और आसपास के इलाकों में धूल भरी आंधी राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र की वजह से आई है. विभाग के मुताबिक उत्तर पश्चिम भारत में पिछले पांच दिनों से बारिश नहीं हुई, ऐसे में तेज हवा में सूखी मिट्टी मिल गई. यही मिट्टी तेज हवाओं के साथ उत्तरी राजस्थान से उठकर दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में आ गई. और धूल का गुबार यहां तक आ गया. मौसम विभाग के मुताबिक धूल का ये गुबार राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में अगले 3-4 दिनों तक छाया रह सकता है. अधिकारियों का ये भी कहना है कि जैसे-जैसे हवा की गति धीमी होगी, धूल के कण जमीन पर बैठ जाएंगे.
प्रदूषण बढ़ने पर नोएडा में सख्त नियमदिल्ली-एनसीआर में छाए धुल के गुबार की वजह से नोएडा का भी AQI बढ़ गया. इसे देखते हुए प्रशासन ने निर्देश जारी किए हैं. नोएडा में अब डीजल जेनेरेटर चलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी. जनरेटर चलते मिले तो उन्हें सील कर दिया जाएगा. और 5,000 रुपये का चालान भी काटा जाएगा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 15 मई से नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 25,000 से अधिक डीजी सेट बंद किये जाएंगे. प्रशासन ने केवल CNG जेनेरेटर ही चलाने का आदेश दिया है.
दिल्ली के कुछ हिस्सों में राहत मिल सकती हैमौसम विभाग के मुताबिक नई दिल्ली में 16 मई को हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. हालांकि, बारिश या बूंदाबांदी से दिल्ली के तापमान में कोई खास कमी नहीं आएगी. लेकिन, जिन इलाकों में बारिश होगी, वहां बिजिविलिटी बेहतर हो जाएगी. मौसम विभाग के मुताबिक इसके बाद 18 मई को दिल्ली में गरज के साथ बारिश देखने को मिलेगी.
वीडियो: रेसलर प्रोटेस्ट के बीच बृज भूषण शरण सिंह ने दिल्ली पुलिस से किन वीडियो की बात कर ली?

.webp?width=60)

