कंझावला केस में कोर्ट ने इस बात पर खूब सुनाया, पुलिस जवाब नहीं दे पाई!
कोर्ट ने पूछा- "किस बात का इंतजार कर रही है पुलिस?"

दिल्ली के कंझावला केस (Kanjhawala Case) में जांच को लेकर कोर्ट ने पुलिस से कई सवाल किए हैं. कोर्ट ने पूछा कि पुलिस कब तक सीसीटीवी (CCTV) खोजती रहेगी. पुलिस एक बार में ही सारे CCTV फुटेज क्यों नहीं जुटा लेती? कोर्ट ने पूछा कि आखिर सबूत जुटाने में पुलिस को कितना वक्त लगेगा.
बता दें कि सोमवार, 9 जनवरी को दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में कंझावला केस की सुनवाई हुई. इस मामले के 6 आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया था. कोर्ट ने इस मामले के 6 आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
‘क्या सबूतों के गायब होने का इंतजार है?’आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया उसे 6 सीसीटीवी फुटेज मिले हैं. एक फुटेज में देखा गया है कि आरोपी एक्सीडेंट के 2 मिनट बाद आगे जाकर उतरे थे. पुलिस के मुताबिक आरोपियों को पता था कि गाड़ी में कोई फंसा हुआ है. पुलिस ने बताया कि पूरी टाइम लाइन बना ली गई है.
कोर्ट ने पुलिस से कहा कि अभी भी आप CCTV की बात कर रहे हैं. कोर्ट ने सवाल पूछा कि आखिर पुलिस एक ही बार में सारे फुटेज क्यों नहीं जुटा लेती? आखिर किस बात का इंतजार किया जा रहा है, सबूतों के साथ छेड़छाड़ का या फिर उनके गायब होने का?
ये भी पढ़ें- "हमें पता था अंजलि गाड़ी के नीचे है", कंझावला मामले में बहुत बड़ा खुलासा
पुलिस की ओर से क्या जवाब दिया गया?कोर्ट की फटकार पर पुलिस ने कहा कि उसे पूरा सहयोग नहीं मिल रहा है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी लगातार गुमराह करने का काम कर रहे हैं. पुलिस ने कोर्ट को इस बात की भी जानकारी दी कि मामले में आरोपी आशुतोष की भूमिका पर और ज्यादा जांच की जा रही है.
पुलिस ने कहा कि इस मामले में साजिश के एंगल को नकारा नहीं जा सकता है. अभी और भी जांच की जानी है. पुलिस ने आगे बताया कि आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर भी पूछताछ की जा रही है. वहीं फेस रिकॉगनाइजेशन के जरिए CCTV से चेहरे की पहचान भी हो रही है.
कोर्ट ने 6 आरोपियों दीपक खन्ना, अमित खन्ना, मनोज मित्तल, कृष्णन, आशुतोष और मिथुन को न्यायिक हिरासत में भेजा है. वहीं 7वें आरोपी अंकुश को शनिवार, 7 जनवरी को बेल मिल गई थी. इसके अलावा, आरोपी आशुतोष ने कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी. कोर्ट ने इसपर पुलिस से मंगलवार, 10 जनवरी तक जवाब दाखिल करने को कहा है.
ये भी पढ़ें- अंजलि के घर चोरी हो गई, ताला तोड़ LCD टीवी सहित दूसरा सामान उड़ा ले गए चोर!
वीडियो: कंझावला केस के आरोपियों ने कबूला- पता था कि अंजलि गाड़ी में फंसी है, पुलिस को और क्या बताया?

