The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Congress takes a dig at BJP, Atiq Ahmad murdered to shift the focus from Pulwama allegations, congress raises several questions

"पुलवामा पर 'खुलासे' को छिपाने के लिए ये सब किया"- अतीक की हत्या पर कांग्रेस ने क्या-क्या कहा?

कांग्रेस बोली- पुलवामा हमले के आरोपों पर जवाब देने से बचने के लिए हत्या कराई गई.

Advertisement
pic
16 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 16 अप्रैल 2023, 03:12 PM IST)
Atiq Ahmad murdered to shift the focus from Pulwama allegations, Congress takes a dig at BJP
सत्यपाल मलिक ने एक इंटरव्यू में बीजेपी पर कई आरोप लगाए हैं. (फोटो-PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ (Atique Ahmed Ashraf Murder) की 15 अप्रैल की रात हत्या कर दी गई. हत्या के बाद से विपक्षी पार्टियों ने प्रदेश की बीजेपी सरकार और केंद्र सरकार पर कई आरोप लगाए हैं. कांग्रेस ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलवामा खुलासे से ध्यान हटाने के लिए ये सब किया गया है.

कांग्रेस की अल्पसंख्यक यूनिट के नेशनल चेयरमैन इमरान प्रतापगढ़ी ने ट्विटर कर अतीक अहमद की हत्या को प्रायोजित हत्या बताया है. प्रतापगढ़ी ने ट्वीट कर लिखा,

“ये प्रायोजित हत्या है. मीडिया तो कब से मारना चाहता था, इसीलिए हत्यारों को मीडियाकर्मी बनाकर लाया गया.”

इमरान ने आगे लिखा कि पुलवामा खुलासे से ध्यान हटाने के लिए एक बड़ी घटना को अंजाम दिया गया है. उन्होंने ट्वीट कर आगे लिखा,

“कमाल का कानूनी राज है, पुलिस कस्टडी में मर्डर हो रहे हैं. अभी कल ही संविधान निर्माता का जन्मदिन मनाया गया है.”

वहीं कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी कई सवाल खड़े किए हैं. खेड़ा ने ट्वीट कर लिखा,

“खबरों की सुर्खियां बदल देने से सवाल खत्म नहीं हो जाते. सवाल बढ़ जाते हैं.”

पवन खेड़ा ने सवाल पूछते हुए लिखा,

- चीन को क्लीन चिट क्यों?
- अदाणी पर जोपीसी क्यों नहीं?
- शेल कंपनियों में 20 हजार करोड़ किसका?
- पुलवामा की लापरवाही किसकी?
- उत्तर प्रदेश में सरे आम गैंगवार क्यों?

सत्यपाल मलिक ने पुलवामा हमले पर क्या कहा?

कांग्रेस ने अतीक अहमद की हत्या के बाद बीजेपी सरकार पर आरोप लगाते हुए जम्मू-कश्मीर के पूर्व गवर्नर सत्यपाल मलिक के एक इंटरव्यू का जिक्र भी किया. मलिक ने खुलासा किया था कि पुलवामा में CRPF के काफिले पर हमला हमारे सिस्टम और विशेष रूप से गृह मंत्रालय की लापरवाही का परिणाम था.

मलिक ने इंटरव्यू में तत्कालीन गृह मंत्री राजनाथ सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा था कि CRPF ने अपने जवानों को ले जाने के लिए विमान की मांग की थी. लेकिन गृह मंत्रालय ने मांग को ठुकरा दिया था. मलिक ने ये भी बताया कि जिस मार्ग से CRPF को जाना था उस मार्ग का सैनिटाइजेशन प्रभावी ढंग से नहीं किया गया था.

मलिक ने आगे बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री के सामने ये मुद्दा उठाया तो प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे इस बारे में चुप रहने और किसी को नहीं बताने की बात कही. इतना ही नहीं मलिक ने ये भी कहा कि आतंकवादियों को इतनी भारी मात्रा में RDX कैसे मिला? 4 साल से ज्यादा होने पर भी आज पुलवामा आतंकी हमले की जांच कहां तक पहुंची है?

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा है कि सवाल पूछना हमारा कर्तव्य है. हम अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे, रुकेंगे नहीं. रमेश ने आगे कहा कि PM चाहे जब तक चुप्पी साधे बैठे रहें या हमें इसके लिए चाहे जितने खतरे उठाने पड़े, हम सवाल पूछना जारी रखेंगे.

वीडियो: अतीक और अशरफ की हत्या करने वाले शूटर्स ने क्या प्लान बनाया था?

Advertisement

Advertisement

()