The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • china standard map 2023 rahul gandhi alleges pm modi lied over ladakh

चीन के नए नक्शे पर राहुल ने लद्दाख में हुई किस बातचीत का जिक्र कर PM से जवाब मांगा?

राहुल ने चीन के नक़्शे को गंभीर मुद्दा बताया.

Advertisement
pic
30 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 30 अगस्त 2023, 12:56 PM IST)
china new map rahul gandhi pm modi
राहुल ने चीन के नक़्शे को गंभीर मुद्दा कहा है. (फोटो सोर्स- आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

एक नए नक्शे में अरुणाचल प्रदेश और अक्साई चिन को चीन द्वारा अपना हिस्सा बताए जाने के मामले में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब देने को कहा है. गांधी ने चीन की इस हिमाकत को "बहुत गंभीर मुद्दा" बताया है. मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चीन पर कुछ कहना चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने एक बार फिर से PM मोदी पर चीन को लेकर झूठ बोलने का आरोप लगाया.

और क्या बोले राहुल गांधी?

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि PM मोदी ने झूठ कहा कि चीन ने लद्दाख की एक भी इंच जमीन पर कब्जा नहीं किया है. उन्होंने कहा,

"मैं सालों से ये कह रहा हूं कि प्रधानमंत्री का यह कहना कि लद्दाख में हमने एक भी इंच जमीन नहीं गंवाई, एक झूठ है. पूरा लद्दाख जानता है कि चीन ने सीमा का उल्लंघन किया है. नक्शे का ये मुद्दा बहुत गंभीर है. उन्होंने (चीन) जमीन ली है. प्रधानमंत्री को इस बारे में कुछ कहना चाहिए."

दरअसल, चीन की सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी के मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स ने सोशल मीडिया वेबसाइट X पर चीन का कथित स्टैंडर्ड मैप जारी किया है. जाहिर है, भारत को इसपर आपत्ति है. चीन, हिंदुस्तान में ज़मीनी घुसपैठ के साथ-साथ मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने के लिए समय-समय पर नक्शे और जगहों के नए नाम जारी करता रहता है. अप्रैल 2023 में ख़बर आई थी कि चीन ने अपने "नए शहरों की स्टैंडर्डाइज़्ड लिस्ट" में अरुणाचल प्रदेश की 11 जगहों का भी नाम जोड़ लिया. ये नाम तिब्बती, चीनी और पिनइन लिपि में रखे गए. तब भी सरकार ने चीन की आलोचना की थी.

भारत ने क्या कहा?

इस नए नक्शे पर भी भारत ने चीन का विरोध किया है. विदेश मंत्रालय की तरफ से कहा गया है कि चीन के ये कदम सीमा से जुड़े सवालों के समाधान को सिर्फ और मुश्किल बनाते हैं. भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि पड़ोसी देश की इस तरह के नक्शे निकालने की 'आदत' है. इससे कुछ नहीं बदलेगा. NDTV से बात करते हुए जयशंकर ने कहा,

"चीन ने उन इलाकों के साथ नक्शे निकाले हैं जो उनके नहीं हैं. इससे कुछ नहीं बदलता है. हमारी सरकार को इस बारे में पूरी स्पष्टता है कि हमारा इलाका क्या है. बेतुके दावों से दूसरों का इलाका आपका नहीं हो जाएगा."

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा,

"हमने आज चीन के साथ उनके कथित 2023 के स्टैंडर्ड मैप का (जो कि भारतीय इलाकों पर दावा करता है) कूटनीतिक स्तर पर मजबूती से विरोध दर्ज कराया है. हम इन दावों को खारिज करते हैं क्योंकि इनका कोई आधार नहीं है."

चीन के जारी किए गए नए नक्शे के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा है. जबकि अगले ही हफ्ते से दिल्ली में आयोजित होने वाले G-20 नेताओं के समिट में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के शामिल होने की संभावना है.

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: चीन ने नए नक्शे पर अरुणाचल प्रदेश और अक्साई चिन को जोड़ा, G-20 पर क्या असर पड़ेगा?

Advertisement

Advertisement

()