चीन के टॉप इकनॉमिस्ट ने शी जिनपिंग की आलोचना की, महीनों से किसी को नहीं दिखे
इस अर्थशास्त्री ने एक पर्सनल चैट ग्रुप में राष्ट्रपति Xi Jinping की आर्थिक नीतियों की आलोचना की थी. तब से वो दिखे नहीं हैं.

चीन के एक प्रमुख अर्थशास्त्री कथित तौर पर ग़ायब हो गए हैं. नाम है, झू हेंगपेंग. लगभग एक दशक तक एक सरकारी थिंक टैंक में काम किया. सरकारी चीनी सामाजिक विज्ञान अकादमी (CASS) में अर्थशास्त्र संस्थान के उपनिदेशक थे. ख़बर है कि उन्होंने एक पर्सनल चैट ग्रुप में राष्ट्रपति शी जिनपिंग की आलोचना की थी. तब से वो दिखे नहीं हैं.
वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, झू ने एक WeChat ग्रुप में चीनी सरकार की सुस्त आर्थिक नीतियों की आलोचना की थी. ये स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने ये टिप्पणी कब की थी. मगर अप्रैल में वो चीनी मीडिया आउटलेट कैक्सिन के एक कार्यक्रम में दिखे थे. अखबार ने बताया है कि तब से उन्हें किसी पब्लिक इवेंट में देखा नहीं गया है.
ये भी पढ़ें - Blue Economy क्या है जिसका जिक्र निर्मला सीतारमण ने बजट में किया?
चीन का सिस्टम न पारदर्शी है, न लोकतांत्रिक. ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, जब सत्ता या राष्ट्रपति की आलोचना का किसी ने ख़ामियाज़ा न भुगता हो. कई हाई-प्रोफ़ाइल लोग ग़ायब हुए हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक़, झू की जांच की गई, उन्हें उनके पदों से हटा दिया गया और बाद में हिरासत में ले लिया गया. थिंक टैंक से संबद्ध सिंघुआ विश्वविद्यालय में उनके काम से संबंधित उनका नाम और वेबसाइट भी हटा दी गई है.
हालांकि, अभी ये जानकारी पुष्ट नहीं है कि चैट में झू ने क्या लिखा था. मीडिया संगठन सिंग ताओ डेली की मानें, तो इसमें आर्थिक नीतियों पर ‘अनुचित’ चर्चा की गई थी. जबकि WSJ ने कहा कि उन्होंने शी की नैतिकता पर सवाल उठाए थे.
ये भी पढ़ें - चीन की गिरती अर्थव्यवस्था को संभालने के लिए बड़ी मीटिंग शुरु
वैसे विशेषज्ञ बताते हैं कि आर्थिक मोर्चे पर दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था इस वक़्त बहुत सुस्त है. मामूली 5 प्रतिशत की ग्रोथ भी नहीं कर पा रही है. जुलाई, 2024 में चीनी सरकार के आंकड़ों से पता चला कि जीडीपी ग्रोथ सरकार के लक्ष्य से नीचे गिर गई है.
वीडियो: दुनियादारी: चीन इन देशों में साढ़े 4 लाख करोड़ क्यों खर्च कर रहा है, कहानी पता है?

