चीन की हाईराइज बिल्डिंग में लगी भीषण आग, धू-धूकर जली पूरी इमारत, 3 की मौत
China Building Fire: आग इतनी भीषण थी कि उसने कुछ ही देर में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लपटें एक मंजिल से दूसरी मंजिल तक फैलती हुई दिखाई दे रही थीं.

चीन के शानक्सी प्रांत में एक हाईराइज बिल्डिंग में आग लगने से 3 लोगों की मौत हो गई है. 23 लोग घायल हैं, जिनमें से 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है. आग इतनी भीषण थी कि उसने कुछ ही देर में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया. सोशल मीडिया पर घटना के कई वीडियो सामने आए, जिनमें लपटें एक मंजिल से दूसरी मंजिल तक फैलती हुई दिखाई दे रही हैं, जबकि दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए जूझ रहे हैं.
चीन के सरकारी अखबार ‘ग्लोबल टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना नॉर्थ चीन के शानक्सी प्रांत में ताइयुआन शहर की है. यहां शनिवार, 28 मार्च की रात करीब 8 बजे (लोकल टाइम) एक बहुमंजिला इमारत में आग लग गई.
आग बहुत तेजी से फैली और जल्द ही उसने पूरी इमारत को अपनी लपटों में घेर लिया. फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है. दमकलकर्मी इमारत के अंदर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं. आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है.
Chinanews.com ने रविवार, 29 मार्च को बताया कि जिस इमारत में आग लगी, उसी में एक होटल भी है. अगली सुबह तक इमारत के पूर्वी हिस्से की बाहरी दीवार पर जलने के गहरे निशान साफ दिखाई दे रहे थे.
रास्ते से सटे कई स्टोर भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गए और उन्हें भारी नुकसान पहुंचा. रिपोर्ट के मुताबिक, दुकानों के सामने खड़ी कई इलेक्ट्रिक साइकिलें जलकर सिर्फ मेटल फ्रेम रह गईं. बिल्डिंग के रास्ते में मलबा बिखरा हुआ था, जिसमें से ज्यादातर जले हुए एल्युमिनियम कम्पोजिट पैनल का बचा हुआ हिस्सा था.
ये भी पढ़ें: दुबई की 67 मंजिला बिल्डिंग में कैसे लगी थी भीषण आग? 3,820 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
एक दिन पहले, चीन के देहुआ शहर में भी एक बहुमंजिला इमारत में आग लग गई थी. आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग बिल्डिंग की छत पर फंस गए और मदद का इंतजार करने लगे. हालांकि, फंसे हुए सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
वीडियो: दिल्ली के एक बिल्डिंग में लगी आग, 9 लोगों की मौत, चश्मदीदों ने क्या देखा?

.webp?width=60)
