बांग्लादेश से मुहम्मद यूनुस का पीएम मोदी को फोन, हिंदुओं पर क्या चर्चा हुई?
Bangladesh की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार Muhammad Yunus ने PM Modi को फोन किया और अपने देश में हिंदुओं और सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का आश्वासन दिया.

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की है. उन्होंने बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद हिंदुओं पर हुए हमलों और उनकी सुरक्षा को लेकर पीएम मोदी से चर्चा कर आश्वाशन दिया. पीएम मोदी ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है.
बांग्लादेश में शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार के पतन के बाद अंतरिम सरकार का गठन हुआ. इसकी जिम्मेदारी मोहम्मद यूनुस ने संभाली. उनके ये पद संभालने के बाद उनके और पीएम मोदी के बीच यह पहली बातचीत है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मोहम्मद यूनुस की तरफ से यह कॉल शुक्रवार, 16 अगस्त को आया. इससे एक दिन पहले 15 अगस्त को पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से अपने स्वतंत्रता दिवस के भाषण में बांग्लादेश में हिंदू समुदाय की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की थी. उन्होंने भाषण के दौरान बांग्लादेश में मौजूद हिंदुओं पर कहा,
“140 करोड़ भारतीय चाहते हैं कि बांग्लादेश में हिंदू और अल्पसंख्यक सुरक्षित रहें.”
इसके बाद मोहम्मद यूनुस का कॉल आया. इसे लेकर पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया,
"प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस से टेलीफोन पर बात की. बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार ने मौजूदा स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया. लोकतांत्रिक, स्थिर, शांतिपूर्ण और प्रगतिशील बांग्लादेश के लिए भारत के समर्थन को दोहराया. उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं और सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा, संरक्षा और संरक्षण का आश्वासन दिया."
प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से भी दोनों नेताओं के बीच फोन पर हुई बातचीत को लेकर बयान जारी किया गया. पीएमओ ने X पर पोस्ट किया,
"प्रधानमंत्री ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार से टेलीफोन पर बात की. प्रधानमंत्री ने एक लोकतांत्रिक, स्थिर, शांतिपूर्ण और प्रगतिशील बांग्लादेश के लिए भारत के समर्थन को दोहराया. प्रधानमंत्री ने अंतरिम सरकार द्वारा हिंदुओं और अन्य सभी अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया. प्रोफेसर यूनुस ने बांग्लादेश में हिंदुओं और सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और संरक्षण का आश्वासन दिया."
बयान में आगे कहा गया,
“प्रधानमंत्री ने बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य सभी अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने के महत्व को भी रेखांकित किया. प्रो. यूनुस ने आश्वासन दिया कि अंतरिम सरकार बांग्लादेश में हिंदुओं और सभी अल्पसंख्यक समूहों की सुरक्षा को प्राथमिकता देगी. दोनों नेताओं ने राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा की.”
बांग्लादेश में पैदा हुए राजनीतिक संकट और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़ने के बाद कई जगहों पर अल्पसंख्यकों पर हमले की खबरें सामने आईं. देश में अंतरिम सरकार का गठन हो चुका है लेकिन कई जगहों पर अराजकता जारी है. इन घटनाओं के बीच मुहम्मद यूनुस ने एक हिंदू मंदिर का दौरा किया था. उन्होंने कहा कि अधिकार सभी के लिए समान हैं, लोगों के बीच किसी भी तरह का भेदभाव न किया जाए. यूनुस ने कहा कि मानवाधिकार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता स्थापित करना ही उनका मुख्य लक्ष्य है.
वीडियो: कोलकाता रेप-मर्डर केस में सामने आई ट्रेनी डॉक्टर की डायरी, नाइट शिफ्ट पर जाने से पहले क्या लिखा था?

