धर्मांतरण का आरोप लगा, चर्च तोड़ रहे थे, एसपी रोकने गए तो सिर फोड़ दिया
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में धर्मांतरण को लेकर आदिवासी समाज में नाराजगी बढ़ती जा रही है

छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के नारायणपुर (Narayanpur) जिले के एसपी सदानंद कुमार पर हमला हुआ है. हमले के दौरान एसपी के सिर फोड़ दिया. जो फोटो सामने आए हैं उनमें सदानंद कुमार के सिर से खून बहता नजर आ रहा है. उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. आखिर एक जिले के कप्तान पर हमला क्यों हुआ? बताते हैं.
शनिवार, 31 दिसंबर यानी नए साल से ठीक एक दिन पहले की बात है. नारायणपुर के सर्व आदिवासी समाज को धर्मांतरण के एक मामले की जानकारी मिली. इसको लेकर समाज के लोगों ने विरोध जताया. एड़का थाना क्षेत्र के गोर्रा गांव में धर्मांतरण के इस मामले को लेकर दो समुदाय आमने-सामने आ गए. इसके बाद जमकर बवाल हुआ. मारपीट में कई लोग घायल हो गए. इसके बाद सर्व आदिवासी समाज के लोग सड़कों पर उतरकर गुस्सा जाहिर करने लगे.
जब चर्च में तोड़फोड़ शुरू हो गईइस घटना के विरोध में सर्व आदिवासी समाज ने सोमवार, 2 जनवरी को नारायणपुर में बंद बुलाया. भारी संख्या में लोग इसमें शामिल हुए. नारायणपुर के बाजार स्थल से रैली निकाली गई. बताते हैं कि रैली के दौरान ही कुछ लोग चर्च में पहुंचे और वहां तोड़फोड़ करने लगे. पुलिस की टीम पहले से तैनात थी. ऐसे में उसने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की. लेकिन, भीड़ भड़क गई और एसपी सदानंद कुमार पर ही हमला कर दिया. जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई. फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को नियंत्रित करने में लगी हुई है.

इंडिया टुडे से जुड़ीं सुमी राजप्पन के मुताबिक हमले के बाद एसपी ने नारायणपुर के अस्पताल में एसपी ने बताया,
‘आज हमने कलेक्टर ऑफिस में आदिवासी समुदाय के नेताओं के साथ बैठक की. जहां हमने उनसे अपना विरोध शांतिपूर्ण रखने को कहा. लेकिन कुछ लोग चर्च पर हमला करने के लिए पहुंच गए थे. मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें शांत रहने के लिए समझाने का प्रयास किया. अचानक मुझ पर पीछे से हमला किया गया जिससे मैं घायल हो गया. जल्द ही आगे की जांच की जाएगी.’
नारायणपुर कलेक्टर अजीत वसंत ने घटना को लेकर कहा,
'हमें पहले इस रैली की सूचना दी गई थी. इसलिए हमने पहले समाज के लीडर्स से बात की थी. उन्हें समझाया गया था कि जो कार्यक्रम होना है, वो शांति से होना चाहिए, फिर भी ऐसा हुआ है. घटना में एसपी घायल हुए हैं.'
कलेक्टर अजीत वसंत के मुताबिक पुलिस और प्रशासन के लोग रैली में आए लोगों को समझाकर घर भेज रहे हैं.
वीडियो: हीरा बनते देखिए, बनाते आदिवासी किसे टक्कर देने की बात बोल रहे?

