औरतों के मर्डर का राज 4 साल बाद खुला, आरोपी ने दोस्त को खुद इशारा करके सब बता दिया
छत्तीसगढ़ पुलिस ने बताया कि आरोपी महिलाओं का यौन शोषण करता था और जब कुछ महिलाओं ने उसकी बात नहीं मानी, तो उसने ग़ुस्से में उनका मर्डर कर दिया. लेकिन ये कहानी अब कैसे खुली?

छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के बलौदा बाज़ार ज़िले के एक 32 साल के व्यक्ति को दो महिलाओं की हत्या के आरोप में गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया गया है. व्यक्ति ने शराब के नशे में अपने दोस्त को ख़ुद इसकी जानकारी दी थी. आरोपी कथित तौर पर महिलाओं का यौन शोषण करता था और जब महिलाओं ने विरोध किया, तो उसने ग़ुस्से में उनके सिर पर डंडे से वार कर दिया. इनमें से एक महिला की हत्या उसने कथित तौर पर 2020 में और दूसरी की साल 2023 में की थी. जानकारी के मुताबिक़, आरोपी को बोलने और सुनने में दिक्कत है.
आरोपी तेजराम कोंडाह अपने मां-पिता और भाई-बहनों के साथ बलौदा बाज़ार के एक गांव में रहता था. अब आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. इंडियन एक्सप्रेस से जुड़े जयप्रकाश एस नायडू की ख़बर के मुताबिक़, पुलिस ने बताया कि तेजराम ने 29 मई, 2020 को गांव की 36 साल की एक महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी थी. महिला का शव उसके घर से करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ के पास मिला था. बताया गया कि महिला मानसिक रूप से बीमार थी.
आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपी ने महिला को पेड़ से लटकाने की कोशिश की. लेकिन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था. हालांकि, कुछ समय बाद मामला ठंडा पड़ गया. इस घटना के क़रीब तीन साल बाद 13 मार्च, 2023 को पुलिस को उसी गांव की 56 साल की महिला का शव आरोपी तेजराम के घर के पास के तालाब में मिला. उसके भी सिर पर चोट के निशान थे. इस पर अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ हत्या का मामला दर्ज किया गया था. पुलिस ने बताया कि क़रीब एक महीने बाद नशे में धुत तेजराम ने अपने दोस्त को सांकेतिक भाषा में इसकी जानकारी दी थी. बताया कि उसने 56 साल की महिला की हत्या कर दी. इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई.
ये भी पढ़ें - ट्यूशन से लौट रही थी छात्रा, अपहरण के बाद किया यौन उत्पीड़न, फिर रास्ते में फेंका!
मामले में DSP कौशल किशोर वासनिक ने बताया कि उन्होंने हत्याओं के इन मामलों के कागजात खंगाले. इस दौरान उन्हें दो हत्या के मामले मिले. इनमें समानताएं थीं. ऐसे में उनको शक हुआ. इंडियन एक्सप्रेस की ख़बर में मुताबिक़, किशोर वासनिक ने बताया,
दोनों मामलों में महिलाएं महीनों तक अकेली रहती थीं, क्योंकि उनके परिवार के सदस्य काम के सिलसिले में बाहर जाते थे. साथ ही, दोनों महिलाएं गांव के दो कोनों में एकांत इलाक़ों में रहती थीं. हत्याओं के तरीक़े में भी समानताएं थीं. मसलन, दोनों के सिर पर वार किया जाना और उनके शवों को उनके घरों से घसीटा जाना.
जब पुलिस को ख़बर मिली, तो उन्होंने सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ (Sign Language Expert) की मदद से उससे पूछताछ की. अब तेजराम ने अपना अपराध कबूल कर लिया है. पुलिस का कहना है कि दोनों ही मामलों में आरोपी ने महिलाओं पर तब हमला किया, जब उन्होंने यौन संबंध बनाने से मना कर दिया.
वीडियो: 'मैंने नहीं की हत्या, फंसाया गया’, कोलकाता रेप-मर्डर केस के आरोपी के पॉलीग्राफ टेस्ट में क्या पता लगा?

