The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Chattisgarh: Man badly burnt after touching OHE high power line by climbing up on train coach

मालगाड़ी पर चढ़ा, हाई वोल्टेज तार पकड़ लिया, करंट लगते ही धुआं निकलने लगा!

युवक 70 प्रतिशत से ज्यादा झुलस गया

Advertisement
pic
13 जनवरी 2023 (अपडेटेड: 13 जनवरी 2023, 01:05 PM IST)
Man badly burnt after touching OHE high power line
हाई वोल्टेज तार पकड़ कर जला युवक (फोटो- आज तक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

छत्तीसगढ़ में एक युवक ने मालगाड़ी पर चढ़कर ट्रेन के ऊपर लगे हाई वोल्टेज तार को पकड़ लिया. तार पकड़ते ही युवक भयानक रूप से जल गया. जिसके बाद वो ट्रेन से नीचे जा गिरा. घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया.

आज तक से जुड़ी सुमी राजाप्पन की रिपोर्ट के मुताबिक घटना छत्तीसगढ़ के सक्ती रेलवे स्टेशन की है. स्टेशन पर गुरूवार, 12 जनवरी को सुबह साढ़े 10 बजे के करीब 35 साल का धरमलाल यादव प्लेटफार्म पर खड़ी ट्रेन में जाकर चढ़ गया. ट्रेन में चढ़ने के बाद धरमलाल ने आत्महत्या करने के मकसद से ओएचई (OHE) तार पकड़ लिया. ओएचई तार ट्रेन के ऊपर लगा हाई वोल्टेज तार होता है. तार पकड़ते ही धरमलाल को झटका लगा और वो ट्रेन के नीचे जा गिरा.

रिपोर्ट के मुताबिक धरमलाल तार पकड़ने के बाद कुछ देर ट्रेन की बोगी के ऊपर ही तड़पता रहा. कपड़ों से धुंआ तक निकलने लगा. इसके बाद वो बगल की पटरी पर जा गिरा. घटना के समय मौजूद लोगों ने उसे रेलवे ट्रैक से उठाया और अस्पताल ले गए. जहां से धरमलाल को तुरंत बिलासपुर के एक अस्पताल भेज दिया गया.

70 प्रतिशत से ज्यादा झुलस गया

आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक धरमलाल के परिवार वालों ने बताया कि वो 12 जनवरी की सुबह घर से निकला था. वो सक्ती में मिस्त्री के रूप में काम करता था. परिवार के मुताबिक धरमलाल का मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता था. उसे शराब पीने की लत थी. परिवार ने ये भी बताया कि उन्हें नहीं पता कि उसने आत्महत्या की कोशिश क्यों की.

रिपोर्ट के मुताबिक धरमलाल ट्रेन का हाई वोल्टेज तार पकड़ने की वजह से 70 प्रतिशत से ज्यादा झुलस गया है. बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. इस मामले में पुलिस ने कहा है कि घायल का उपचार किया जा रहा है. परिजनों के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

वीडियो: कानपुर में ऑटो ड्राइवर ने 22 हजार के चालान से परेशान होकर की आत्महत्या

Advertisement

Advertisement

()