गृहमंत्री ने 'हर समय साफ पानी' की योजना का उद्घाटन किया, एक दिन बाद पानी में मिट्टी आने लगी
Chandigarh के Manimajra में शुरू हुई इस परियोजना के तहत लोगों के घर तक एकदम साफ पानी पहुंचाने का दावा किया गया है. हालांकि, पानी में मिट्टी आने की बात पर प्रोजेक्ट के चीफ इंजीनियर ने कहा कि उन्हें ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है.

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने चंडीगढ़ के मनीमाजरा में '24 घंटे वॉटर सप्लाई' की योजना का उद्घाटन किया. इस योजना में दावा किया गया है कि पूरी तरह से शुद्ध पानी दिया जाएगा. लेकिन उद्घाटन के एक दिन बाद ही मनीमाजरा के लोग पानी की आपूर्ति को लेकर शिकायत करने लगे. लोगों का कहना है कि सोमवार, 5 अगस्त की शाम से उनके घरों में गंदा पानी आने लगा और काफी धीमा भी.
इंडियन एक्सप्रेस से जुड़ीं हिना रोहतकी ने इस मामले पर एक रिपोर्ट तैयार की है. रिपोर्ट के मुताबिक इस बात को लेकर स्थानीय लोग खासे नाराज हैं.
मनीमाजरा के पिपलीवाला इलाके के रहने वाले कुछ लोगों ने कहा कि जब अमित शाह यहां आए थे, पानी की आपूर्ति ठीक थी. यह साफ़ था और बिल्कुल भी गंदा नहीं था. लोगों के मुताबिक उनसे कहा गया था कि इस नई वॉटर योजना के बाद उन्हें पानी साफ करने के लिए वॉटर प्यूरीफायर नहीं खरीदना पड़ेगा. लेकिन गृह मंत्री के जाने के कुछ ही देर बाद दिक्कत शुरू हो गई. लोगों का कहना है कि पानी बेहद कम और गंदा आ रहा है. उनके मुताबिक वो इस पानी का इस्तेमाल रोजमर्रा के कामों के लिए नहीं कर सकते.
चीफ इंजीनियर ने असल वजह बताई!उधर, इन शिकायतों को लेकर इस योजना के चीफ इंजीनियर एनपी शर्मा ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि उन्हें मनीमाजरा से ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है.
हालांकि उन्होंने बताया,
“पानी के फुल प्रेशर की वजह से पानी की आपूर्ति के दौरान एक कैप खुल गया था, जिससे पाइपलाइन में कुछ गंदा पानी आ गया था. इस समस्या को तुरंत ठीक कर लिया गया. अब ऐसी कोई समस्या नहीं है.”
बता दें कि रविवार, 4 अगस्त को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मनीमाजरा में 24/7 जल आपूर्ति परियोजना का उद्घाटन किया था. ये एक पायलट प्रोजेक्ट है यानी अगर ये मनीमाजरा में सफल रहा, तो अन्य इलाकों में भी इसकी शुरुआत की जाएगी.
ये भी पढ़ें:- 'अहमद शाह अब्दाली के वंशज हैं..'- अमित शाह के औरंगजेब वाले बयान पर ठाकरे का पलटवार
कैसे इस योजना पर काम हुआ?एक वरिष्ठ अधिकारी ने प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के लिए मनीमाजरा में 22 किमी तक नई पाइप लाइनें डाली गई हैं. दो-दो मिलियन गैलन के दो बड़े टैंक जमीन के अंदर बनाए गए हैं. पानी के प्रेशर और डिमांड को सही लेवल पर बनाए रखने के लिए कई मोटर पंप लगाए गए हैं. इस अधिकारी के मुताबिक अभी इस प्रोजेक्ट में कुछ घरों को ही सही प्रेशर के साथ पानी मिल पा रहा है. इनके मुताबिक अन्य घरों को नई पाइप लाइन से जोड़ने का काम चल रहा है, जो जल्द पूरा हो जाएगा.
वीडियो: वायनाड हादसे को लेकर विपक्ष ने ऐसा क्या कि अमित शाह भड़क गए?

