The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • cbi reached hospital to summons former uttarakhand cm harish rawat in horse trading case

पूर्व CM हरीश रावत से मिलने अस्पताल पहुंची CBI, थमा दिया नोटिस तो बोले- 'वाह दोस्त!'

उत्तराखंड के पूर्व CM हरीश रावत एक सड़क दुघर्टना में चोट लगने के बाद हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट में चेकअप के लिए भर्ती हैं. इस दौरान उन्हें CBI ने समन भेजा है, जिसकी जानकारी हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर दी है.

Advertisement
pic
27 अक्तूबर 2023 (पब्लिश्ड: 06:05 PM IST)
CBI summons ex-Uttarakhand Chief Minister Harish Rawat
हरीश रावत हॉस्पिटल में एडमिट हैं. (फोटो: X/@harishrawatcmuk)
Quick AI Highlights
Click here to view more

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत (Harish Rawat) को CBI ने शुक्रवार, 27 अक्टूबर को नोटिस सौंपा है. नोटिस देने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम खुद उस हॉस्पिटल पहुंची थी, जहां पूर्व CM हरीश रावत एक सड़क दुर्घटना में चोट लगने के बाद से भर्ती हैं. इंडिया टुडे के मुनीश चंद्र पांडे की रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस नेता के लिए CBI का ये नोटिस विधायकों की कथित खरीद-फरोख्त के एक मामले से जुड़ा है.

हरीश रावत बोले- 'वाह CBI'

पूर्व CM हरीश रावत ने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दी है. उन्होंने CBI अधिकारियों के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरों के साथ फेसबुक पर पोस्ट किया,

“आज जौलीग्रांट हॉस्पिटल में मेरे स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए एक बड़ी महत्वपूर्ण संस्था भी आई, CBI के दोस्त आए और उन्होंने मुझे एक नोटिस सर्व किया, तो मुझे बड़ा ताज्जुब हुआ. मैंने कहा जिस दिन हॉस्पिटल में लोग स्वास्थ्य का हाल-चाल पूछने आ रहे हैं तो CBI को लगा फिर कहीं मुझसे, देश की अखंडता, एकता, सुरक्षा और लोकतंत्र को कुछ ज्यादा खतरा है, इसलिए हॉस्पिटल में ही उन्होंने मुझे नोटिस सर्व किया है, वाह CBI!!”

पूरा मामला क्या है?

2016 में एक न्यूज चैनल के स्टिंग ऑपरेशन के बाद हरीश रावत पर विधायकों की खरीद-फरोख्त में शामिल होने के आरोप लगे थे. हरीश रावत तब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री थे. उन पर BJP में गए कांग्रेस के बागी विधायकों का समर्थन हासिल करने के लिए सौदेबाजी करने का आरोप लगा था. 2017 में उत्तराखंड में हरीश रावत की सरकार गिरने के बाद राज्य सरकार और हाई कोर्ट ने मामले की CBI जांच के आदेश दिए थे.

इस मामले में CBI की शुरुआती जांच रिपोर्ट पर उत्तराखंड हाई कोर्ट ने 30 सितंबर, 2019 को कांग्रेस नेता के खिलाफ FIR दर्ज करने की मंजूरी दी थी. कोर्ट ने कहा था कि CBI मामले की जांच शुरू कर सकती है. बता दें कि इस मामले में हरीश रावत से CBI एक बार पूछताछ कर चुकी है. 

ये भी पढ़ें- मणिपुर में दो छात्रों की हत्या का 'मास्टरमाइंड' पकड़ा गया, CBI ने नाम बताया

वीडियो: रंजीत रावत ने क्यों लगाया हरीश रावत पर सीट बेचने का आरोप?

Advertisement

Advertisement

()