SUV को पुलिस ने रोका, ड्राइवर 120 की स्पीड से लौटा, टक्कर मारकर ASI की जान ली, खुद भी मर गया
गाड़ी चलाते वक्त ड्राइवर फोन पर बात कर रहा था. इस पर ट्रैफिक पुलिस ने उसे टोका तो इतना गुस्सा हुआ कि पुलिसकर्मियों की जान लेने पर उतारू हो गया.

राजस्थान के जोधपुर में एक कार ड्राइवर ने कथित रूप से अपनी कार से टक्कर मारकर असिसटेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) की जान ले ली. हादसे में कार ड्राइवर की भी मौत हो गई है. बताया गया है कि कार ड्राइवर पुलिस द्वारा रोके जाने से नाराज था.
आजतक से जुड़े अशोक शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक SUV ड्राइवर को ट्रैफिक पुलिस ने रोका था. इससे वो इतना नाराज हुआ कि अपनी कार वापस यू टर्न लेकर आया और ASI को टक्कर मार दी. घटना 15 अगस्त की शाम करीब साढ़े 6 बजे जोधपुर के करवड़ थाना क्षेत्र स्थित जोधपुर-नागौर नेशनल हाईवे की है.
रिपोर्ट के मुताबिक कार चालक गाड़ी चलाते हुए अपने फोन पर बात कर रहा था. वो किसी से बहस कर रहा था. बताया गया कि कार चालक कथित तौर पर शराब के नशे में भी था. इस पर ASI ने उसे टोका, तो उसकी पुलिसकर्मियों से बहस हो गई. जिसके बाद पुलिस वाले कार चालक का चालान काटने के लिए आगे बढ़े तो वो वहां से भाग निकला.
कार चालक कुछ देर बाद यू टर्न लेकर तेजी से वापस लौटा. वो भी रोड की उलटी तरफ से. रिपोर्ट के मुताबिक उसकी रफ्तार काफी तेज थी. कार चालक ने अपनी SUV पुलिस की गाड़ी में लाकर भिड़ा दी. टक्कर के बाद ASI भंवरलाल बिश्नोई की मौके पर मौत हो गई. दो पुलिस कॉन्स्टेबल घायल हो गए. रिपोर्ट के अनुसार कार चालक की पहचान नागौर जिले के रहने वाले हरिशंकर वैष्णव के रूप में हुई है. उसकी भी मौत हो गई है.
महिला से बहस कर रहा थाघटना को लेकर एसीपी मंडोर पीयूष कविया ने जानकारी दी कि कार की स्पीड 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी. उन्होंने बताया कि ट्रैफिक पुलिस की इंटरसेप्टर वैन रोड पर खड़ी थी. जिसमें हरिशंकर ने अपनी कार भिड़ा दी. तेज स्पीड में हुई टक्कर के चलते पुलिस वैन के परखच्चे उड़ गए.
वहीं एडीसीपी पूर्व नाजिम अली ने बताया कि कार चालक हरिशंकर को जब पुलिस ने पहली बार रोका तो वो फोन में किसी महिला से बहस कर रहा था. जब पुलिस ने उसका चालान बनाना चाहा तो वो बहस कर कार भगा ले गया. बाद में वापस आकर उसने पुलिस की वैन में टक्कर मार दी. घटना में घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में उपचार चल रहा है.
वीडियो: बुर्का पहने महिला पर बंदूक तानी, बोला, 'ये कहो वरना...,' RPF जवान पर अब क्या दावा?

