The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Bulls entered the government primary school children were injured in Bahraich

सड़क पर लड़ रहे थे दो सांड, अचानक स्कूल में घुसे और बच्चों पर कूद पड़े

7 बच्चे घायल हो गए.

Advertisement
pic
24 दिसंबर 2022 (अपडेटेड: 24 दिसंबर 2022, 12:58 PM IST)
Bulls entered in Bahraich government primary school
बहराइच के प्राइमरी स्कूल में दो सांड घुस गए थे, इस दौरान कुछ बच्चे घायल हो गए (फोटो: आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

स्कूल में बच्चे पढ़ रहे थे. अचानक दो सांड स्कूल में घुस आए. दोनों सांड लड़ रहे थे. दोनों लड़ते-लड़ते बच्चों पर कूद पड़े और कई बच्चे घायल हो गए. बच्चों को तुरंत इलाज के लिए हॉस्पिटल पहुंचाया गया. उनके माता-पिता को सूचना दी गई. हॉस्पिटल में बच्चों का इलाज किया गया. किसी के सिर पर चोट लगी थी, तो किसी के सीने पर चोट लगी थी. बच्चों का इलाज कर उन्हें घर वापस भेज दिया गया. लेकिन सवाल ये है कि स्कूल के अंदर सांड आए कैसे.

सड़क पर दो सांड लड़ रहे थे, स्कूल में घुस आए!

स्कूल के अंदर सांडों के घुसने का ये मामला उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बहराइच (Bahraich) जिले का है. स्कूल है, मरौचा प्राइमरी स्कूल. आजतक के राम बरन चौधरी की रिपोर्ट के मुताबिक ये स्कूल लखनऊ-बहराइच हाइवे के पास फखरपुर क्षेत्र का है.

ये घटना शुक्रवार, 23 दिसंबर की सुबह करीब 11:30 बजे की है. स्कूल के एक टीचर ने बताया कि सड़क के उस पार दो सांड आपस में लड़ रहे थे. लड़ते-लड़ते दोनों सांड स्कूल में घुस आए, जहां बच्चे पढ़ रहे थे. अचानक दोनों सांड बच्चों के ऊपर कूद पड़े. इस वजह से 7 बच्चे घायल हो गए. टीचर के मुताबिक घटना के तुरंत बाद अधिकारियों और बच्चों के माता-पिता को जानकारी दी गई.

ये भी पढ़ें- सड़क पर पैदल जा रहे बुजुर्ग पर सांड ने किया हमला, बस चढ़ने से मौत

स्कूल के अंदर कैसे आ गए सांड?

स्कूल में सांडों के हमले की खबर मिलते ही घायल हुए बच्चों के माता-पिता हॉस्पिटल पहुंचे. रिपोर्ट के मुताबिक इसके बाद बच्चों के माता-पिता सहित गांव के लोगों ने जमकर हंगामा किया. उनका कहना था कि अगर स्कूल की पक्की बाउंड्री वॉल होती तो सांड अंदर नहीं घुस पाते और न ही स्कूल के बच्चे सांडों के हमले से घायल होते.

तेजवापुर के खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश कुमार ने भी बताया कि इस प्राइमरी स्कूल की बाउंड्री नहीं है. उन्होंने कहा कि बच्चों के पेरेंट्स की ये मांग है कि स्कूल की बाउंड्री बनाई जाए. हालांकि, शिक्षा अधिकारी के मुताबिक वहां बाउंड्री बनाने की जगह नहीं है. इसके अलावा स्कूल बहुत पुराना बना हुआ है. मूल बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है. इसलिए स्कूल को शिफ्ट कराया जा रहा है.

वीडियो: आगरा: सांड के गले में फंसी साइकिल, निकालने में लोगों के पसीने छूटे

Advertisement

Advertisement

()