पेशे से डॉक्टर, शौक से बॉडीबिल्डर, उम्र 33 साल, हार्ट अटैक से मौत
ब्राजील के डॉक्टर और फिटनेस इंफ्लुएंसर Rodolfo Duarte Santos अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से बॉडीबिल्डिंग के वीडियो डालते थे. उनकी अचानक हुई मौत ने लोगों को हैरान कर दिया है.

पेशे से डॉक्टर. जुनून से बॉडीबिल्डर. उम्र 33 साल. लेकिन हार्ट अटैक से मौत. ये चौथी जानकारी देते हुए अजीब लगा. लेकिन सच है. ब्राजील के रोडोल्फो डुआर्टे रिबेरो डॉ सैंटोस (Rodolfo Duarte Santos) को देखने वालों ने सोचा नहीं था कि वो 33 की उम्र में कार्डियक अरेस्ट (Cardiac Arrest) से मारे जाएंगे. दुर्भाग्य से ऐसा हो गया है. सीएनएन ब्राजील ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि बीती 19 नवंबर को रोडोल्फो की कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई.
लिवर में हुआ था ट्यूमर, कार्डिएक अरेस्ट से हुई मौतब्राजील के रहने वाले रोडोल्फो सैंटोस पेशे से डॉक्टर थे. उन्हें बॉडीबिल्डिंग का शौक था. सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, डॉ. सैंटोस की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें साओ पाउलो के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वहां मौत से जिंदगी की जंग लड़ते हुए 19 नवंबर उन्होंने दम तोड़ दिया. उनकी मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक डॉक्टर सैंटोस के लिवर में ट्यूमर था. इस कंडीशन को लिवर एडेनोमा कहा जाता है. डॉक्टरों के मुताबिक लिवर में ब्लीडिंग के बाद सैंटोस को कार्डियक अरेस्ट हुआ जिसने उनकी जान ले ली.
यानी सैंटोस की मौत का उनके फिटनेस के जुनून से कोई संबंध नहीं है. किसी स्टेरॉयड या ओवरडोज से उनकी मौत नहीं हुई. वो एक कंडीशन से पीड़ित थे.
गजब की फिटनेस वाले डॉक्टर सैंटोस अपने इंस्टाग्राम पर फिटनेस, फैशन और ट्रैवलिंग से रिलेटेड वीडियो डालते रहते थे. लोगों को फिट रहने की टिप्स देते थे. उनके इंस्टाग्राम पर 10 हज़ार से अधिक फॉलोअर्स हैं. ब्रिटेन के अखबार ‘द सन’ की रिपोर्ट के अनुसार, सैंटोस की कुछ महीने पहले ही इंगेजमेंट हुई थी.

उनकी अचानक हुई मौत की खबर सोशल मीडिया पर भी वायरल है. कई यूजर्स उनके निधन पर शोक प्रकट कर रहे हैं. वहीं कुछ यूजर्स ने दावा किया कि उनकी मौत एनाबॉलिक स्टेरॉयड लेने के कारण हुई थी. लेकिन क्लिनिक और एथलीट के परिवार ने इन दावों को भ्रामक बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया.
एक और फिटनेस इंफ्लुएंसर हुई थी हृदयाघात का शिकारइसी साल ब्राजील की एक और फिटनेस इंफ्लुएंसर लारिसा बोर्गेस की अचानक हुई मौत ने लोगों को हैरान कर दिया था. वो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो पोस्ट करके लोगों को फिटनेस का मंत्र देती थीं. लेकिन अगस्त 2023 में लारिसा की 33 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई. रिपोर्ट के मुताबिक, वो एक सप्ताह तक अस्पताल में एडमिट रहीं. इस दौरान वो कोमा में भी चली गई थी. लारिसा की मौत डबल कॉर्डिएक अटैक से हुई थी.
वीडियो: शहीद की मां रोती रही, योगी के मंत्री फोटो खिंचाते रहे

