'गांडू' वाले डायरेक्टर करेंगे सीधे नेटफ्लिक्स पर फिल्म रिलीज़
Q की 'ब्राह्मण नमन' ने सिनेमाहॉल रिलीज़ को बाईपास किया. क्या इंडी सिनेमा के लिए 'नेटफ्लिक्स' दर्शक तक पहुंचने का नया रास्ता बनेगा?
Advertisement

फोटो - thelallantop
Quick AI Highlights
Click here to view more
'नेटफ्लिक्स' भारतीय दर्शक को मिला नया जादू का पिटारा है. जिन्हें मिल गया है वो बस घुसे पड़े हैं. जिन्हें नहीं मिला है, उन्हें लग रहा है जैसे उनकी कोई बस छूटी जा रही है. 'नेटफ्लिक्स' पर विश्व का तमाम अंवागर्द सिनेमा अपने घर के बेडरूम में आ गया है. चर्चित फिल्में और हल्ला मचाने वाली नई टीवी सीरीज़ देखने के लिए एक नया दरवाजा खुल गया है.
क्या 'नेटफ्लिक्स' इंडी सिनेमा का तारणहार बनेगा?
'नेटफ्लिक्स' को भारतीय इंडी सिनेमा के चैम्पियन भी उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे हैं. जब से इंडी सिनेमा के लिए सेटेलाइट टीवी का मार्किट गिरा है, इंडी सिनेमा किसी ऑल्टरनेटिव मीडियम की तलाश में है. ऐसा रास्ता, जिससे वो सिनेमाहॉल चेन और मल्टीप्लेक्स रिलीज़ का बहुत-बहुत मंहगा मायाजाल तोड़ पाए. फिल्म बनाने का खर्चा तो कम है, लेकिन उसे रिलीज़ करने का और प्रचार का खर्चा इतना ज्यादा है कि कई शानदार फिल्में तैयार होकर भी डब्बाबंद पेटी में ही ख़तम हो जाती हैं.
लेकिन दुनिया भर में 'नेटफ्लिक्स' अपने ओरिजिनल कंटेंट के लिए मशहूर है. पहली बार 'नेटफ्लिक्स' के ज़रिये देखी गई फिल्में ऑस्कर की दावेदार बन रही हैं, और देखनेवालों का बहुत प्यार कमा रही हैं. पर अभी तक 'नेटफ्लिक्स' हिन्दुस्तान में पुरानी रिलीज़ फिल्मों को ही अपनी प्रोग्रामिंग में शामिल कर रही थी. भारत में उसकी प्रोग्रामिंग से बहुत से चाहनेवाले खुश भी नहीं हैं. उनका मानना है कि 'नेटफ्लिक्स' का ओरिजिनल कंटेंट और इनोवेशन को लेकर जो प्यार है, वो भारत के लिए स्पेशली क्यूरेट हो रहे प्रोग्राम से नदारद दीखता है.
लेकिन अब सीन बदल रहा है. बांग्ला सिनेमा के बोल्ड निर्देशक Q की नई अंग्रेज़ी फिल्म 'ब्राह्मण नमन' सीधे नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ होने वाली है. तारीख है जुलाई 7. नेटफ्लिक्स पर ये एक्सक्लूसिव वर्ल्ड स्ट्रीमिंग के लिए खरीदी गई है.
कौन हैं Q ?
न्यू ऐज बांग्ला सिनेमा का सबसे चमकता नाम हैं Q, याने कौशिक मुखर्जी. इंडिपेंडेंट सिनेमा का पोस्टर बॉय. पारम्परिक सिनेमा के ढांचे से निकलकर 'आउट-ऑफ़-दि-बॉक्स' सोचने वाला निर्देशक. क्यू की बनाई 'गांडू', 'ताथेर देश' जैसी फिल्मों की ऑडियंस के एक ख़ास हिस्से में कल्ट फॉलोविंग है. उनकी डाक्यूमेंट्री 'लव इन इंडिया' भी क्लासिक है, नेशनल अवार्ड विनिंग फिल्म. Q बांग्ला कवि नवारुण भट्टाचार्य पर भी एक अंवागर्द फिल्म बना चुके हैं.
क्या है 'ब्राह्मण नमन'?
Q की नई फिल्म है 'ब्राह्मण नमन'. क्यू जैसी ही बोल्ड, अवांगर्द, मारक तीखी. 1980 का टाइम. शहर बंगलौर. तीन तरुण लड़के, जिनकी मसें भी नहीं भीगी हैं. तीन लड़के, जो क्विज़ चैम्पियन हैं, और ऑल इंडिया क्विज़ चैम्पियनशिप जीतने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन उससे भी ज्यादा जल्दी पड़ी है लड़कों को, कि कैसे अपनी वर्जिनिटी खो दें. 'तितली' वाले शशांक अरोड़ा के साथ चैतन्य वरद और तन्मय धनानिया मुख्य भूमिकाओं में हैं. साथ ही जानेमाने स्टैंड-अप कॉमिक बिस्वा कल्याण रथ भी फिल्म का हिस्सा हैं.
फिल्म का खतरनाक टीज़र ट्रेलर यहाँ देखें -
https://www.youtube.com/watch?v=VkJ6ILVaf1c

