नेहा धूपिया ने स्विगी की शिकायत की, डिलीवरी एजेंट की फोटो डाली, लोगों ने सुना दिया
कॉफी ऑर्डर की गई थी, उसका पैकेट खुल गया.

बॉलीवुड एक्टर और प्रोड्यूसर नेहा धूपिया. अच्छी एक्टिंग के लिए जानी जाती हैं. लेकिन 20 जनवरी को एक ट्वीट के कारण ट्रोल हो गईं. दरअसल नेहा ने ट्विटर पर कुछ तस्वीरों को शेयर कर फूड डिलिवरी प्लेटफॉर्म Swiggy और फास्ट फूड चेन मैकडॉनल्ड्स से शिकायत की. इन तस्वीरों में Swiggy से ऑर्डर किए हुए पैकेट दिख रहे हैं. लेकिन इनमें एक तस्वीर फूड डिलिवरी एजेंट की भी है. लोगों ने उन्हें इसी एक तस्वीर पर घेर लिया है. पूरी कहानी नीचे बताते हैं.
नेहा धूपिया ने 20 जनवरी को एक ट्वीट किया. ये ट्वीट Swiggy से एक ऑर्डर को लेकर था. मैकडॉनल्ड्स से जो कॉफी ऑर्डर की गई थी, उसका पैकेट खुल गया था. इसमें से कॉफी भी गिर गई थी. इसी पर नेहा ने लिखा,
"डियरेस्ट स्विगी और मैकडॉनल्ड्स, पैकिंग में या फिर डिलिवरी में आपकी लापरवाही है, ये तो अनसुलझा रहस्य है... लेकिन इसने मेरे स्टाफ के लंच को बर्बाद कर दिया. प्लीज थोड़ी कम लापरवाही करें...ऑर्डर दीपक ने डिलिवर किया... इस अच्छे इंसान ने मेरी नोटिस में इसे लाया... अपनी कॉफी पीने के बाद मैं काफी ठीक हूं. गेस करिये मुझे क्या नहीं मिला!!!"
इसी ट्वीट में नेहा ने डिलिवरी एजेंट की फोटो भी शेयर कर दी. डिलिवरी एजेंट की फोटो देख कई लोग नेहा से नाराज हो गए. और उन्हें बुरी तरह घेर लिया. नेहा के ट्वीट पर जितने जवाब आए, करीब सबने इसी मुद्दे को लेकर उन्हें टारगेट किया. कई लोगों ने लिखा कि उन्हें डिलिवरी बॉय की तस्वीर नहीं पोस्ट करनी चाहिए थी.
चेतना नाम की यूजर ने लिखा,
"डिलिवरी वाले की तस्वीर पोस्ट करने की जरूरत नहीं थी. गलतियां होती हैं. इसे ऐप पर कस्टमर केयर के जरिये सुलझाया जा सकता था. सेलिब्रिटी होने के नाते आपको पता है कि ऐसे पोस्ट से उस बेचारे की नौकरी जा सकती है. बहन, ये बिल्कुल शर्मनाक है."
वहीं विशू नाम के एक यूजर ने लिखा,
"लेकिन आपको डिलिवरी बॉय की फोटो नहीं पोस्ट करनी चाहिए थी. हो सकता है कि वह अपना खर्च चलाने के लिए ये जॉब कर रहा हो और नहीं चाहता हो कि लोग उसे देखें...लेकिन आप क्या ही करोगे अमीरों के चोचले हैं सब."
अरशद सागरी नाम के यूजर ने ट्वीट किया,
"200 की कॉफी के लिए क्यों दूसरों की जॉब खाने बैठी हो... स्विगी और रेस्टोरेंट क्या करेंगे. वे डिलिवरी बॉय को नौकरी से निकाल देंगे या उसकी सैलरी से पैसे काट लेंगे. बस."
इसी तरह के कई और ट्वीट हैं. उधर, Swiggy और मैकडॉनल्ड्स ने नेहा धूपिया की शिकायत पर जवाब दिया. Swiggy ने माफी मांगते हुए लिखा कि इस डिलिवरी की जांच करेगी.
पड़ताल: पठान की रिलीज़ से पहले शाहरुख खान का वीडियो वायरल लेकिन सच कुछ और निकला

