चाइनीज मांझे से BJP नेता की नाक कट गई
डॉक्टरों ने कहा- सर्जरी करनी पड़ेगी.

मध्य प्रदेश के उज्जैन (Ujjain) में चाइनीज मांझे (Chinese Manjha) से एक भाजपा नेता की नाक कट गई. इलाज के लिए वे हॉस्पिटल में एडमिट हैं. मांझे से नेता का होंठ भी कटा है. डॉक्टरों ने सर्जरी की बात कही है. इस मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है.
बाइक से जा रहे थे, चाइनीज मांझा में फंस गयाचाइनीज मांझे से घायल हुए BJP नेता का नाम है, विष्णु पोरवाल. पोरवाल भाजपा के दीनदयाल मंडल के कार्यालय मंत्री हैं. आजतक के रवीश पाल की रिपोर्ट के मुताबिक घटना शुक्रवार, 13 जनवरी की है. विष्णु पोरवाल बाइक से एक कार्यक्रम में जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में अचानक उनके चेहरे पर चाइनीज मांझा आकर फंस गया. मांझे से नेता के नाक और होंठ कट गए.
विष्णु पोरवाल को इलाज के लिए तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया. बताया जा रहा है कि वे गंभीर रूप से घायल हुए हैं. डॉक्टरों ने सर्जरी करने की बात कही है. इस मामले में उज्जैन की माधव नगर पुलिस थाने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
वहीं इंदौर की पुलिस ने चाइनीज मांझा बेचने वाले 2 व्यापारियों पर रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) के तहत कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी है. पुलिस ने कहा कि जो डोर प्रतिबंधित है, उसे बेचने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा. हाल ही में उज्जैन में चाइनीज मांझा बेचने के दो आरोपी व्यापारियों के घर बुलडोजर से गिराने की खबर आई थी. पुलिस लगातार चाइनीज मांझे की खरीद-फरोख्त करने वालों की धरपकड़ करने में जुटी हुई है.
जानलेवा साबित हो रहे चाइनीज मांझे पर प्रतिबंधचाइनीज मांझे के कारण अक्सर किसी न किसी हादसे की खबर आती है. वजह ये है कि चाइनीज मांझे में पतंग की रस्सी में शीशे के टुकड़ों को पिघलाकर लगाया जाता है. ताकि दूसरे की पतंग को आसानी से काटा जा सके. लेकिन ये 'साइंस' जानलेवा है. कई लोगों की इससे मौत तक हो चुकी है.
मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में चाइनीज मांझा बेचने और उससे पतंग उड़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. इसके बावजूद चाइनीज मांझे का इस्तेमाल बंद नहीं हो रहा है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली में सिर्फ सूती धागे से उड़ेगी पतंग, मांझा खरीदा तो लंबी जेल और भारी जुर्माना लगेगा
वीडियो: कैसे बनता है गुजरात में इतना मज़बूत मांझा?

