The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Bihar Patna Jethuli violence: Police arrested several persons as 2 person died and several others injured

बच्चा और चनारिक राय की दुश्मनी में सुलग गया पटना, जानिए जेठुली हिंसा की कहानी 8 पॉइंट में

50 राउंड गोलियां चलीं, 2 लोगों की मौत

Advertisement
pic
20 फ़रवरी 2023 (अपडेटेड: 20 फ़रवरी 2023, 07:30 PM IST)
Bihar Patna Jethuli violence latest news
पटना हिंसा की तस्वीरें (इंडिया टुडे/ANI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

बिहार (Bihar) के पटना (Patna) में दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद अब गहराता जा रहा है. जेठुली (Jethuli) इलाके में पार्किंग को लेकर शुरू हुई कहासुनी खूनी खेल में बदल गई. 50 राउंड गोलियां चलीं. 2 लोगों की मौत हो गई. विवाद की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं. क्या था पूरा मामला? कैसे विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया? शुरू से लेकर अब तक पूरा मामला 8 पॉइंट्स में जानते हैं.

1. पटना के जेठुली इलाके में रविवार, 19 फरवरी को पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई. झड़प के बाद दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर जमकर फायरिंग की.

2. रिपोर्ट्स के मुताबिक बच्चा राय और चनारिक राय के बीच पुरानी दुश्मनी थी. दोनों में पंचायत चुनाव के दौरान भी रंजिश देखने को मिली थी. यही नहीं, दोनों के बीच जमीन विवाद भी है. ये जमीन सड़क किनारे है जिसकी कीमत तकरीबन तीन करोड़ रुपये बताई जाती है. दोनों पक्षों का इस जमीन पर दावा है.

3. आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक इस विवादित जमीन पर फिलहाल बच्चा राय का कब्जा है. रविवार के दिन बच्चा राय ने जमीन के पास गिट्टी गिराई थी, इसके तुरंत बाद चानरिक राय वहां पहुंचे और अपनी गाड़ी पार्किंग में लगाने लगे. इसी को लेकर विवाद गहरा गया.

4. दोनों गुटों में शुरू हुई हिंसा पूरे इलाके में फैल गई. फायरिंग भी शुरू हो गई. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बच्चा राय के समर्थकों की तरफ से की गई फायरिंग में दूसरे गुट के दो लोगों की मौत हो गई. 5 लोग इस फायरिंग में घायल भी हो गए. जिसके बाद हिंसा की आग पूरे इलाके में फैल गई. गुस्साए लोगों ने कई गाड़ियों को भी आग लगा दी.

5. दोपहर से शुरू हुई हिंसा देर रात तक चलती रही. आक्रोशित लोगों ने बच्चा राय के मैरिज हॉल को आग लगा दी. यहां तक लोगों ने बच्चा राय के भाई के घर को भी आग के हवाले कर दिया. इलाके में स्थित एक फैक्ट्री और कई गाड़ियों में भी आग लगा दी गई. घटना के लगभग आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची. लोगों ने पुलिस पर भी पथराव शुरू कर दिया.

6. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस वक्त जेठुली में ये हिंसा हो रही थी, उस वक्त बिहार की राजधानी पटना में DGP क्राइम व्यवस्था को लेकर पुलिस के अधिकारियों के साथ एक बैठक कर रहे थे. ये मीटिंग कानून व्यवस्था को लेकर चल रही थी. उधर जेठुली में कानून व्यवस्था का हाल बेहाल था. आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक ज्यादातर पुलिस अधिकारी इस मीटिंग में मौजूद थे, इसकी वजह से हिंसा और तेजी से फैल गई.

7. जेठुली हिंसा मामले में पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. बच्चा राय और समेत 7 लोगों की गिरफ्तारी हुई है. भारी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है. इलाके में धारा 144 लगा दी गई है. पुलिस स्थानीय लोगों से घर से नहीं निकलने की अपील कर रही है. साथ ही उपद्रवियों की तलाश में छापेमारी अभियान चला रही है.

8. जेठुली हिंसा के बाद राज्य में राजनीति भी शुरू हो गई है. बीजेपी नेता सुशील मोदी ने जेठुली में हुई हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कई आरोप लगाए हैं. सुशील मोदी ने कहा कि नीतीश ने RJD से हाथ मिलाकर जुर्म और भ्रष्टाचार से समझौता कर लिया है. उनके मुताबिक हिंसा में शामिल सभी लोग RJD से जुड़े हुए हैं.

वीडियो: जुनैद-नासिर को जिंदा जलाने का आरोप जिस मोनू मानेसर पर लगा, वो कौन है?

Advertisement

Advertisement

()