The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Bihar munger flood water enters inside school teachers seen working roadside

बिहार के स्कूल में घुसा बाढ़ का पानी, 'हाजिरी लगाने' के लिए NH पर बैठ गए शिक्षक

स्कूल में लगभग चार से पांच फीट तक बाढ़ का पानी जमा हो गया. इस कारण स्कूल में प्रिंसिपल और शिक्षकों ने स्कूल के सभी बच्चों की छुट्टी कर दी थी. लेकिन हाजिरी लगाने के लिए खुद कुर्सी लगाकर रोड पर बैठ गए.

Advertisement
pic
20 सितंबर 2024 (पब्लिश्ड: 07:23 PM IST)
Bihar munger flood water enters inside school teachers seen working roadside
19 सितंबर की सुबह मुंगेर के जमालपुर प्रखंड में बने प्राथमिक विद्यालय में बाढ़ का पानी घुस गया. (फोटो- इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

बिहार में इन दिनों बारिश के कारण कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात हैं. बाढ़ के कारण कई जिलों में आम लोगों के कामकाज पर असर पड़ा है. मुंगेर में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया है. जिले के पांच प्रखंडों में बने 51 स्कूलों में बाढ़ का पानी घुस गया है. इस कारण स्कूली बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है. इस बीच मुंगेर जिले से एक तस्वीर सामने आई, जहां शिक्षक स्कूल में पानी भरने के कारण सड़क किनारे बैठकर ही अपना काम करने लगे.

चार-पांच फीट पानी घुसा

इंडिया टु़डे से जुड़े गोविंद कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक, 19 सितंबर की सुबह मुंगेर के जमालपुर प्रखंड में बने प्राथमिक विद्यालय में बाढ़ का पानी स्कूल में घुस गया. स्कूल में लगभग चार से पांच फीट तक बाढ़ का पानी जमा हो गया. इस कारण स्कूल में प्रिंसिपल ने स्कूल के सभी बच्चों की छुट्टी कर दी. लेकिन स्कूल के प्रभारी प्रिंसिपल प्रभात रंजन, शिक्षक प्रेम कुमार और प्रशांत कुमार स्कूल के सामने बने बरियारपुर-मुंगेर मुख्य मार्ग पर (NH-80) पर टेबल-कुर्सी लगाकर अपना काम करने लगे.

शिक्षकों की कई फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. इस पर प्रिंसिपल ने बताया,

“हमारे स्कूल में बाढ़ का पानी घुस गया है. हम लोग यहां रोड पर बैठे हुए हैं, ताकि हम लोग ऑनलाइन हाजिरी लगा सके. हम लोग विद्यालय के आसपास कहीं जा भी नहीं सकते हैं और विभाग के आदेश का पालन कर रहे हैं. विभागीय काम को सड़क पर बैठकर करना पड़ रहा है.”

ll
सड़क पर कुर्सी लगाकर बैठे शिक्षक.

मामले की सूचना शिक्षा विभाग को दी गई. जिला शिक्षा पदाधिकारी मोहम्मद असगर अली ने मीडिया को बताया कि इसकी सूचना विभाग को भेज दी गई है. बाढ़ का पानी जिले के कई विद्यालय में घुस गया है. अधिकारी ने बताया कि जैसे ही इसको लेकर आदेश आएगा, इसके बारे में सूचित किया जाएगा.

वीडियो: बिहार में दबंगों ने दलित बस्ती में लगाई आग, विपक्ष ने सरकार को घेरा

Advertisement

Advertisement

()