The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Begusarai Police viral video people accuse them of stealing woods sp refutes allegations

VIDEO: क्या बेगूसराय पुलिस ने दुकान में घुसकर लकड़ी चुरा ली?

वीडियो वायरल होने के बाद बेगूसराय पुलिस ने सफाई दी है.

Advertisement
pic
4 जनवरी 2023 (अपडेटेड: 4 जनवरी 2023, 06:49 PM IST)
Begusarai Police Video viral stealing woods
बेगूसराय पुलिस का CCTV वीडियो वायरल (फोटो- वीडियो स्क्रीनशॉट/आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

"हमलोग दिन-रात मेहनत करके पैसे कमाते हैं, लेकिन देखिए पुलिसवाले हमारी लकड़ी चुरा रहे हैं. इन्हें रात में लोगों की सुरक्षा के लिए भेजा जाता है लेकिन ये खुद चोरी कर रहे हैं."

बिहार में 4 जनवरी को दिन भर एक वीडियो वायरल हुआ. इसी वीडियो में एक व्यक्ति पुलिस पर आरोप लगा रहा है. वीडियो में क्या है, वो बताते हैं. यह वीडियो बिहार के बेगूसराय का है. एक दुकान के आगे पुलिस की गाड़ी रुकती है. गाड़ी से एक पुलिसवाला निकलता है. वही पुलिसकर्मी एक दुकान से कुछ लकड़ी उठाकर पुलिस वैन में डाल लेता है. फिर पुलिस की गाड़ी वहां से निकल जाती है.

आज तक से जुड़े सौरभ कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक, ये वायरल वीडियो बेगूसराय के बखरी बाजार का है. वीडियो 3 जनवरी की रात साढ़े नौ बजे का है. इसी वीडियो के बैकग्राउंड में एक कमेंट्री चल रही है, जिसमें एक व्यक्ति पुलिस पर लकड़ी चोरी का आरोप लगा रहा है. व्यक्ति कह रहा है, 

"पुलिसवाले हमारी लकड़ी चोरी कर रहे हैं. गाड़ी में रख रहे हैं. ये चोर है या पुलिस? लाल बत्ती गाड़ी से निकलकर चोरी हो रही है. यहां लोग 112 नंबर पर कॉल के लिए सुरक्षा मांगते हैं. लेकिन वही पुलिस यहां घूमकर चोरी कर रही है."

पुलिस ने क्या सफाई दी?

बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक (SP) योगेंद्र कुमार ने वीडियो वायरल होने के बाद इसका खंडन किया है. एसपी के मुताबिक वीडियो को गलत तरीके से वायरल किया जा रहा है. योगेंद्र कुमार ने बताया, 

"इस मामले की जांच बखरी SDPO से कराई गई. जो दावा किया गया, वो गलत है. ये दुकान महेश्वर शर्मा की है. पुलिस ने उनसे बातचीत की है. महेश्वर शर्मा ने जांच में बताया कि उन्होंने अपनी मर्जी से 280 रुपये लेकर पुलिस को लकड़ी बेची है. उन्होंने पुलिस को बिल भी दिया था. थाने के पास एक फंड होता है जिससे रोजमर्रा की चीजों को पुलिस खरीदती है. थाने के रजिस्टर में भी इस खर्चे को दर्ज किया गया है."

एसपी ने आगे बताया कि जांच में यह भी पता चला कि वीडियो में जिस व्यक्ति की आवाज है वो दुकानदार महेश्वर शर्मा का बेटा ललित शर्मा है. चूंकि ललित पर पहले से चार केस दर्ज हैं. पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है. एसपी के दावे के मुताबिक, इसलिए पुलिस से बदला लेने और बदनाम करने के लिए उसने गलत तथ्यों के साथ वीडियो को वायरल कर दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी ललित शर्मा के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी.

पुलिस ने लकड़ी खरीदने का दावा जरूर किया है. हालांकि वायरल वीडियो में पुलिस के अलावा वहां कोई और व्यक्ति नजर नहीं आ रहा है. आसपास की दुकानें बंद हैं. जिस दुकान के आगे से पुलिस वाले लकड़ी उठा रहे हैं, वहां भी उनके अलावा कोई व्यक्ति नहीं दिख रहा है.

मामले में बिहार पुलिस मुख्यालय ने भी एक बयान जारी किया कि वीडियो को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. इसलिए भ्रामक जानकारी को प्रसारित ना करें.

वीडियो: बिहार के नए डीजीपी राजविंदर सिंह भट्टी का वीडियो वायरल, पुलिस को अपराधियों पर दिया ये टारगेट

Advertisement

Advertisement

()