Bahraich: छठवां भेड़िया अब और खतरनाक, 11 साल की दो बच्चियों पर किया देर रात हमला
Wolf attacked 11 year olds girl: 10 सितंबर को मादा भेड़िये को पकड़ा गया था, इसके बाद रात में नर भेड़िये ने हमला किया है.

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बहराइच में अपने पांच साथियों के पकड़े जाने के बाद भी एक आदमखोर भेड़िया नहीं मान रहा. बताया जाता है कि जो एक भेड़िया वन विभाग की टीम से अब तक बचा हुआ है, वही सबसे ज़्यादा ख़तरनाक है. अब इसी भेड़िये ने फिर दो गांवोंं में दो 11-11 साल की बच्चियों पर हमला कर दिया है. इस हमले में दोनों बच्चियां घायल हो गईं, उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. ये हमला ऐसे समय हुआ, जब बीते दिन यानी 10 सितंबर को ही एक भेड़िया पकड़ा गया था.
वन विभाग की टीम ने बताया कि 10 सितंबर की रात भेड़िये ने गदेरन पूर्वा गांव की सुमन पर हमला किया. इस हमले में सुमन घायल हो गई. उसे बहराइच के ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, इसके बाद भेड़िये ने खैरीघाट की शिवानी को अपना शिकार बना लिया. घायल शिवानी को महसी तहसील के CHC में एडमिट किया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, जब झुंड से कोई साथी भेड़िया पकड़ा जाता है, तो ये भेड़िये और ख़तरनाक हो जाते हैं. ऐसे में वो ज़्यादा आक्रामक होने लगते हैं.
कहा जा रहा है कि इस मामले में भी ऐसा ही हुआ है. 10 सितंबर को मादा भेड़िये को पकड़ा गया था, इसके बाद रात में नर भेड़िये ने हमला किया है. बताते चलें, 10 सितंबर को वन विभाग की टीम ने 6 भेड़ियों के झुंड से पांचवां भेड़िया पकड़ा था. फ़ॉरेस्ट रेंज के अफ़सर शाकिब ने बताया था भेड़िये के पैरों के निशान के ज़रिए उस तक पहुंचा गया. DFO अजीत सिंह ने बताया था,
अब झुंड के आख़िरी भेड़िये को पकड़ा जाना बाक़ी है. वो लंगड़ा है, उसे भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें - गुड़िया, बच्चे, पेशाब..., ऐसे पकड़े जा रहे आदमखोर भेड़िये
भेड़िये अब तक कम से कम 10 लोगों की जान ले चुके हैं. वहीं, 40 लोगों को घायल भी कर चुके हैं. बता दें, भेड़ियों के हमले से सात मौतें 17 जुलाई से 2 सितंबर के बीच 47 दिनों के अंदर हुई है. हालांकि, वन विभाग की टीम ने 5 भेड़ियों को पकड़ लिया गया है. अब ये छठवां ‘लंगड़ा भेड़िया’ पकड़ा जाना है.
वीडियो: वन निगम के महाप्रबंधक ने बताया,क्यों हो रहा भेड़िया आदमखोर?

