The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Ayushman Bharat scheme to cover senior citizens above 70

आयुष्मान भारत योजना में बड़ा बदलाव, 70 साल से ऊपर की उम्र के लोग भी शामिल होंगे

वर्तमान में आयुष्मान भारत योजना के तहत एलिजिबल परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है.

Advertisement
pic
11 सितंबर 2024 (अपडेटेड: 11 सितंबर 2024, 10:16 PM IST)
Ayushman Bharat scheme to cover senior citizens above 70
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) में 70 साल या उससे ऊपर के लोगों को शामिल किया जाएगा. (फोटो- PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 सितंबर को कैबिनेट की बैठक में बड़ा फैसला लिया गया. अब आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) में 70 साल से ऊपर के नागरिकों को भी शामिल किया जाएगा. लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने अपने मेनिफेस्टो में ये वादा किया था. वर्तमान में आयुष्मान भारत योजना के तहत एलिजिबल परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है. इसके लिए लाभार्थियों की अधिकतम उम्र 70 साल होने की शर्त थी, जिसे अब हटा दिया गया है.

कैबिनेट के इस फैसले के बाद योजना के अंतर्गत 6 करोड़ वरिष्ठ नागरिकों सहित लगभग साढ़े 4 करोड़ परिवार कवर होंगे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार योजना के लिए पात्र वरिष्ठ नागरिकों को AB PM-JAY के तहत एक अलग कार्ड जारी किया जाएगा.

योजना में पहले से ही कवर किए गए परिवारों से जुड़े 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों को अब प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का अतिरिक्त टॉप-अप कवर मिलेगा. ये राशि उन्हें परिवार के 70 वर्ष से कम आयु के अन्य सदस्यों के साथ साझा नहीं करनी होगी.

गौरतलब है कि बीते दिनों राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद में अपने अभिभाषण के दौरान भी इस मुद्दे का जिक्र किया था. उन्होंने कहा था कि अब 70 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों को भी आयुष्मान भारत की सुविधाएं मिलेंगी. फिलहाल 55 लाख लाभार्थियों को आयुष्मान भारत की निशुल्क सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.

बता दें कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति के तहत केंद्र सरकार ने साल 2017 में ये योजना शुरू की थी. हालांकि पश्चिम बंगाल सहित कई अन्य राज्य इस योजना को मानने से इनकार कर रहे हैं और ये अपनी योजनाएं चला रहे हैं. आयुष्मान भारत योजना के तहत देश भर के चिह्नित सरकारी और निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज करवाया जा सकता है. भर्ती होने के 10 दिन पहले और बाद के इलाज का खर्च भी इस योजना के तहत रीइंबर्स कराया जा सकता है.

वीडियो: खर्चा पानी: आयुष्मान भारत में क्या बड़े सुधार करने जा रही मोदी सरकार?

Advertisement

Advertisement

()