क्रेडिट कार्ड से लेकर रसोई गैस और CNG की कीमतों तक, जाने ये पांच बदलाव आपकी जेब पर कितना असर डालेंगे
अगस्त के महीने में पैसों से जुड़े कुछ नियमों में बदलाव होने जा रहा है. इनमें HDFC बैंक के क्रेडिट कार्ड के नियमों में बदलाव से लेकर LPG गैस सिलेंडर की कीमतें तक शामिल हैं. ये वो बदलाव हैं जो 1 अगस्त से लागू होंगे और आपकी जेब पर असर डालेंगे.
.webp?width=210)
जुलाई का महीना खत्म होने जा रहा है. अगस्त की शुरुआत में महज दो दिन का समय बाकी है. 1 अगस्त से आपकी जरूरत से जुड़े कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे. इन बदलावों का असर आपके खर्चों पर पड़ेगा. जैसे आपके घर की रसोई महंगी या सस्ती हो सकती है. कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें घट या बढ़ सकती हैं. अगर आप HDFC का क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं तो आपको कुछ नियम कायदों का जानना जरूरी है. आइए ऐसे ही 5 बड़े बदलावों के बारे में जानते हैं. सबसे पहले बात करते हैं HDFC बैंक क्रेडिट कार्ड के नियमों की.
HDFC बैंक क्रेडिट कार्ड के नियम बदले
भारत के सबसे बड़े निजी क्षेत्र के बैंक, HDFC बैंक ने अपने क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए कुछ शर्तों में संशोधन किया है. नए नियम 1 अगस्त से लागू होंगे. अगर थर्ड पार्टी पेमेंट ऐप जैसे कि क्रेड, पेटीएम, चेक, मोबिक्विक, फ्रीचार्ज और दूसरे माध्यमों से HDFC क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करके बकाया चुकाया तो अब लेनदेन राशि पर 1% शुल्क लगेगा. यह चार्ज हर लेनदेन पर अधिकतम 3,000 रुपये तक हो सकता है. इसी तरह से पढ़ाई लिखाई से जुड़े ट्रांजैक्शन पर 1% शुल्क लगेगा. जैसे कि आप स्कूल की फीस चुकाते हैं या कोचिंग संस्थान की फीस चुकाते समय HDFC क्रेडिट कार्ड का उपयोग करते समय थर्ड पार्टी ऐप का इस्तेमाल करते हैं तो यह चार्ज लगेगा. हालांकि, कॉलेज या स्कूल की वेबसाइट या उनकी पीओएस मशीनों के माध्यम से HDFC क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करके लेनदेन करने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा.
वहीं कंज्यूमर क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करके यूटिलिटी सर्विसेज पर प्रति लेनदेन 50,000 रुपये से अधिक खर्च करने पर 1% शुल्क लगेगा. बिजनेस कार्ड के लिए यह सीमा 75,000 रुपये है. इसी तरह अगर आप कंज्यूमर क्रेडिट कार्ड के जरिये गाड़ी में पेट्रोल या डीजल डलवाते हैं तो हर लेनदेन पर 15,000 से अधिक खर्च करने पर 1 परसेंट चार्ज लगेगा.
रसोई गैस के दामों में हो सकता है बदलाव
एक अगस्त से दूसरा बड़ा बदलाव आपकी रसोई गैस की कीमतों में देखने को मिल सकता है. LPG गैस सिलेंडर की कीमतें हर महीने की पहली तारीख को तय होती हैं जिसका असर हर किसी के किचन खर्च पर पड़ता है. जुलाई में सरकार ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत घटाई थी और संभावना है कि अगस्त में घरेलू LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में और कमी आएगी. 1 अगस्त 2024 को सुबह छह बजे से संशोधित दाम जारी किए जा सकते हैं. जुलाई महीने की पहली तारीख को कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत राजधानी दिल्ली में 30 रुपये कम की गई थी. ऐसे में इस बार लोगों को घरेलू सिलेंडर की कीमतों में राहत की उम्मीद है.
सस्ती हो सकती है CNG, PNG और हवाई ईंधन
एक अगस्त से तीसरा बदलाव हवाई ईंधन, सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में देखने को मिल सकता है. आमतौर पर ऑयल मार्केटिंग कंपनियां रसोई गैस और पेट्रोल डीजल के दाम संशोधित करती हैं. इसी तरह से ये कंपनियां हवाई ईंधन यानी एयर टर्बाइन फ्यूल और सीएनजी-पीएनजी के दामों में भी बदलाव करती हैं. माना जा रहा है कि आगामी 1 अगस्त को तेल कंपनियां फिर से कीमतों में बदलाव कर सकती हैं. बता दें कि इससे पहले इसी साल अप्रैल महीने में एटीएफ की कीमतों में कटौती की गई थी. हवाई ईंधन की कीमतों में बदलावों का असर एयरलाइंस के किराये पर पड़ता है. अगर एटीएफ सस्ता होता है तो एयरलाइंस कंपनियां कई बार किराया सस्ता कर देती हैं. वहीं एटीएफ के दाम बढ़ने पर एयरलाइंस अपना किराया बढ़ा भी देती हैं.
गूगल मैप्स ने नियमों में किया बदलाव
गूगल मैप्स ने भारत में अपने नियमों में बदलाव किया है जो 1 अगस्त से लागू होंगे. कंपनी ने भारत में अपनी सेवाओं के लिए शुल्क में 70 परसेंट तक की कटौती की है. इसके अलावा अब गूगल अपनी मैप सर्विस का पेमेंट डॉलर की जगह भारतीय रुपये में भी लेगा. आप सोच रहे होंगे कि जब गूगल मैप की सेवाएं आपको तो पहले से मुफ्त मिल रही हैं तो कटौती किस बात की हो रही है? तो हम आपको बता दें कि गूगल मैप का इस्तेमाल आम लोगों के लिए फ्री है. लेकिन अगर इसका इस्तेमाल किसी बिजनेस के लिए किया जाता है तो इसके लिए चार्ज लिया जाता है.
बैंकों में अगस्त महीने में 13 दिन छुट्टी
पांचवां बदलाव भी आपके बेहद काम आने वाला है. ये बदलाव बैंकों में छुट्टियों से संबधित है. इसलिए अगस्त महीने में अगर बैंक से जुड़ा कोई काम हो, तो घर से निकलने से पहले भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी बैंक हॉलिडे लिस्ट पर नजर डालकर ही निकलें. RBI की तरफ से जारी अगस्त के बैंक हॉलीडे लिस्ट के मुताबिक, पूरे महीने में 13 दिन बैंकों में काम-काज नहीं होगा. इसकी वजह ये है कि अगले महीने कई त्योहार पड़ रहे हैं. जैसे रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और स्वतंत्रता दिवस. इन मौकों पर बैंकों में अवकाश रहेगा. इसके साथ ही इन छुट्टियों के अलावा दूसरे व चौथे शनिवार को भी बैंक बंद रहेंगे और रविवार को हमेशा की तरह साप्ताहिक छुट्टियां भी रहेंगी.
ये भी पढ़ें - एक रुपये के हिसाब से समझिए सरकार का खर्चा-पानी माने कि बजट
शेयर मार्केट का ताजा हाल चाल
अब शेयर मार्केट का ताजा हालचाल जान लेते हैं..शेयर मार्केट के लिहाज से इस हफ्ते की शुरुआत काफी शानदार रही. 29 जुलाई को शेयर मार्केट ने नया रिकॉर्ड बनाया. पहली बार सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गए. हालांकि बाद में प्रॉफिटबुकिंग के बाद दोनों सूचंकाक सपाट बंद हुए. लेकिन 29 जुलाई को आई जोरदार तेजी के कारण शेयर मार्केट में पैसा लगाने वालों लोगों की मौज आ गई और उनकी कुल संपत्ति 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ गई .
शुरुआत में जोरदार तेजी के बाद 29 जुलाई को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी BSE का सेंसेक्स 23 अंक चढ़कर 81 हजार 356 अंक के आसपास बंद हुआ . इसी तरह 50 शेयरों वाला निफ्टी मामूली बढत के साथ 24 हजार 836 अंक पर बंद हुआ.
सेंसेक्स के शेयरों में लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारतीय स्टेट बैंक, इंडसइंड बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और सन फार्मा प्रमुख रूप से फायदे में रहे. दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में भारती एयरटेल, टाइटन, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, टेक महिंद्रा और HDFC बैंक शामिल हैं.
वीडियो: खर्चा पानीः 1 अगस्त से बदल जाएंगे ये नियम!


