The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • atique ahmed son asad mohammad encounter up government comment

'मिट्टी में मिला दिया...', असद के एनकाउंटर पर सरकार के मंत्री क्या बोल रहे?

'ऐसे लोगों को पाताल से भी ढूंढ निकालेंगे'

Advertisement
pic
13 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 13 अप्रैल 2023, 02:15 PM IST)
Asad Atique Ahmed
असद, अतीक अहमद का बेटा है (फोटो सोर्स- आज तक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

माफिया अतीक अहमद का बेटा असद अहमद यूपी एसटीएफ (UP STF) के एनकाउंटर में मार दिया गया है. (Atiq Ahmed Son Asad Killed in Encounter). असद और उसके साथ एक साथी शूटर गुलाम का एनकाउंटर भी यूपी पुलिस (UP Police) की स्पेशल टास्क फ़ोर्स टीम ने किया है. उमेश पाल मर्डर केस में असद आरोपी था. एनकाउंटर के बाद यूपी पुलिस और सरकार की तरफ से बयान आए हैं. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पुलिस को बधाई देते हुए कहा है कि ऐसे लोगों को पाताल से भी ढूंढ निकालेंगे. 

मौर्य ने आगे कहा,

" ये एनकाउंटर प्रयागराज की जनता और यूपी की जनता के लिए सुकून का संदेश है. ये नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है. मैं पूरी एसटीएफ टीम को बधाई देता हूं. मैं फिर इस बात को दोहरा रहा हूं कि जो किसी की हत्या करेगा उसे कानून के हिसाब से फांसी के फंदे पर चढ़ना सुनिश्चित है. एसटीएफ लगातार खोज रही थी. आज एक बड़ी मुठभेड़ में हमारी पुलिस और एसटीएफ के जवानों ने दोनों हत्यारों को (असद और गुलाम) मार गिराया. एनकाउंटर से प्रयागराज और पूरे प्रदेश में खुशी है. आज ये मिट्टी में मिल गए. अगर पकड़कर आते तो इन्हें फांसी होती. ऐसे अपराधियों को कोई देखना नहीं चाहता है."

मौर्य ने आगे कहा,

“पुलिस ने लगातार परिश्रम किया. उसका परिणाम है कि मुख्य अभियुक्तों में से एक अतीक का बेटा और दूसरा उसका साथी मुठभेड़ में ढेर होने की खबरें आ रही हैं. मैं मानता हूं कि अपराध करने वाले ये देखें कि असद का बाप कोर्ट के कठघरे में खड़ा है, चच्चा कोर्ट के कठघरे में खड़ा है. ऐसा अपराधी ढेर पड़ा है. जो इस प्रकार का अपराध करेगा, उसे यह समझना पड़ेगा कि अब यूपी में अपराध करने की जगह नहीं है.”

उमेश पाल हत्याकांड

24 फरवरी को दिनदहाड़े प्रयागराज में राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की हत्या कर दी गई थी. उमेश पाल अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी गली के बाहर कार से उतरते वक्त उमेश पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी. बम भी फेंके गए. हमले में उमेश पाल के साथ-साथ उनके दो गनर्स की भी मौत हो गई थी. उमेश पाल की पत्नी ने इस मामले में अतीक, उसके भाई अशरफ और बेटे समेत 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया. प्रयागराज पुलिस इस मामले में अतीक के बेटे असद समेत पांच शूटरों की तलाश में जुटी है.

इस हत्याकांड से पहले भी असद चर्चा में रहा है. आरोप है कि असद नाबालिग होते हुए स्कॉर्पियो चलाकर स्कूल गया था. साथ ही साल 2016 में जब वो महज नौ साल का था, तब उसने एक शादी समारोह में हर्ष फायरिंग भी की थी. असद लखनऊ की एमिटी यूनिवर्सिटी से लॉ की पढ़ाई कर रहा था.

वीडियो: 'पैसे का ऑफर दिया' अतीक अहमद मामले में सरकारी वकील ने कोर्ट में अंदर-बाहर के सारे राज खोल दिए

Advertisement

Advertisement

()