अतीक की फरार पत्नी शाइस्ता 10 हजार करोड़ की प्रॉपर्टी के साथ बड़ा खेल कर रही है
फरार शाइस्ता बड़ा प्लान बना रही है. पुलिस की पहुंच से दूर है.
.webp?width=210)
माफिया अतीक अहमद (Atique Ahmad) और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल को हत्या कर दी गई थी. हत्या के बाद से पुलिस को अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन (Shaista Parveen) की तलाश है. पुलिस की टीमें शाइस्ता की तलाश में कई जगह छापेमारी कर रही हैं. इस बीच खबरें आई हैं कि अतीक की पत्नी शाइस्ता अब अतीक का कारोबार और साम्राज्य समेटने में लगी हुई है. इसके साथ ही शाइस्ता वकीलों की फीस और अन्य खर्चों के लिए करीबियों से फंड जुटा रही है.
आजतक के संवाददाता आशीष श्रीवास्तव की रिपोर्ट के मुताबिक, शाइस्ता परवीन अतीक की संपत्ति अपने नाम कराने में लगी है. यूपी STF को मिली जानकारी के अनुसार, अतीक की पत्नी अतीक के नाम दर्ज कंपनियों और संपत्तियों को अपने कब्जे में ले रही है. फरार होने के बावजूद शाइस्ता अपने चार्टेड अकाउंटेंट के संपर्क में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अतीक की संपत्ति का आकलन 10 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का लगाया गया है.
मामले की जांच कर रही एजेंसियों ने कई बैंक अकाउंट से पैसे का मूवमेंट ट्रेस किया है. ये अकाउंट शाइस्ता और अतीक के करीबियों से जुड़े हुए हैं. पुलिस का कहना है कि शाइस्ता अपने करीबियों और उन बिल्डरों से संपर्क में है, जिनके अतीक से संबंध थे.
सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश पुलिस शाइस्ता के चार्टेड अकाउंटेंट की तलाश भी कर रही है. ऐसी जानकारी भी मिली है कि यही CA अतीक और अशरफ की प्रॉपर्टी और बिजनेस का रिकॉर्ड संभालता था. इसी CA की मदद से शाइस्ता संपत्तियां अपने नाम करवा रही है.
फरार है गुड्डू मुस्लिमरिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को बमबाज गुड्डू मुस्लिम की लोकेशन के बारे में भी जानकारी मिली है. गुड्डू मुस्लिम को आखिरी बार ओडिशा और छत्तीसगढ़ में देखा गया है. इतना ही नहीं, उसने पुलिस से बचने के लिए और अपनी पहचान छिपाने के लिए दाढ़ी भी बढ़ा ली है.
पुलिस की टीम ने ओडिशा के बारगढ़ इलाके से राजा नाम के युवक को हिरासत में लिया है. पूछताछ में उसने बताया कि गुड्डू ने पुलिस से बचने के लिए दाढ़ी बढ़ाई है. गुड्डू मुस्लिम झांसी, नासिक और पुणे के बाद ओडिशा पहुंचा था. रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद वो छत्तीसगढ़ भाग गया.
इधर, यूपी STF के ADG अमिताभ यश ने कहा है अतीक की पत्नी शाइस्ता जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगी. शाइस्ता की तलाश में लगी STF की टीम ने आजतक को बताया कि फरार महिला आरोपी की लोकेशन प्रयागराज के अलग-अलग इलाकों में ही मिल रही है. 50 हजार रुपये की इनामी शाइस्ता लगातार अपने ठिकाने बदल रही है. इससे पहले शाइस्ता की लोकेशन धूमनगंज इलाके में मिली थी. लेकिन जब तक पुलिस वहीं पहुंची, वो भाग चुकी थी.
वीडियो: अतीक अहमद की हत्या के बाद पहली बार कैमरे पर उमेश पाल की पत्नी क्यों रो पड़ीं?

.webp?width=60)

