The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Asaduddin Owaisi says Jai Palestine in parliament during oath taking

असदुद्दीन ओवैसी संसद में शपथ लेते ही बोले, 'जय फिलिस्तीन', अमित शाह को लिखी गई चिट्ठी

प्रोटेम स्पीकर ने असदुद्दीन ओवैसी को लोकसभा के सदस्य के रूप में शपथ लेने के लिए बुलाया. उन्होंने 'बिस्मिल्लाह' कह कर सांसदी की शपथ ली. ओवैसी की शपथ का वीडियो भी है. इसमें उन्हें शपथ के ठीक बाद ये कहते सुना जा सकता है, “जय भीम, जय मीम, जय तेलंगाना, जय फिलिस्तीन. तकबीर… अल्लाह हू अकबर.”

Advertisement
pic
25 जून 2024 (अपडेटेड: 25 जून 2024, 05:49 PM IST)
Asaduddin Owaisi (Photo-Sansad TV)
असदुद्दीन ओवैसी. (फोटो-संसद टीवी)
Quick AI Highlights
Click here to view more

संसद में जारी सांसदों का शपश कार्यक्रम AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की वजह से फिर चर्चा में है. 25 जून को 18वीं लोकसभा के पहले सत्र के दूसरे दिन असदुद्दीन ओवैसी ने संसद सदस्य के रूप में शपथ ली. शपथ लेने के बाद उन्होंने हमेशा की तरह ‘जय भीम, जय मीम’ कहा. लेकिन इस बार साथ में 'जय फिलिस्तीन' भी कहा (Asaduddin Owaisi Jai Palestine). हालांकि प्रोटेम स्पीकर ने इस शब्द को संसद की कार्यवाही से हटा दिया है.
 

प्रोटेम स्पीकर ने असदुद्दीन ओवैसी को लोकसभा के सदस्य के रूप में शपथ लेने के लिए बुलाया. उन्होंने 'बिस्मिल्लाह' कह कर सांसदी की शपथ ली. ओवैसी की शपथ का वीडियो भी है. इसमें उन्हें शपथ के ठीक बाद ये कहते सुना जा सकता है,

“जय भीम, जय मीम, जय तेलंगाना, जय फिलिस्तीन. तकबीर… अल्लाह हू अकबर.”

इसे लेकर संसद में भाजपा सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया. इंडिया टुडे/आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक केंद्रीय मंत्री शोभा करांदलाजे ने स्पीकर और अमित शाह को खत लिख कर कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि ओवैसी दुबारा शपथ लें.  हंगामे के बीच ओवैसी की शपथ के अलावा उनके द्वारा लगाए गए नारों और जिन शब्दों पर आपत्ति जताई गई उन्हें रिकॉर्ड से हटा दिया गया है. 

एक और केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने ओवैसी के शपथ पर मीडिया से बात करते हुए कहा, 

"आज AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने संसद में ‘जय फिलिस्तीन’ का जो नारा दिया है वह बिल्कुल गलत है. यह सदन के नियम के खिलाफ है. ये भारत में रहकर भारत माता को जय नहीं बोलते. लोगों को समझना चाहिए कि ये देश में रहकर असंवैधानिक कार्य करते हैं."

मामले पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू का भी बयान आया है. उन्होंने कहा, 

"फिलिस्तीन या किसी अन्य देश से हमारी कोई दुश्मनी नहीं है. लेकिन, क्या शपथ लेते समय किसी सदस्य के लिए दूसरे देश का नाम लेकर नारा लगाना उचित है. इसके लिए हमें नियमों की जांच करनी होगी. कई सदस्यों ने इस पर आपत्ति जताई है."

वहीं, जब असदुद्दीन ओवैसी से मीडिया ने शपथ के बाद लगाए गए नारे पर सवाल किया तो उन्होंने कहा, 

"किसने क्या कहा, क्या नहीं कहा, सब आपके सामने है. सभी सदस्य बहुत सारी बातें कह रहे हैं . मैंने कहा "जय भीम, जय मीम, जय तेलंगाना, जय फिलिस्तीन". यह संविधान के खिलाफ कैसे है? संविधान में प्रावधान दिखाएं."

शपथ की बात करें तो ओवैसी ने उर्दू में संसद सदस्य के तौर पर शपथ ली. जब पीठ की तरफ से उनका नाम पुकारा गया तो सदन में 'भारत माता की जय' के नारे लगे. कुछ सांसदों ने ‘जय श्रीराम’ के नारे भी लगाए गए.

असदुद्दीन ओवैसी ने हैदराबाद लोकसभा सीट से लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज की है. उनको इस बार कुल 6 लाख 61,981 वोट मिले. उन्होंने बीजेपी की माधवी लता को 3 लाख 38,087 वोटों से हराया. ओवैसी पहली बार 2004 में हैदराबाद लोकसभा सीट से ही चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे.

वीडियो: पहली बार संसद पहुंची इकरा हसन, अखिलेश और डिंपल से बातचीत का वीडियो वायरल

Advertisement

Advertisement

()