अतीक-अशरफ की हत्या पर ओवैसी ने क्यों कहा- "मैं मरने को तैयार हूं"?
ओवैसी ने कहा कि देश में ना सिर्फ मुस्लिम बल्कि हर एक नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहा है.
.webp?width=210)
माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या (Atiq Ahmed Murder) के बाद पूरा उत्तर प्रदेश हाई अलर्ट पर है. हत्या के बाद से ही कई पार्टी और नेताओं के बयान सामने आए हैं. AIMIM के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इस पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी वाली कमेटी से कराने को कहा है.
ANI को दिए इंटरव्यू में ओवैसी ने कहा कि वो शुरुआत से कहते आ रहे हैं कि उत्तर प्रदेश में सरकार विधि या कानून के हिसाब से नहीं बल्कि जंगलराज से चल रही है. ओवैसी ने कहा,
“ये साफ देखा जा सकता है कि देश में न सिर्फ मुस्लिम बल्कि हर एक नागरिक कमजोर और असुरक्षित महसूस कर रहा है.”
उत्तर प्रदेश जाने की बात पूछे जाने पर ओवैसी ने कहा,
"मैं मरने को तैयार हूं, मुझे मालूम है वो लोग वो करेंगे जो करना होगा. उत्तर प्रदेश क्यों नहीं जाएंगे? जब प्यार किया तो डरना क्या. मैं डर कर और घुट-घुट कर अपनी जिंदगी नहीं गुजार सकता. मैं जाऊंगा, अपनी पार्टी का काम करूंगा. ऐसे लोगों के खिलाफ उठकर बोलना और लड़ना जरूरी है."
ओवैसी ने अतीक अहमद की हत्या पर बोलते हुए आगे कहा,
“जिस तरह से हत्या करने वाले आरोपियों ने बंदूक चलाई, उनकी आंखें सीधे अतीक पर टिकी थीं. हत्या करने वाले आरोपी पूरी तरह प्रोफेशनल थे. उन्होंने दिन-दहाड़े कैमरे के सामने बिना किसी डर के हत्या कर दी.”
ओवैसी ने हत्या की जांच कराने का आग्रह भी किया है. ओवैसी ने कहा,
“मैं मांग करता हूं यूपी के सीएम इस्तीफा दें और सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एक कमेटी बनाकर इस घटना की जांच की जानी चाहिए.”
ओवैसी ने आगे कहा,
“मैं सुप्रीम कोर्ट से आग्रह करता हूं कि वो इस मामले का खुद संज्ञान ले और एक कमेटी बनाए. इस कमेटी में उत्तर प्रदेश के किसी भी अधिकारी को शामिल न किया जाए. और एक समय निर्धारित कर जांच कराई जाए.”
ओवैसी ने अपनी बात रखते हुए ये भी कहा कि हत्या करने वालों को आतंकी नहीं तो क्या देशभक्त कहा जाए?
राष्ट्रीय उलेमा काउंसिल का बयानगैंगस्टर अतीक और अशरफ हत्याकांड पर राष्ट्रीय उलेमा काउंसिल का बयान भी सामने आया है. काउंसिल की तरफ से कहा गया,
“जब दर्जनों कैमरे और पत्रकारों के सामने अपराधी बेख़ौफ़ एक पूर्व सांसद/ एमएलए को आधा दर्जन गोलियां मारकर नारेबाजी करते हैं तो क्या ये कानून व्यवस्था को चुनौती नहीं है? जब न्याय व्यवस्था के खिलाफ एनकाउंटर कल्चर की वाहवाही होगी तो ऐसे अपराधियों को ही बढ़ावा मिलेगा.”
काउंसिल ने आगे कहा कि उसकी तरफ से लगातार एनकाउंटर कल्चर के खिलाफ आवाज उठाई जा रही है.
वीडियो: अतीक अहमद और अशरफ के मर्डर पर प्रयागराज कमिश्नर ने क्या बता दिया?

