The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Arvind Kejriwal after CBI summon says We will file cases against CBI and ED officials

"CBI-ED पर केस करेंगे, कोर्ट में झूठ बोला है", पूछताछ से पहले बोले केजरीवाल

केजरीवाल का दावा- ED और CBI ने झूठे सबूूत पेश किये हैं.

Advertisement
pic
15 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 15 अप्रैल 2023, 01:48 PM IST)
arvind kejriwal on cbi summon
अरविंद केजरीवाल (फोटो- अरविंद केजरीवाल/PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

दिल्ली के कथित शराब घोटाले में CBI के समन के बाद सीएम केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कहा कि वे CBI और ED अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज करवाएंगे. समन जारी होने के एक दिन बाद केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने कहा कि शराब घोटाला कुछ है ही नहीं. केजरीवाल ने दावा किया कि ED और CBI ने कोर्ट के सामने झूठ बोला है और झूठे सबूत पेश किये हैं. केजरीवाल 16 अप्रैल को CBI के सामने पूछताछ के लिए हाजिर होंगे.

अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट भी किया है. इसमें उन्होंने लिखा, 

"कोर्ट में झूठी गवाही और झूठे सबूत देने के लिए हम CBI और ED अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज करवाएंगे."

केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जांच एजेंसियों पर ही सवाल खड़े कर दिये. उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से भारतीय जनता पार्टी चिल्ला-चिल्लाकर कह रही है कि दिल्ली में कोई शराब घोटाला हो गया. देश की बड़ी से बड़ी जांच एजेंसी सारा काम छोड़कर इसकी जांच में लगी हुई है. केजरीवाल के मुताबिक, 

“मैं समझता हूं कि उनको अब तक सबकुछ तो मिल ही गया होगा. इसमें ED और CBI ने सबसे बड़ा आरोप लगाया कि मनीष सिसोदिया ने अपने 14 फोन तोड़ दिए. इनके डॉक्यूमेंट में 14 फोन के IMEI नंबर हैं. ED अपनी चार्जशीट में खुद कह रही है कि इनमें से चार फोन उसके पास है. एक फोन CBI के पास है. जब हमने भी इसकी जांच की तो पता चला कि बाकी फोन भी जिंदा हैं, कोई ना कोई इस्तेमाल कर रहा है. वो मनीष सिसोदिया के फोन नहीं हैं. ये फैक्ट है. ED और CBI ने कोर्ट के सामने झूठ बोला है और झूठे सबूत पेश किये हैं.”

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जांच एजेंसी ने झूठ बोलकर मनीष सिसोदिया को फंसाने की कोशिश की है. केजरीवाल ने दावा किया कि किसी चंदन रेड्डी को बुरी तरह टॉर्चर किया गया ताकि वो केजरीवाल और मनीष सिसोदिया का नाम ले लें. केजरीवाल के मुताबिक, चंदन रेड्डी को ED के अधिकारियों ने इतना मारा कि उसके कान के पर्दे फट गए. उन्होंने आगे कहा,

“किसी अरुण पिल्लई को धमकी दी गई, टॉर्चर किया गया. समीर महेंद्रु से टॉर्चर करके बयान लिया गया. उन्होंने अपना बयान वापस ले लिया. मनस्विनी और भूषण बेलगवी से भी इसी तरह बयान लिया गया. जितने लोगों को ये बुला रहे हैं, उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और दबाव बना रहे हैं. जहां कोई घोटाला नहीं हुआ वहां जबरदस्ती बयान लेने की कोशिश की जा रही है.”

दिल्ली सीएम ने कहा कि अगर रिश्वत लिए गए तो वो पैसे कहां हैं. कोई सबूत है? उन्होंने कहा कि 75 साल के इतिहास में देश में किसी पार्टी को इस तरह टारगेट नहीं किया गया.  

केजरीवाल को क्यों भेजा गया समन?

दरअसल, जांच एजेंसियों ने आरोप लगाया है कि दिल्ली एक्साइज केस में केजरीवाल के खिलाफ सबूत मिले हैं. इंडिया टुडे से जुड़े मुनीष पांडेय की रिपोर्ट के मुताबिक, हाल में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल की थी. इसमें कहा गया है कि केजरीवाल ने 'फेसटाइम' ऐप पर शराब घोटाले के मुख्य आरोपी समीर महेन्द्रु से बात की थी. समीर महेन्द्रु शराब कारोबारी हैं.

ED के मुताबिक, पिछले साल 12 और 15 नवंबर को पूछताछ के दौरान समीर महेन्द्रु ने अधिकारियों को बताया था कि विजय नायर ने अरविंद केजरीवाल के साथ उसकी मीटिंग फिक्स की थी. लेकिन ये मीटिंग नहीं हो पाई थी. इसके बाद विजय ने उसे फेसटाइम पर वीडियो कॉल के जरिये बातचीत करने को कहा था. ED का आरोप है,

"इसी कॉल में अरविंद केजरीवाल ने समीर से कहा था कि विजय नायर उनका अपना आदमी है, वे उन पर भरोसा कर सकते हैं."

शराब घोटाले के मुख्य आरोपियों में विजय नायर का नाम भी शामिल है. ED के अनुसार, समीर महेंद्रु ने कई राजनेताओं और शराब कारोबारियों के साथ मीटिंग की थी. वे विजय नायर के साथ काफी करीब से काम कर रहे थे.

रिपोर्ट के मुताबिक, ED ने चार्जशीट में ये भी बताया है कि केजरीवाल ने दिल्ली में शराब बेचने को लेकर आंध्र प्रदेश के एक सांसद मगुंता श्रीनिवासालु रेड्डी से भी मुलाकात की थी. रेड्डी YSR कांग्रेस पार्टी के लोकसभा सांसद हैं. केजरीवाल ने उन्हें नई शराब नीति के तहत दिल्ली में बिजनेस करने का ऑफर दिया था.

वीडियो: दिल्ली में मिलती रहेगी फ्री बिजली, प्रेस कॉन्फ्रेंस कर LG पर दबाव बना रही थी केजरीवाल सरकार ?

Advertisement

Advertisement

()