राहुल गांधी ने भी सरकार पर फोन टैपिंग का आरोप लगाया, फिर अडानी का एंगल लाकर क्या बताया?
राहुल गांधी ने कहा कि जितनी टैपिंग करनी हो कर लो, उन्हें कोई फर्क नहीं करता है. राहुल ने सरकार से कहा कि उनका फोन ले लें.

कांग्रेस और विपक्षी दलों के कई नेताओं ने मोदी सरकार पर उनके फोन हैक करने का आरोप लगाया है. कई नेताओं ने अपने आईफोन पर Apple की तरफ से मिले अलर्ट को सोशल मीडिया पर शेयर किया है. इसके बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की. राहुल ने आरोप लगाया कि अडानी समूह पर हमले के कारण विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि ये असल मुद्दे से ध्यान हटाने की राजनीति है. राहुल गांधी ने मीडिया के सामने Apple की तरफ से आए ईमेल को दिखाया और कहा कि उनके ऑफिस में कई लोगों को अलर्ट आया है.
राहुल गांधी ने कहा कि जितनी टैपिंग करनी हो कर लो, उन्हें कोई फर्क नहीं करता है. राहुल ने सरकार से कहा कि अगर उनका फोन चाहिए तो वे उठाकर देने को तैयार हैं. उन्होंने कांग्रेस पार्टी और दूसरे नेताओं के नाम गिनाएं जिन्हें Apple से हैकिंग का अलर्ट मिला. राहुल के मुताबिक,
“कांग्रेस पार्टी में लिस्ट बनी हुई है. पवन खेड़ा, सुप्रिया, सीताराम येचुरी, अखिलेश यादव, प्रियंका चतुर्वेदी, महुआ मोइत्रा, टीएस सिंह देव ये लिस्ट है. ये सारे के सारे किसी न किसी तरीके से इसमें जुड़े हुए हैं.”
राहुल गांधी ने इस मुद्दे को उठाते हुए एक बार फिर अडानी ग्रुप पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अडानी जी देश के युवाओं, दलितों-पिछड़ों और आदिवासियों का पैसा चुरा रहे हैं. सरकार पूरा का पूरा देश दो-तीन लोगों के हाथों में पकड़ा रही है. राहुल के मुताबिक, कम लोग हैं जो इसके खिलाफ लड़ रहे हैं, वे पीछे नहीं हटेंगे.
अखिलेश यादव ने क्या कहा?समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी दावा किया है उन्हें Apple की ओर से हैकिंग का नोटिफिकेशन आया. अखिलेश ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ये मैसेज बता रहा है कि सरकार की तरफ से आपके फोन को हैक किया जा रहा है या जासूसी की जा रही है. उन्होंने बताया,
"बड़े दुख की बात है कि आज लोकतंत्र में आजादी और प्राइवेसी को वे क्यों खत्म करना चाहते हैं. आखिर जासूसी किस वजह से, इसकी जांच होनी चाहिए. इसमें कई सीनियर नेता हैं. यह लोकतंत्र के खिलाफ है."
इससे पहले महुआ मोइत्रा और शशि थरूर समेत कई नेताओं ने Apple की तरफ से मिले कथित नोटिफिकेशन को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया. Apple के इस कथित नोटिफिकेशन में लिखा है- सरकार की ओर से स्पॉन्सर्ड अटैकर्स आपके आईफ़ोन को हैक करने की कोशिश कर रहे हैं
महुआ मोइत्रा संसद में पैसे लेकर सवाल पूछने के आरोपों की जांच का सामना कर रही हैं. उन्होंने एक्स पर Apple से मिले इस नोटिफिकेशन के स्क्रीनशॉट को शेयर किया, जिसमें लिखा है,
“Apple का मानना है कि आपको स्टेट-स्पॉन्सर्ड अटैकर्स निशाना बना रहे हैं. जो दूर बैठकर आपकी ऐपल ID से जुड़े आईफ़ोन को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं. आशंका है कि ये अटैकर्स आपको इसलिए टारगेट कर रहे हैं कि आप कौन हैं और आप क्या काम करते हैं. अगर आपकी डिवाइस हैक हो जाती है तो वो लोग आपके संवेदनशील डेटा, आपकी बातचीत और यहां तक कि आपका कैमरा और माइक्रोफ़ोन भी दूर बैठकर एक्सेस कर सकेंगे. हालांकि, ये भी हो सकता है कि ये झूठा-अलार्म हो, लेकिन इस चेतावनी को गंभीरता से लीजिए.”
इसी तरह के आए मैसेज को कांग्रेस सांसद शशि थरूर, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी शेयर किया है. हालांकि अभी तक इन आरोपों पर सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

