The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Ankita Bhandari Murder Yamkeshwar Tehsil officials sent bulldozer at Pulkit Arya resort DM told

अंकिता मर्डर: पुलकित आर्य के रिजॉर्ट पर किसके कहने पर चला बुलडोजर, पता चल गया!

अंकिता के घरवाले आरोप लगा रहे हैं कि रिजॉर्ट पर बुलडोजर चलाकर सबूत मिटाए गए हैं.

Advertisement
ankita_bhandari_murder_case_uttarakhand_resort_bulldozer
पुलकित आर्य के रिजॉर्ट पर चला था बुलडोजर. (फोटो : आजतक)
pic
अभय शर्मा
28 सितंबर 2022 (Updated: 28 सितंबर 2022, 09:45 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

उत्तराखंड (Uttarakhand) में अंकिता भंडारी हत्याकांड (Ankita Bhandari murder Case) के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के रिजॉर्ट पर रातों रात बुलडोजर चलाने को लेकर कई लोगों ने सवाल उठाए हैं. अंकिता के घरवालों का कहना है कि बुलडोजर चलाकर सबूत मिटा दिए गए हैं. सूबे के पूर्व DGP आलोक बी लाल का कहना है कि रिजॉर्ट गिराने में जो हड़बड़ी दिखाई गई, उससे अहम सबूत नष्ट हो गए होंगे. इसके बाद ये सवाल उठ रहा है कि आखिर पुलकित आर्य के रिजॉर्ट पर बुलडोजर चलाने का आदेश किसने दिया था?

SSP ने क्या कहा?

इंडिया टुडे से जुड़ीं सरिता तिवारी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सवाल का जवाब जानने के लिए कई अधिकारियों से बात की. सबसे पहले पौड़ी के SSP से फोन पर बात की. उनसे पूछा कि क्या आपके संज्ञान में था कि यहां बुलडोजर आने वाला है? या क्या कोई आदेश आपको मिले थे? जवाब में उन्होंने कहा,

'यह तो मेरे ज्यूडिशरी में नहीं आता, तो मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं.'

AE PWD बोले- 'विधायक का दबाव है'

इसके बाद इंडिया टुडे ने पीडब्ल्यूडी के असिस्टेंट इंजीनियर अनुज कुमार से बात की. उन्होंने बताया,

'मेरे पास बुलडोजर को लेकर कोई लिखित या मौखिक आदेश नहीं आया था... उस रात करीब डेढ़ बजे क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ ने फोन किया था. उन्होंने बुलडोजर को लेकर जानकारी ली थी.'

जब जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ से बात की गई, तो उन्होंने बुलडोजर को लेकर बताया,

'मेरे पास रात को करीब 12 बजे क्षेत्र से एक स्थानीय निवासी का कॉल आया था. उसने बताया था कि एक बुलडोजर आया है, जो रिजॉर्ट तोड़ रहा है. इसके बाद रात को ही एसडीएम को मैसेज किया, लेकिन उस समय उनका कोई जवाब नहीं आया.'

इसके बाद आरती गौड़ ने AE PWD सत्य प्रकाश को फोन किया. सत्य प्रकाश ने पहले तो कहा कि एसडीएम ने बुलडोजर मंगाया है, फिर बोले कि विधायक का दबाव है.

उत्तराखंड तक से जुड़ीं सरिता तिवारी की रिपोर्ट के मुताबिक, जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ से बातचीत के दौरान सत्य प्रकाश ने बार-बार अपना बयान बदला. सत्य प्रकाश ने ये भी कहा कि कौन सा बुलडोजर? कौन सा रिजॉर्ट? मुझे कुछ नहीं पता. बाद में बोले कि आप ने ही तो बुलडोजर मंगवाया था. इसके बाद आरती और सत्य प्रकाश में बहस हो गई. इस बहस के बाद से AE PWD सत्य प्रकाश का फोन स्विच ऑफ बता रहा है, जिस वजह से उनसे संपर्क नहीं हो सका.

फोन पर हुई बहस के बाद जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ ने AE सत्य प्रकाश की शिकायत पीडब्ल्यूडी चीफ से की है. उन्होंने सत्य प्रकाश के निलंबन की मांग भी की है.

फेसबुक पोस्ट लिखकर आरती गौड़ ने उठाए सवाल

आरती गौड़ ने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर इस मामले को उठाया है. उन्होंने पूछा,

'AE PWD सत्य प्रकाश पर किसका दबाव है, जो वो इस संगीन अपराध में मेरा नाम घसीट रहे हैं या तो ये स्पष्ट करें या फिर मानहानि का केस भुगतने और सस्पेंड होने को तैयार रहें. उन्होंने मुझपर झूठा आरोप लगाया है... सत्य प्रकाश ने एक जिला पंचायत सदस्य के कहने पर रिजॉर्ट में तोड़फोड़ करने के लिए जेसीबी भेज दी, जहां अंकिता के मर्डर की पूरी कहानी लिखी गई. क्या आपकी इस गैरजिम्मेदाराना हरकत के लिए आपको तत्काल निलंबित नहीं कर देना चाहिए?'

डीएम ने बताया किसने भेजा बुलडोजर?

पौड़ी के जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे से बात करने की कोशिश की गई. उन्हें 2 दिनों तक कॉल किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया. इसके बाद उन्हें वॉट्सऐप मैसेज किया, लेकिन उन्होंने उसका भी जवाब नहीं दिया.

हालांकि, बुधवार, 28 सितंबर की सुबह डीएम ने बयान दिया कि रिजॉर्ट पर बुलडोजर चलाने को लेकर प्रारंभिक जानकारी जुटा ली गई है. अतिक्रमण की पुष्टि हुई जिसके बाद रिजॉर्ट का वो हिस्सा तोड़ा गया, जो अवैध था. उन्होंने ये भी कहा कि सभी दस्तावेजों की जांच के बाद रिजॉर्ट के अवैध हिस्से को नियम के अनुसार यमकेश्वर तहसील प्रशासन द्वारा ही तोड़ा गया है.

वीडियो देखें: दिल्ली शराब नीति घोटाले में CBI ने विजय नायर को धरा, AAP ने BJP पर क्या आरोप लगाए?

Advertisement

Advertisement

()