The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • american president barack obama gone jobe less in the new spoof video

नई नौकरी के लिए दर-दर भटक रहे बराक ओबामा!

ये बराक ओबामा का स्वैग है, जो अपने विदाई स्पूफ में वो खुद का मजाक उड़ा लेते हैं. जो कहना होता है, अपने 'सेंस ऑफ ह्यूमर' से कहते हैं.

Advertisement
pic
2 मई 2016 (अपडेटेड: 2 मई 2016, 10:21 AM IST)
Img The Lallantop
फोटो - thelallantop
Quick AI Highlights
Click here to view more

दुनिया का सबसे ताकतवर राष्ट्रपति अपनी कुर्सी से उतरने के बाद काम की तलाश में दर-दर भटक रहा है.

अौर कोई उसे धेले का भाव नहीं दे रहा. ये हैरतअंगेज़ सच्चाई सामने आई है अमेरिकी प्रेसिडेंट ओबामा के नए स्पूफ वीडियो में. वीडियो में उनकी हालत देखकर हमें बीते जमाने के प्रधानमंत्री रहे एचडी देवगौड़ा की याद आ गई. और याद आ गए PM की कुर्सी छोड़ने के बाद उनकी बेकारी के दृश्य.

अब ओबामा के वाइस प्रेसिडेंट उनसे कह रहे हैं कि अब तो आपको गाड़ी खुद चलानी पड़ेगी. आपके पास तो लाइसेंस भी नहीं है. आप बास्केटबॉल खेल लेते हैं, उसका ही कुछ जुगाड़ देखिए. अोबामा काम की तलाश में वॉशिंगटन विज़ार्ड्स को फोन करते हैं. कोचिंग के लिए अपना क्वॉलिफिकेशन बताते हैं कि मैंने अपनी बेटी की टीम को चंद बार कोचिंग दी है. ये सुन अगली पार्टी फोन ही काट देती है.

ये बराक ओबामा का स्वैग है, जो अपने विदाई स्पूफ में वो खुद का मजाक उड़ा लेते हैं. जो कहना होता है, अपने 'सेंस ऑफ ह्यूमर' से कहते हैं. हमारे यहां ऐसे स्पोर्टी नेता क्यों नहीं होते?

वीडियो के मुताबिक, खाली बैठे अोबामा बिल्कुल ही नाकारा हैं. उन्हें अकेला छोड़ना भी खतरनाक है. बिना बात ही वे मिशेल अोबामा के मोबाइल से उनके स्नैपचैट अकाउंट पर पोस्ट कर देते हैं, अौर उनकी कलाकारी ऐसी है जिससे पता चलता है कि वे सोशल मीडिया के मामले में बिल्कुल अनपढ़ हैं. वीडियो के अाखिर में अोबामा सिनेमाहाल में खाली बैठे 'टॉय स्टोरी' देखकर रोते पाए गए हैं.

अौर क्या क्या तमाशे किए उन्होंने, देखिए पूरे वीडियो में यहां −

https://www.youtube.com/watch?v=OIDEGN4Js40

ये वीडियो खुद व्हाइट हाउस द्वारा जारी किया गया, व्हाइट हाउस कवर करने वाले पत्रकारों को दिए जाने वाले सालाना डिनर अौर स्पीच के दौरान. पता हो कि अोबामा का यह व्हाइट हाउस में अंतिम साल है अौर यह पारंपरिक डिनर भी वे आखिरी बार होस्ट कर रहे थे. अोबामा का कमाल का सेंस अॉफ ह्यूमर अौर उनके सेल्फ-जोक इस स्पीच की जान रहे. देखें कि उन्होंने क्या मज़ेदार बातें कहीं अपने साथियों, प्रतिद्वंद्वियों अौर विश्व राजनेताअों के बारे में,

अपने फ्यूचर पर कमेंट करते हुए,

''ये मेरा आखिरी साल है, अौर मेरी रेटिंग्स ऊपर ही ऊपर जा रही हैं. इससे पहले तो ये मेरे कॉलेज के जमाने में ही इतनी ऊपर गई होंगी.''

प्रिंस विलियम के दो बरस के पुत्र प्रिंस जॉर्ज के लिए,

''अभी हाल ही में प्रिंस जॉर्ज मुझसे मिलने तौलिए में आ गए. अब इससे बड़ा अपमान मेरा क्या होगा. ये तो प्रोटोकॉल का सरासर उल्लंघन है.''

हिलेरी के लिए

''अगले साल यहां, ठीक इसी जगह मेरी जगह कोई और खड़ा होगा. और आप ये अनुमान लगा ही सकते हैं कि वो कौन होने वाली हैं.''

''जैसे हिलेरी यंग वोटर्स को अपील कर रही हैं, लगता है जैसे वो फेसबुक पर नया-नया अकाउंट खोलने वाली कोई बड़ी उमर की रिश्तेदार हैं, 'लव, आंटी हिलेरी' लिखकर पोक करने वाली.''

ट्रंप के लिए,

''लोग कहते हैं कि ट्रंप का विदेश नीति में ज्ञान कम है और वो राष्ट्रपति बनने लायक नहीं. लेकिन वे तो सालों से दुनियाभर के नेताओं से मुलाकातें करते आये हैंमिस स्वीडन, मिस अर्जेंटीना, मिस अज़रबेजान.''

कैनेडियन प्राइम मिनिस्टर जस्टिन ट्रूडेऊ के लिए,

''हाल ही में किसी ने कहा, 'मिस्टर प्रेसिडेंट, आप तो पुराने हो गए. जस्टिन ट्रूडेऊ ने आपको पूरी तरह रिप्लेस कर दिया है. वो कितने चार्मिंग हैं. वो ही भविष्य हैं.' और मैंने कहा, 'जस्टिन, जस्ट गिव इट ए रेस्ट'.''

पूरी स्पीच यहां सुन सकते हैं :

https://www.youtube.com/watch?v=l-5vD5YVLv8

Advertisement

Advertisement

()