समलैंगिक विवाह, डेस्टिनेशन वेडिंग पर सिख धर्म के तमाम तख्त हुए सख्त, लिए कड़े फैसले
अमृतसर स्थित अकाल तख्त के ऑफिस में 16 अक्टूबर को पांचों तख्तों के जत्थेदारों की एक मीटिंग हुई थी. इस मीटिंग में डेस्टिनेशन वेडिंग और बठिंडा की एक समलैंगिक शादी पर जत्थेदारों ने कड़े फैसले लिए है.

सिख धर्म के पांचों तख्त ने डेस्टिनेशन वेडिंग और बठिंडा में हुई एक समलैंगिक शादी पर सख्त फैसला लिया है. बठिंडा के जिस गुरुद्वारे में समलैंगिक शादी हुई थी, उस गुरुद्वारा कमिटी को भंग कर दिया गया है. वहीं डेस्टिनेशन वेडिंग में ‘गुरु ग्रंथ साहिब’ ले जाने पर पाबंदी लगाई गई है. अमृतसर स्थित अकाल तख्त के ऑफिस में 16 अक्टूबर को पांचों तख्तों के जत्थेदारों की एक मीटिंग हुई थी. आजतक के अमित शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक इस मीटिंग में कई अहम फैसले लिए गए.
बठिंडा में हुई थी समलैंगिक शादीपंजाब के बठिंडा में पिछले महीने एक गुरुद्वारे में दो लड़कियों की शादी हुई थी. BBC की रिपोर्ट के मुताबिक 18 सितंबर को कनाल कॉलोनी के गुरुद्वारा कलगीधर साहिब में मनीषा और डिंपल नाम की दो लड़कियों ने शादी की थी. ये मामला सामने आने के बाद सिखों की सबसे बड़ी संस्था अकाल तख्त साहिब ने इस शादी को 'नैतिक और धार्मिक मूल्यों का उल्लंघन' बताया था. वहीं शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी ने इस मामले में जांच की बात कही थी.
अब जत्थेदारों ने इस पर कड़ा रुख अपनाया है. बठिंडा के उस गुरुद्वारे की कमिटी को हमेशा के लिए प्रबंधन चलाने के अयोग्य करार दिया गया है. नई कमिटी का चुनाव कराने के आदेश दिए गए हैं. वहीं समलैंगिक शादी में कीर्तन करने वाले ग्रुप के खिलाफ भी एक्शन लिया गया है. मुख ग्रंथी हरदेव सिंह, ग्रंथी अजायब सिंह, रागी सिकंदर सिंह, तबला वादक सतनाम सिंह को सिख मर्यादा के उल्लंघन के दोष में 5 सालों के लिए ब्लैक लिस्ट किया गया है. बताया गया है कि ये लोग गुरुद्वारा और धार्मिक समागम में ड्यूटी नहीं करेंगे.
डेस्टिनेशन वेडिंग पर भी फैसलाजत्थेदारों ने डेस्टिनेशन वेडिंग के खिलाफ भी फैसला लिया है. डेस्टिनेशन वेडिंग पर अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी रघुबीर सिंह ने कहा,
“संगतों की शिकायतें आ रही थीं. कुछ व्यक्ति मर्यादा का उल्लंघन करते हुए समुद्र के किनारों बीच-रिसॉर्ट पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश करके आनंद कारज (शादी) करते हैं.”
इसलिए इस तरह की शादियों में ‘गुरु ग्रंथ साहिब’ ले जाने पर रोक लगाई गई है. बता दें कि होटल और बैंक्वेट हॉल वगैरह में शादी कराने पर पहले ही पाबंदी लगाई जा चुकी है.
अकाल तख्त के जत्थेदार ने इंदौर के गुरुद्वारे के एक सदस्य जगजीत सिंह की सदस्यता रद्द किए जाने की भी जानकारी दी. जगजीत सिंह पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की करवाई जाने वाली चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने का आरोप है. बताया गया कि जगजीत सिंह को कई बार बुलाया गया था, लेकिन उनके हाजिर नहीं होने पर इंदौर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई है.
ये भी पढ़ें- कांग्रेस MLA को पंजाब पुलिस ड्रग्स केस में घर से उठा ले गई, फेसबुक लाइव में क्या दिखा?

