AAP के विधायक गायब हो गए? पार्टी ने कहा- "संपर्क नहीं हो पा रहा"
सोमनाथ भारती ने आरोप लगाया कि साथ में और विधायक लाने पर रेट ‘25 करोड़ रुपये’ कर दिया जाएगा

आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों के कथित रूप से गायब होने की बात सामने आ रही है. इंडिया टुडे से जुड़े पंकज जैन की रिपोर्ट के मुताबिक AAP के सूत्रों ने ही जानकारी दी है कि पार्टी के कुछ विधायकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है. इससे पहले पार्टी के कुछ विधायकों ने BJP पर उन्हें 20 करोड़ रुपये में खरीदने की कोशिश करने और धमकाने का आरोप लगाया था. अब पार्टी के सूत्र कह रहे हैं कि उन्हें आशंका है कि कहीं BJP उनके विधायकों को तोड़ने में कामयाब ना हो जाए.
AAP MLAs से ‘संपर्क नहीं हो रहा’इस बीच तिमारपुर से AAP MLA दिलीप पांडेय ने बड़ा बयान दे दिया है. उन्होंने आरोप लगाया है कि पार्टी के 40 विधायकों को तोड़ने की कोशिश की गई है. दिलीप पांडेय ने मांग की है कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ये जांच करे कि इन 40 विधायकों को तोड़ने के लिए 20 करोड़ के हिसाब से 800 करोड़ रुपये कहां से आए.
दिलीप पांडेय से पहले बुधवार को AAP के चार विधायकों ने आरोप लगाया था कि BJP ने उन्हें अपने दल में शामिल करने के लिए ‘20 से 25 करोड़ रुपये का ऑफर’ दिया था. ये चार विधायक हैं सोमनाथ भारती, संजीव झा, कुलदीप कुमार और अजय दत्त. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक सोमनाथ भारती ने आरोप लगाया कि BJP ने उन्हें धमकी दी है कि उसके साथ आ जाएं वर्ना मनीष सिसोदिया जैसा हाल कर देंगे. ये भी दावा किया कि साथ में और विधायक लाने पर रेट ‘25 करोड़ रुपये’ कर दिया जाएगा. इसी तरह के दावे संजीव झा, कुलदीप कुमार और अजय दत्त ने भी किए.
आम आदमी पार्टी पिछले 2-3 दिनों से ये दावा कर रही है कि BJP ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार को गिराने के लिए उसके विधायकों को बड़ी रकम ऑफर की थी, लेकिन उसकी ये साजिश नाकाम हो गई. AAP नेता और ग्रेटर कैलाश से विधायक सौरभ भारद्वाज ने ये भी दावा किया था कि उनकी पार्टी के पास इस बात का ‘वीडियो प्रूफ’ है कि BJP ने AAP विधायकों को पैसे देकर अपने पाले में बुलाने की कोशिश की.
इसके बाद से पार्टी लगातार ये दावा कर रही है. इस बीच बुधवार, 24 अगस्त की शाम को आम आदमी पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में तय हुआ कि सभी विधायकों को बुलाया जाए. ये बैठक 25 अगस्त यानी आज सुबह 11 बजे होनी है. अब इस पर सबकी नजर रहेगी कि इस बैठक में आम आदमी पार्टी के कितने विधायक पहुंचते हैं.
70 सीटों वाली दिल्ली विधानसभा में इस समय केवल दो ही पार्टियों के विधायक हैं. आम आदमी पार्टी 62 विधायकों के साथ सबसे बड़े दल के रूप में सदन में मौजूद है. वहीं BJP के आठ विधायक हैं.
आप का BJP पर बड़ा आरोप, केजरीवाल सरकार गिराने के लिए विधायकों को ऑफर किए 5 करोड़

