The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • 104-year-old woman dorothy hoffner skydives from plane viral video

'यार स्काईडाइविंग करनी है' कहने वालो, 104 साल की दादी ये करके 'वर्ल्ड रिकॉर्ड' बना भी आई

शिकागो की 104 वर्षीय डोरोथी हॉफ़नर 1 अक्टूबर को एक विमान से कूदीं और स्काईडाइविंग करने वाली सबसे उम्रदराज इंसान बन गईं.

Advertisement
pic
5 अक्तूबर 2023 (अपडेटेड: 5 अक्तूबर 2023, 08:11 PM IST)
104 year old woman skydiving.
ये उनकी दूसरी स्काई-डाइव थी. (फोटो - इंस्टाग्राम)
Quick AI Highlights
Click here to view more

हमारे युवा साथियो! अगर आप 18 से 25 साल के बीच हैं और लंबे समय तक बैठे या खड़े रहने से आपकी पीठ या गर्दन में दर्द उमड़ता है, तो शर्म करिए. अमेरिका की इस दादी को देखिए. 104 साल की हैं और इन्होंने स्काई-डाइविंग कर डाली. प्लेन से पैराशूट पहन कर कूद गईं. 

बस कहने भर से नहीं होता कि उम्र महज़ एक संख्या है. शिकागो की 104 वर्षीय डोरोथी हॉफ़नर ने साबित भी कर दिया है. 1 अक्टूबर को डोरोथी विमान से कूदीं और स्काई-डाइविंग करने वाली सबसे उम्रदराज इंसान बन गईं. हालांकि, गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का सत्यापन अभी बाक़ी है. फ़िलहाल ये रिकॉर्ड 103 साल की एक महिला के नाम है.

ये भी पढ़ें - 104 साल के साइंटिस्ट ने मरने की वजह बताई और ख़ुशी ख़ुशी मरने के लिए चला गया

स्काई-डाइव शिकागो ने इंस्टाग्राम पर हॉफ़नर का वीडियो अपलोड किया है. साथ ही कैप्शन में लिखा,

"हमारी 104 साल की दोस्त डोरोथी हॉफ़नर के साथ स्काईडाइविंग का रिकॉर्ड तोड़ना ग़ज़ब था!"

वहीं जमीन पर आने के बाद डोरोथी ने सीएनबीसी को बताया,

"मज़ेदार रहा. पैराशूट के साथ नीचे आते हुए बहुत अच्छा और शांत लग रहा था. आप सब कुछ देख सकते हैं. सब कुछ बहुत सुंदर था."

ये भी पढ़ें - 75 साल की महिला ने बताया, उफनती नदी में छलांग क्यों  लगाई?

आप दादी की जितनी उत्सुकता देख रहे हैं, ये पहली बार की नहीं है. अपने 100वें जन्मदिन पर डोरोथी ने पहली बार स्काई-डाइव किया था. चार साल बाद उन्होंने फिर, किया क्योंकि उनके बकौल, पिछली बार उन्हें कूदने से पहले ही धक्का दे दिया गया था. वो ख़ुद से कूदना चाहती थीं, इसलिए दोबारा कूदीं. अभी उनका एक सपना और है – हॉट एयर बलून (गर्म हवा के फुग्गे) से घूमना.

केवल युवाओं को नसीहत देने भर से नहीं होगा. अगर मम्मी-पापा भी केवल आलस्य की आड़ में उम्र का हवाला दें - कि अब ये सब कौन करे, हमारी तो उम्र हो गई है - उन्हें इन दादी की कहानी बताइए. 

Advertisement

Advertisement

()