The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Health
  • which are the three most important supplements for men & when should they be taken

पुरुषों को इन 3 सप्लीमेंट्स की पड़ती है सबसे ज्यादा जरूरत, नाम-फायदे नोट कर लीजिए

बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी सप्लीमेंट अपने आप नहीं लेना चाहिए. सबसे पहले टेस्ट करवाकर पता करें कि शरीर में इन पोषक तत्वों की मात्रा कम है या नहीं. अगर शरीर में कमी हो, तभी डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट लेना चाहिए.

Advertisement
pic
12 मई 2026 (पब्लिश्ड: 10:18 PM IST)
which are the three most important supplements for men & when should they be taken
अगर कोई पोषक तत्व डाइट से नहीं मिल रहा, तो उसका सप्लीमेंट ले सकते हैं
Quick AI Highlights
Click here to view more

एक बात बताइए. आपकी लाइफस्टाइल कैसी है? उसमें हेल्दी खाना, एक्सरसाइज़ करना और खुद को टाइम देना शामिल है या नहीं? क्योंकि जैसे-जैसे काम का प्रेशर बढ़ता है. व्यक्ति अपने आप को तो भूल ही जाता है. हर वक्त काम और सिर्फ काम करता है. ऐसे में क्या होता है? उसे थकान रहने लगती है. कमज़ोरी महसूस होती है. उसका कुछ भी करने का मन नहीं करता. जानते हैं, ऐसा होता है ज़रूरी पोषक तत्वों की कमी की वजह से. कई बार ये कमी अच्छी डाइट से पूरी हो जाती है. लेकिन कभी-कभार शरीर को सप्लीमेंट्स की ज़रूरत पड़ती है. तो आज डॉक्टर से जानेंगे कि पुरुषों के लिए तीन सबसे ज़रूरी सप्लीमेंट्स कौन-से हैं. इन्हें कब लेना है. कितनी मात्रा में लेना है. और सप्लीमेंट्स शुरू करने से पहले किन बातों का ध्यान रखना ज़रूरी है. 

पुरुषों के लिए पहला सबसे ज़रूरी सप्लीमेंट

हमें बताया डॉक्टर संजय रैना ने. 

dr sanjay raina
डॉ. संजय रैना, हेड, इंटरनल मेडिसिन, अमृता हॉस्पिटल, फरीदाबाद

सबसे पहले बात विटामिन D की. डॉक्टर संजय रैना के मुताबिक, ये धूप से मिलने वाला विटामिन है. जब हम धूप में बैठते हैं, तब शरीर में विटामिन D बनता है. ये शरीर में मौजूद कोलेस्ट्रॉल से बनता है. आजकल ज़्यादातर लोग सुबह घर से सीधे गाड़ी में बैठकर ऑफिस चले जाते हैं. दिनभर ऑफिस में काम करते हैं और शाम को सूरज ढलने के बाद घर लौटते हैं. इसी वजह से शरीर को पर्याप्त धूप नहीं मिल पाती. 

डॉक्टर संजय रैना कहते हैं कि धूप की कमी के कारण शरीर में विटामिन D बनना कम हो जाता है. इसलिए कई लोगों को इसके सप्लीमेंट लेने की ज़रूरत पड़ती है. विटामिन D की कमी से शरीर में कई समस्याएं हो सकती हैं. ये विटामिन हड्डियों को मज़बूत बनाने में मदद करता है. ये शरीर की इम्यूनिटी को सपोर्ट करता है यानी बीमारियों से लड़ने की क्षमता बढ़ाता है. 

विटामिन D शरीर में एक हॉर्मोन की तरह काम करता है. ये पुरुषों के हॉर्मोन टेस्टोस्टेरॉन को भी सपोर्ट करता है. इसकी कमी होने पर काम करने की क्षमता और एनर्जी कम हो जाती है. विटामिन D सप्लीमेंट कई रूपों में आते हैं, जैसे सैशे, कैप्सूल और नैनो शॉट्स. नैनो शॉट एक छोटी ड्रिंक बोतल की तरह होता है. आमतौर पर 60,000 IU वाला सप्लीमेंट सप्ताह में एक बार लिया जाता है. इसे खाने के बाद लेना बेहतर माना जाता है. सुबह या दोपहर के खाने के बाद इसे लिया जा सकता है.

supplement
विटामिन D पुरुषों के टेस्टोस्टेरॉन हॉर्मोन को भी सपोर्ट करता है
पुरुषों के लिए दूसरा सबसे ज़रूरी सप्लीमेंट

दूसरे नंबर पर बात करते हैं विटामिन B12 की. डॉक्टर संजय रैना के मुताबिक, ये नसों और दिमाग के लिए बहुत ज़रूरी है. इसकी कमी वेजिटेरियन लोगों में ज़्यादा देखी जाती है, क्योंकि वेजिटेरियन डाइट में विटामिन B12 बहुत कम मात्रा में होता है. विटामिन B12 की कमी होने पर कुछ खास लक्षण दिखाई दे सकते हैं. जैसे हाथ-पैर में झुनझुनी होना. दिमाग का धीमा चलना. ब्रेन फॉग यानी ध्यान और फोकस कम होना. ये सभी दिक्कतें विटामिन B12 की कमी से हो सकती हैं. 

विटामिन B12 को टैबलेट या इंजेक्शन के रूप में ले सकते हैं. आमतौर पर टैबलेट के रूप में 500 से 1500 माइक्रोग्राम तक विटामिन B12 दिया जाता है. इसे लेने से दिमाग के काम करने की क्षमता बढ़ जाती है. साथ ही, शरीर में एनर्जी भी बनी रहती है.

पुरुषों के लिए तीसरा सबसे ज़रूरी सप्लीमेंट

तीसरे नंबर पर बात करते हैं ओमेगा-थ्री की. ओमेगा-थ्री हेल्दी फैट से जुड़ा ज़रूरी पोषक तत्व है. ये आमतौर पर फिश ऑयल और मछली में पाया जाता है. वेजिटेरियन लोगों में इसकी कमी ज़्यादा देखी जाती है. आजकल जंक फूड खाने की वजह से शरीर में ओमेगा-थ्री कम हो सकता है. कई प्रोसेस्ड फूड्स में ऐसे तत्व होते हैं, जो शरीर के अच्छे फैट्स को नुकसान पहुंचा सकते हैं. इसलिए कई लोगों को ओमेगा-थ्री के सप्लीमेंट लेने की ज़रूरत पड़ती है. आमतौर पर 1000 मिलीग्राम ओमेगा-थ्री रोज़ लेने की सलाह दी जाती है.

muscles
विटामिन D शरीर की मांसपेशियों और हड्डियों की क्षमता को सपोर्ट करता है
सप्लीमेंट्स लेने से पहले किन बातों का ध्यान रखें?

- बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी सप्लीमेंट अपने आप नहीं लेना चाहिए.

- सबसे पहले टेस्ट करवाकर पता करें कि शरीर में इन पोषक तत्वों की मात्रा कम है या नहीं.

- अगर शरीर में कमी हो, तभी डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट लेना चाहिए.

- विटामिन D शरीर की मांसपेशियों और हड्डियों की क्षमता को सपोर्ट करता है.

- विटामिन B-12 दिमाग और नसों के सही काम करने के लिए ज़रूरी होता है.

- ओमेगा-थ्री शरीर के सेल्स को बेहतर तरीके से काम करने में मदद करता है.

- ये सभी पोषक तत्व शरीर के ठीक से काम करने के लिए बहुत ज़रूरी हैं.

- इन्हें सही तरीके से लेने पर थकान, सुस्ती और कम एनर्जी से छुटकारा मिल सकता है.

(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)  

वीडियो: सेहत: ये एक काम माइग्रेन के दर्द में तुरंत आराम देगा

Advertisement

Advertisement

()