The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Health
  • what is adult acne its causes symptoms and treatment in hindi

40 साल की उम्र में भी निकल रहे मुंहासे? ये वजह हो सकती है!

जब 30, 35, 40 साल की उम्र में मुंहासे निकलें, तो इसे एडल्ट एक्ने कहा जाता है. एडल्ट एक्ने निकलने की कई वजहें हो सकती हैं.

Advertisement
what is adult acne its causes symptoms and treatment in hindi
एडल्ट एक्ने होने का सबसे आम कारण हॉर्मोनल बदलाव है (फोटो: Getty Images)
3 मार्च 2025 (Published: 03:01 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

मुंहासे यानी एक्ने. ये दिक्कत टीनएज में ज़्यादा होती है यानी 13 से 19 साल के बीच. फिर जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है. एक्ने ठीक होने लगते हैं. दाने निकलने लगभग बंद हो जाते हैं.

मगर कभी-कभी एडल्ट होने के बाद भी ये मुहांसे नहीं जाते. कुछ लोगों में 30, 35, 40 साल की उम्र में अचानक से एक्ने की समस्या हो जाती है. उन लोगों में भी, जिन्हें कभी एक्ने नहीं हुआ. उनके चेहरे पर बड़े-बड़े लाल दाने निकलने लगते हैं. इनमें दर्द भी होता है. इसे एडल्ट एक्ने (Adult Acne) कहा जाता है. यानी ऐसे मुंहासे, जो एडल्ट्स को होते हैं.

आज की स्टोरी में हम इसी एडल्ट एक्ने पर बात करेंगे. डॉक्टर से जानेंगे कि एडल्ट एक्ने क्या है. पुरुषों में एडल्ट एक्ने क्यों होता है. किन गलतियों से ये दिक्कत बढ़ने लगती है. और, एडल्ट एक्ने का इलाज क्या है. 

पुरुषों में एडल्ट एक्ने क्या होता है?

ये हमें बताया डॉक्टर शिफा यादव ने. 

dr shifa yadav
डॉ. शिफा यादव, कंसल्टेंट, डर्मेटोलॉजी एवं कॉस्मेटोलॉजी, आर्टेमिस हॉस्पिटल्स

एक्ने एक ऐसी समस्या है, जिसमें सेबेशियस ग्लैंड (तेल ग्रंथि) ज़्यादा सीबम (तेल) बनाती है. ये तेल बनाने वाली ग्रंथि बालों की जड़ों से जुड़ी होती है. जब ज़्यादा सीबम बनता है, तो स्किन की सतह पर मौजूद रोमछिद्र (पोर्स) बंद हो जाते हैं. इससे सीबम स्किन के अंदर जमा होने लगता है और इंफेक्शन हो जाता है. जिसकी वजह से चेहरे या शरीर पर लाल रंग के बड़े-बड़े दाने निकल आते हैं. इन दानों को मुंहासे या पिंपल/एक्ने कहा जाता है. अगर 20 साल की उम्र के बाद पुरुषों में एक्ने होता है, तो इसे एडल्ट एक्ने कहते हैं. वहीं अगर 20 साल से पहले एक्ने हो, तो इसे टीनएज एक्ने कहा जाता है.

पुरुषों में एडल्ट एक्ने होने का कारण?

पुरुषों में एडल्ट एक्ने होने के कई कारण हैं. सबसे आम कारण हॉर्मोनल बदलाव है. अगर शरीर में टेस्टोस्टेरॉन हॉर्मोन का स्तर ज़्यादा होता है. तब ये हॉर्मोन सेबेशियस ग्लैंड (तेल ग्रंथि) को उत्तेजित कर देता है. इससे ज़्यादा सीबम (तेल) बनने लगता है.

दूसरा कारण जेनेटिक (अनुवांशिक) है. जिन पुरुषों में एक्ने की दिक्कत लंबे समय तक बनी रहती है. उन पुरुषों के जीन्स में ऐसे बदलाव होते हैं, जो सेबेशियस ग्लैंड को ज़्यादा सीबम बनाने के लिए प्रेरित करते हैं.

तीसरा कारण ख़राब जीवनशैली है. ये आज के समय में एक्ने होने की बहुत बड़ी वजह है. अगर आपके खाने में ऑयली फूड, जंक फूड, रिफाइंड फूड और शुगर ज़्यादा है तो ये शरीर में सूजन बढ़ा सकता है, जिससे एक्ने हो सकता है. सिगरेट-शराब पीने और पर्याप्त नींद न लेने से भी एक्ने बढ़ सकता है.

पुरुषों में एडल्ट एक्ने का इलाज

एडल्ट एक्ने का इलाज नॉर्मल एक्ने की तरह ही किया जाता है. अगर किसी में हॉर्मोनल समस्या या कोई दूसरी दिक्कत निकलकर आती है तो उसका भी इलाज नॉर्मल एक्ने की तरह ही किया जाता है. आमतौर पर, एक्ने के इलाज में स्किन की सही से देखभाल की जाती है. एक्ने पर लगाने के लिए दवाइयां दी जाती हैं. अगर ज़रूरत हो तो डॉक्टर खाने की दवाइयां भी दे सकते हैं. जिन पुरुषों में एडल्ट एक्ने लंबे समय से है, वो एक अच्छी जीवनशैली अपनाएं. पोषण से भरपूर चीज़ें खाएं और अच्छी नींद लें. रोज़ एक्सरसाइज़ करें, आप योग या कोई दूसरी फिज़िकल एक्टिविटी भी कर सकते हैं.

(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से जरूर पूछें. ‘दी लल्लनटॉप ’आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)

वीडियो: सेहत: टॉन्सिल में भी स्टोन हो सकता है, लक्षण जान लीजिए!

Advertisement

Advertisement

()