The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Health
  • what are the health benefits of swimming

तैरने के ये सब फायदे जान लिए तो आज ही जॉइन कर लेंगे स्विमिंग क्लास!

जब आप स्विमिंग करते हैं तो सिर्फ एक-दो मसल्स नहीं, बल्कि पूरा शरीर एक साथ काम करता है. इससे पूरे शरीर की मांसपेशियां मज़बूत और टोंड हो जाती हैं.

Advertisement
pic
6 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 05:27 PM IST)
what are the health benefits of swimming
आपको तैरना आता है?
Quick AI Highlights
Click here to view more

लॉन्ग वीकेंड था. आप दोस्तों के साथ ट्रिप पर गए. वहां सबने पानी में छलांगें मारी. सिवाय आपके. क्यों? क्योंकि आपको तैरना नहीं आता. लाइफ जैकेट पहनने के बावजूद आपको पानी में कूदने से डर लग रहा था. फिर क्या हुआ? सबने एन्जॉय किया. और आपने क्या किया? सबको एन्जॉय करते देखा. अगर आपके साथ कभी ऐसा हो चुका है या होने का चांस है. तो स्विमिंग सीखना शुरू कर दीजिए क्योंकि स्विमिंग सिर्फ ट्रिप पर मज़े ही नहीं कराएगी. ये आपकी ओवरऑल हेल्थ के लिए भी बहुत अच्छी है. स्विमिंग यानी तैरने के क्या फायदे हैं? ये हमें बताया मैक्स हॉस्पिटल, वैशाली में ऑर्थोपेडिक्स डिपार्टमेंट के डायरेक्टर, डॉक्टर अखिलेश यादव ने.

dr akhilesh yadav
डॉ. अखिलेश यादव, डायरेक्टर, ऑर्थोपेडिक्स, मैक्स हॉस्पिटल, वैशाली
पूरे शरीर का व्यायाम

डॉक्टर अखिलेश कहते हैं कि तैरते समय पूरे शरीर की एक्सरसाइज़ होती है. जब आप स्विमिंग करते हैं तो सिर्फ एक-दो मसल्स नहीं, बल्कि पूरा शरीर एक साथ काम करता है. हाथ पानी को पीछे धकेलते हैं. पैर किक करते हैं. और पेट की मसल्स शरीर को बैलेंस्ड रखती हैं. इससे पूरे शरीर की मांसपेशियां मज़बूत और टोंड हो जाती हैं. 

दिल और फेफड़े होते हैं मजबूत

तैरने से दिल और फेफड़े भी मज़बूत होते हैं. देखिए, तैरते समय शरीर को ज़्यादा ऑक्सीज़न चाहिए होती है. इस ज़रूरत को पूरा करने के लिए दिल तेज़ी से खून पंप करता है. इससे खून की नलियां ज़्यादा लचीली बनती हैं, और दिल सही से काम कर पाता है.

ब्रीदिंग होती है बेहतर

वहीं, तैरते वक्त आप हर समय सांस नहीं ले सकते. आपको सही वक्त पर सांस लेनी और छोड़नी होती है. इससे ब्रीदिंग बेहतर होती है. फेफड़ों की क्षमता सुधरती है. आप कम सांस में ज़्यादा काम कर पाते हैं और शरीर ऑक्सीजन का ठीक से इस्तेमाल करना सीखता है.

heart and lungs
तैरने से दिल और फेफड़े भी मज़बूत होते हैं
वेट लॉस में मदद

तैरना एक फुल-बॉडी वर्कआउट है. इसलिए इसमें काफी कैलोरी बर्न होती है. जिससे वेट लॉस में मदद मिलती है. आपका शरीर फिट और लीन बनता है. जब आप पानी में होते हैं. तैर रहे होते हैं. तब शरीर और दिमाग दोनों रिलैक्स होते हैं. इससे स्ट्रेस कम होता है. मेंटल और फिज़िकल थकान दूर होती है. मूड सुधरता है. दिमाग एकदम फ्रेश महसूस करता है.

कितनी देर तैरना है?

आपको कितनी देर तैरना चाहिए, ये आपकी उम्र, फिटनेस और एक्सपीरियंस पर निर्भर करता है. अगर आप बिगिनर हैं तो 15-20 मिनट से शुरू करें. फिर ट्रेनर के कहे अनुसार टाइम बढ़ाते जाएं. अगर आपको स्विमिंग सीखते थोड़ा वक्त हो गया है तो आप आराम से आधा-एक घंटा तैर सकते हैं. बस ये ध्यान रखें कि हफ्ते में एक-दो दिन ब्रेक जरूर लें, ताकि शरीर थके नहीं. एक चीज और. जिन्हें दिल या सांस से जुड़ी कोई दिक्कत है. स्किन इंफेक्शन है. कोई और बीमारी है. या फिर आप प्रेग्नेंट हैं तो डॉक्टर से पूछने के बाद ही स्विमिंग करें.

(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)

वीडियो: सेहत: भूख बढ़ाने का बेस्ट तरीका!

Advertisement

Advertisement

()