The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Health
  • medicines to carry with you while travelling

घूमने का बहुत शौक है लेकिन गाड़ी में उल्टी होती है, मोशन सिकनेस होता है, तो ये दवाइयां जान लें

सफर के दौरान बहुत-से लोगों को मोशन सिकनेस होती है. इससे निपटने के लिए कुछ ओवर-द-काउंटर दवाइयां होती हैं. जैसे डाइमेनहाइड्रिनेट और मेक्लिज़िन.

Advertisement
medicines to carry with you while travelling
सफर के दौरान बहुत लोगों को कई दिक्कतें होती हैं
16 जनवरी 2025 (पब्लिश्ड: 04:31 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

आपने शाहरुख खान की ‘स्वदेश’ पिक्चर तो देखी होगी. इस फिल्म का एक गाना घुमक्कड़ों की प्लेलिस्ट में ज़रूर रहता है.

‘यूं ही चलाचल राही, यूं ही चलाचल राही, कितनी हसीन है ये दुनिया. भूल सारे झमेले, देख फूलों के मेले, बड़ी रंगीन है ये दुनिया.’

Image embed
शाहरुख खान की फिल्म ‘स्वदेश’ का एक सीन

मगर जब आप बड़ी मुश्किल से छुट्टियां लेकर इस रंगीन दुनिया को देखने निकलते हैं, तब कुछ दिक्कतें भी आपके साथ हो लेती हैं. रंग में भंग डालने वाली. 

कौन-सी हैं ये दिक्कतें? जैसे मोशन सिकनेस. यानी चलती गाड़ी में उल्टी आना. चक्कर आना. तबीयत बिगड़ना. सफर के दौरान पेट भी खूब ख़राब होता है. कब्ज़ हो जाती है. डायरिया हो जाता है. खांसी-ज़ुकाम, बुखार, मोच आना… लिस्ट लंबी है.

मगर आपके सुहाने सफर में कहीं पल-पल भारी न हो जाए. और, विपदा न आ जाए. इसके लिए कुछ बातों का ध्यान रखना और कुछ दवाइयां साथ लेकर चलना बहुत ज़रूरी है.

आज डॉक्टर से जानिए कि सफर के दौरान अगर पेट की कोई परेशानी हो तो उससे निजात कैसे पाएं. मोशन सिकनेस और उल्टी से छुटकारा पाने के लिए क्या करें. और, खांसी-ज़ुकाम, बुखार जैसी दिक्कतों से बचने का तरीका क्या है. सबसे ज़रूरी बात, कौन-सी दवाइयां सफर में साथ लेकर जाएं. और उन्हें कब और कैसे लें. अगर आप कोई ट्रिप प्लान कर रहे हैं, तो ये जानकारी आपके बहुत काम आएगी. इसलिए, नोट डाउन कर लीजिएगा.

सफर के दौरान पेट की दिक्कतों से कैसे बचें?

ये हमें बताया डॉक्टर विकास मित्तल ने. 

Image embed
डॉ. विकास मित्तल, पल्मोनोलॉजिस्ट, डायरेक्टर, वेलनेस होम क्लीनिक

सफर के दौरान पेट की दिक्कतों से बचने के लिए हैंड सैनिटाइज़र (hand sanitizer) साथ रखें. जब भी बाहर जाएं तो पका हुआ या गर्म खाना ही खाएं. इसमें कीटाणु या बैक्टीरिया होने का चांस कम होता है. अगर कच्चे फल या सब्ज़ियां खा रहे हैं तो उन्हें छीलकर ही खाएं.

साथ ही, बार-बार अपने हाथ धोएं. आंख, नाक और मुंह को छूने से पहले हाथ अच्छी तरह साफ करें. कुछ दवाइयां साथ रखना फायदेमंद हो सकता है. जैसे सबसे आम दिक्कत उल्टी आना है. उल्टी के लिए ओवर-द-काउंटर डोम्पेरिडोन (Domperidone) ले सकते हैं. ये जीभ के नीचे रखने या मुंह में घुलने वाली गोली के रूप में मिलती है. डोम्पेरिडोन को आप सफर में लेकर जा सकते हैं.

अगर रास्ते में डायरिया हो जाए तो उसके लिए एंटीबायोटिक्स की ज़रूरत नहीं होती. लेकिन, आप ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ORS) ज़रूर लेकर जाएं. प्रोबायोटिक्स का सैशे भी रख सकते हैं. दस्त रोकने के लिए लोपेरामाइड (Loperamide) ले सकते हैं. इससे डायरिया में आराम मिलेगा. हालांकि अगर डायरिया के साथ बुखार हो, तो डॉक्टर की सलाह लेकर एंटीबायोटिक लें.

उल्टी के अलावा आपको कब्ज़ हो सकती है. कब्ज़ के लिए ईसबगोल (Isabgol) लेकर जा सकते हैं. ओवर-द-काउंटर कोई भी कब्ज का सिरप लेकर जा सकते हैं.

Image embed
सफर के दौरान बहुत लोगों को उल्टी आती है (सांकेतिक तस्वीर)
मोशन सिकनेस से निपटने के लिए क्या करें?

रोड ट्रैवल में मोशन सिकनेस होना बहुत आम है. मोशन सिकनेस से निपटने के लिए कुछ ओवर-द-काउंटर दवाइयां होती हैं. जैसे डाइमेनहाइड्रिनेट (Dimenhydrinate) और मेक्लिज़िन (Meclizine). डाइमेनहाइड्रिनेट दवा को 4 से 6 घंटे में ले सकते हैं.वहीं, मेक्लिज़िन एक बार लेना ही काफी होता है. अगर आपको बहुत ज़्यादा मोशन सिकनेस होती है, तो कुछ पैचेज़ आते हैं, जिन्हें आप डॉक्टर के निर्देश पर ले सकते हैं

सफर की दूसरी दिक्कतों से कैसे बचें?

ज़ुकाम, गला खराब होने के लिए आप सिट्रीज़ीन (Cetirizine) साथ में रखकर ले जा सकते हैं. नाक के लिए सलाइन स्प्रे लेकर जा सकते हैं. ओवर-द-काउंटर कफ सिरप लेकर जा सकते हैं, जो सूखी खांसी के लिए होते हैं. कफ लोज़ेंजेस भी साथ ले जा सकते हैं. आप भाप ले सकते हैं या नमक के पानी से गरारा कर सकते हैं. 

इसके अलावा, बुखार और शरीर दर्द जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं. इनके लिए आप पैरासिटामॉल (Paracetamol) लेकर जा सकते हैं. 500 mg पैरासिटामॉल को दिन में 4 बार लिया जा सकता है. अगर पैरासिटामॉल 650 mg है, तो वो दर्द भी दूर करती है.

अगर कोई इंजरी या स्प्रेन हो गया है, तो उसके लिए आप पेन स्प्रे (Pain Spray) ले सकते हैं. इस स्प्रे को मोच की जगह पर लगाया जा सकता है.

जो लोग पहले से कोई दवा ले रहे हैं, वो अपनी दवा साथ लेकर जाएं. आप जितने दिन भी घूमने जा रहे हैं, उतने दिन की दवा अपने साथ रखें. ताकि अगर घूमने वाली जगह पर दवा न भी मिले, तो भी आपको कोई दिक्कत न हो.

(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से जरूर पूछें. ‘दी लल्लनटॉप ’आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)

वीडियो: सेहतः हर वक्त तंबाकू खाते रहते हैं? ऐसे छोड़िए अपनी लत

Advertisement

Advertisement

()