The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Health
  • How long can dal, rice, vegetables stored in the fridge, & is it harmful to eat them after many days

फ्रिज में रखा खाना भी ख़राब होता है, कैसे पहचानें कि खाने लायक नहीं रहा?

डॉक्टर से समझेंगे कि फ्रिज में खाना कितने दिन तक सेफ रहता है. दाल, चावल, सब्ज़ी और नॉनवेज वग़ैरा कितने दिन तक फ्रिज में रख सकते हैं. फ्रिज में कई दिनों से रखा खाना खाने से क्या दिक्कतें हो सकती हैं. क्या बार-बार खाना गर्म करके फ्रिज में रखना सेफ है. फ्रिज में खाना रखने का सही तरीका क्या है. और कैसे पहचानें कि फ्रिज में रखा खाना खराब हो गया है?

Advertisement
pic
6 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 04:27 PM IST)
How long can dal, rice, vegetables stored in the fridge, & is it harmful to eat them after many days
फ्रिज में कितने दिनों तक खाना रखते हैं आप?
Quick AI Highlights
Click here to view more

आपने बनाई अरहर की दाल और भिंडी की सब्ज़ी. लेकिन खाना बच गया था, तो उसे फ्रिज में रख दिया. दूसरे दिन छोले बने, तो सब्ज़ी-दाल खाई नहीं गई. तीसरे दिन पास्ता बना लिया. चौथे दिन बाहर खाने चले गए. पांचवें दिन आपको होश आया कि फ्रिज में दाल-सब्ज़ी अभी भी रखी हुई है. आपने इन्हें निकाला. गर्म किया और खा गए. लेकिन खाने के 3-4 घंटे बाद आपका पेट खराब हो गया. उल्टी भी आने लगी. जानते हैं, ऐसा क्यों हुआ? इस फ्रिज के खाने की वजह से.

‘फ्रिज में खाना रखा है, खराब थोड़े होगा.’ ये सोचकर हम कई दिनों तक फ्रिज में चीज़ें रखते हैं. कभी-कभी तो हफ्ता बीत जाता है. लेकिन ऐसा करना सही नहीं है. फ्रिज में रखा खाना भी खराब हो सकता है, भले ही वो देखने या सूंघने में नॉर्मल लगे. इसलिए डॉक्टर से समझेंगे कि फ्रिज में खाना कितने दिन तक सेफ रहता है. दाल, चावल, सब्ज़ी और नॉनवेज वग़ैरा कितने दिन तक फ्रिज में रख सकते हैं. फ्रिज में कई दिनों से रखा खाना खाने से क्या दिक्कतें हो सकती हैं. क्या बार-बार खाना गर्म करके फ्रिज में रखना सेफ है. फ्रिज में खाना रखने का सही तरीका क्या है. और कैसे पहचानें कि फ्रिज में रखा खाना खराब हो गया है.

फ्रिज में खाना कितने दिन तक सेफ रहता है?

ये हमें बताया डॉक्टर श्रेय श्रीवास्तव ने. 

dr shrey srivastava
डॉ. श्रेय श्रीवास्तव, असिस्टेंट प्रोफेसर, इंटरनल मेडिसिन, शारदा हॉस्पिटल

फ्रिज में रखा खाना एक-दो दिन के लिए ही सेफ माना जाता है. अगर दाल की बात करें, तो उसे एक दिन ही फ्रिज में रखना चाहिए. चावल को एक दिन और सब्ज़ियों को एक से दो दिन रखना चाहिए. वहीं, नॉनवेज खाने को ज़्यादा से ज़्यादा 2 दिन ही फ्रिज में रखें. कुल मिलाकर, फ्रिज में खाने को एक-दो दिन तक ही रखना चाहिए.

फ्रिज में रखा पुराना खाना खाने से क्या दिक्कतें?

ज़्यादा दिन तक फ्रिज में रखा खाना खाने से फूड पॉइज़निंग हो सकती है. यानी उल्टी, दस्त, पेटदर्द, बुखार और शरीर पर चकत्ते पड़ सकते हैं.

कैसे पहचानें, फ्रिज में रखा खाना खराब हो गया?

ज़रूरी नहीं कि खाना बदबू करे, तभी वो खराब है. खाने के रंग को ध्यान से देखें. अगर खाने के रंग में कुछ बदलाव है. उसके ऊपर कोई चिपचिपी परत है. काले रंग का फंगस दिख रहा है. तब ऐसे खाने को बिल्कुल न खाएं.

reheat food
बार-बार खाना गर्म करके फ्रिज में न रखें (फोटो: Freepik)
बार-बार खाना गर्म करके फ्रिज में रखना सेफ?

बार-बार खाना गर्म करना बिल्कुल सेफ नहीं है. इसमें ऐसे ज़हरीले पदार्थ (टॉक्सिंस) बन जाते हैं जो गर्म करने से भी खत्म नहीं होते. खास तरह के बैक्टीरिया ये टॉक्सिंस बनाते हैं. इसलिए उतना ही खाना निकालें जितना आपको खाना है, और उसी को गर्म करें. बार-बार पूरा खाना गर्म करने से टॉक्सिंस शरीर में जाकर नुकसान कर सकते हैं. इससे पेट दर्द, दस्त और कई दिक्कतें हो सकती हैं.

खाने को फ्रिज में रखने का सही तरीका

- खाना बनने के 2 घंटे के अंदर ही फ्रिज में रख दें

- फ्रिज का तापमान 4°C से कम रखें

- फ्रिज में रखा खाना समय-समय पर चेक करते रहें

- खाने को हमेशा एयरटाइट डिब्बे में रखें

- सबसे अच्छा है कि ताज़ा खाना ही खाएं

- अगर खाने के टेक्सचर में थोड़ा भी बदलाव लगे या खाना खराब लगे, तो उसे बिल्कुल भी न खाएं

 अगर आप भी फ्रिज में हफ्तों तक खाना रखते हैं, तो अब से ऐसा करना बंद कर दीजिए. ये आपके लिए बिल्कुल भी सेफ नहीं है.

(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)

वीडियो: सेहत: कान में दर्द हो तो तेल भूलकर भी मत डालना

Advertisement

Advertisement

()