The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Health
  • Four skincare mistakes that may be damaging your skin

रोज़ की ये 4 आदतें स्किन को भयंकर नुकसान पहुंचा रहीं, आपको पता भी नहीं

चाहे कितने भी महंगे एंटी-एंजिंग सिरम या क्रीम लगा लें. अगर रोज़ कुछ खास गलतियां कर रहे हैं, तो ये प्रोडक्ट्स स्किन पर कतई असर नहीं करेंगे.

Advertisement
pic
1 जून 2026 (पब्लिश्ड: 04:54 PM IST)
Four skincare mistakes that may be damaging your skin
सिर्फ स्किनकेयर प्रोडक्ट्स लगाने से कुछ नहीं होगा, आदतें भी सुधारनी पड़ेंगी
Quick AI Highlights
Click here to view more

चेहरे पर मुंहासे हैं. लेकिन क्रीम और जेल लगाने के बाद भी आराम नहीं मिल रहा. स्किन बुरी तरह ड्राई हो चुकी है. खूब स्किनकेयर करते हैं, पर कोई खास फायदा नहीं. डार्क सर्कल्स कम नहीं हो रहे. चेहरा हर वक्त थका हुआ नज़र आता है. और इन सब में गलती स्किनकेयर प्रोडक्ट्स की नहीं, आपकी है. चाहे कितने भी महंगे एंटी-एंजिंग सिरम या क्रीम लगा लें. अगर रोज़ कुछ खास गलतियां कर रहे हैं, तो ये प्रोडक्ट्स स्किन पर कतई असर नहीं करेंगे.

आपकी रोज़ की कौन-सी आदतें स्किन को नुकसान पहुंचाती हैं और क्यों, जानेंगे आज. डॉक्टर से ये भी समझेंगे कि स्किनकेयर प्रोडक्ट्स ज़्यादा ज़रूरी हैं या अच्छी लाइफस्टाइल. स्किन को हेल्दी और ग्लोइंग बनाने के लिए क्या करना चाहिए. और गर्मियों में स्किनकेयर रुटीन कैसा हो. 

रोज़ की कौन-सी आदतें स्किन डैमेज करती हैं?

ये हमें बताया डॉक्टर स्मृति नाथानी ने. 

dr smriti nathani
डॉ. स्मृति नाथानी, कंसल्टेंट प्लास्टिक सर्जन, तमीरालाइफ

चार चीज़ें स्किन को सबसे ज़्यादा नुकसान पहुंचाती है. पहली है कम नींद और लगातार स्ट्रेस. नींद और स्ट्रेस एक-दूसरे से जुड़े होते हैं. पर्याप्त नींद न लेने पर डार्क सर्कल्स बढ़ सकते हैं. अच्छी नींद के बिना शरीर खुद को ठीक से रिपेयर नहीं कर पाता. कम नींद से शरीर में स्ट्रेस हॉर्मोन भी बढ़ने लगते हैं. इससे शरीर में अंदरूनी सूजन बढ़ सकती है. नतीजा? स्किन डल दिखती है और स्किन से जुड़ी परेशानियां भी बढ़ने लगती हैं. अंदरूनी सूजन बढ़ने से एक्ने बढ़ सकता है. ज़्यादा बाल झड़ने की समस्या भी हो सकती है.

दूसरी आदत है ज़रूरत से ज़्यादा स्किनकेयर करना. ओवर स्किनकेयर से स्किन को नुकसान पहुंच सकता है. आजकल सोशल मीडिया पर हर स्किनकेयर प्रोडक्ट ज़रूरी बताया जाता है, लेकिन ऐसा नहीं है. स्किनकेयर करना अच्छी बात है. मगर ज़रूरत से ज़्यादा स्किनकेयर नुकसान पहुंचा सकता है. बार-बार एक्सफोलिएशन से स्किन डैमेज हो सकती है. एक्सफोलिएशन यानी डेड स्किन सेल्स हटाना. ज़्यादा एसिड्स वाले प्रोडक्ट्स से भी स्किन को नुकसान हो सकता है. बिना स्किन टाइप जाने प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने से स्किन बैरियर कमज़ोर हो सकता है. वहीं, बहुत एक्सफोलिएशन से स्किन की संवेदनशीलता बढ़ सकती है.

तीसरी आदत है पर्याप्त सनस्क्रीन न लगाना. बार-बार धूप और तेज़ रोशनी भी स्किन को नुकसान पहुंचाती है. 

चौथी ज़रूरी चीज़ है सही डाइट लेना. कई लोग बताते हैं कि वो डॉक्टर की बताई सारी चीज़ें कर रहे हैं. क्रीम्स लगा रहे हैं, फिर भी एक्ने कम नहीं हो रहा. इसकी एक बड़ी वजह ज़्यादा शुगर, ऑयली फूड और जंक फूड खाना है. ये सभी मिलकर स्किन को बुरी तरह प्रभावित करते हैं. शरीर में अंदरूनी सूजन और शुगर से होने वाला नुकसान बढ़ने लगता है. इसकी वजह से स्किन पर दवा का असर ठीक से नहीं हो पाता. 

स्किनकेयर प्रोडक्ट्स बनाम लाइफस्टाइल  

मार्केट में एक्ने और एंटी-एजिंग के लिए कई तरह के सिरम मौजूद हैं. लेकिन सिर्फ स्किनकेयर प्रोडक्ट्स ही सबकुछ नहीं होते. अच्छी स्किन की असली नींव कम स्ट्रेस, अच्छी नींद और हेल्दी खाना है. अगर स्किन से जुड़ी कोई गंभीर समस्या है. तब घरेलू इलाज करने के बजाय डॉक्टर से सही इलाज कराना ज़रूरी है. यही स्किनकेयर की सही नींव है. एक्सरसाइज़ भी स्किन के लिए बहुत ज़रूरी है. कई लोग एक्सरसाइज़ को गंभीरता से नहीं लेते. लेकिन रोज़ एक्सरसाइज़ से स्किन में नेचुरल निखार आता है.

moisturizer
स्किन टाइप के हिसाब से हल्का जेल या वॉटर-बेस्ड मॉइश्चराइज़र लगाएं
स्किन को हेल्दी बनाने के लिए क्या करें?

फल, सलाद, हरी सब्ज़ियां और प्रोटीन स्किन सुधारने के लिए बहुत ज़रूरी हैं. हमारे शरीर की तो नींव ही प्रोटीन है. प्रोटीन सिर्फ एक्सरसाइज़ करने वालों के लिए ही नहीं है. ये अच्छी स्किन के लिए भी बहुत ज़रूरी होता है. अक्सर हम नींद और स्ट्रेस जैसी चीज़ों को नज़रअंदाज़ कर देते हैं. लेकिन यही आदतें स्किन की असली नींव बनती हैं. डायबिटीज़, ब्लड प्रेशर और थायरॉइड से जुड़ी दिक्कतों को भी कंट्रोल करना ज़रूरी है. एक्ने की वजह से कई बच्चे और युवा स्ट्रेस में आ जाते हैं. ज्यादा स्ट्रेस लेने से एक्ने बढ़ सकता है. इसलिए सही समय पर सही इलाज कराना बहुत ज़रूरी होता है.

गर्मियों में स्किनकेयर रुटीन कैसा हो?

गर्मियों में स्किन से जुड़ी कई दिक्कतें बढ़ जाती हैं. जैसे स्किन ऑयली होना, टैनिंग और खूब पसीना आना. इससे पिगमेंटेशन होता है. पिगमेंटेशन यानी स्किन पर धब्बे पड़ना. एक्ने भी बढ़ सकता है.

गर्मियों में आसान और बेसिक स्किनकेयर रुटीन अपनाना चाहिए. सुबह और शाम हल्के फेसवॉश या क्लींज़र से चेहरा साफ करें. अपनी स्किन टाइप के हिसाब से हल्का जेल या वॉटर-बेस्ड मॉइश्चराइज़र लगाएं. विटामिन C सिरम भी इस्तेमाल कर सकते हैं. ये स्किन को सुरक्षित रखने में मदद करता है. इसके बाद सनस्क्रीन लगाना बहुत ज़रूरी है. गर्मियों में 50 SPF वाली सनस्क्रीन लगाना ठीक रहेगा. 

स्किनकेयर के साथ कुछ और चीज़ें भी ज़रूरी हैं. जैसे शरीर और स्किन को हाइड्रेट करना. हाइड्रेटेड रहने के लिए सिर्फ पानी पीना अच्छा है. पर हाइड्रेशन बनाए रखने के लिए कुछ बदलाव भी किए जा सकते हैं. जैसे फ्रूट जूस या पानी में चिया सीड्स मिलाकर पीना. इससे शरीर लंबे समय तक हाइड्रेट रह सकता है. रात में चेहरा साफ किए बिना सोना बड़ी गलती हो सकती है. हमेशा मेकअप हटाकर ही सोएं. ज़रूरत पड़ने पर डबल क्लींज़िंग भी की जा सकती है.

रात में बिना कुछ लगाए सोना भी एक बड़ी गलती है. इससे रातभर में स्किन डिहाइड्रेट हो सकती है. सोने से पहले हल्का मॉइश्चराइज़र लगाना अच्छी आदत है. कई लोग सिर्फ चेहरे की देखभाल करते हैं. लेकिन गर्दन और हाथों को नज़रअंदाज़ कर देते हैं. गर्मियों में हाथों और गर्दन पर भी उतना ही असर पड़ता है जितना चेहरे पर. इसलिए स्किनकेयर करते समय चेहरे, गर्दन और हाथों तीनों का ध्यान रखना चाहिए. सिर्फ चेहरे पर ही फोकस नहीं करना चाहिए.

स्किन एक दिन में ठीक नहीं होती. पहले आप अपनी आदतें सुधारिए. धीरे-धीरे स्किन खुद को रिपेयर करने लगेगी, और उसका असर चेहरे पर भी दिखेगा.

(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.) 

वीडियो: सेहत: इस बीमारी में गेहूं खाया तो आंतें ख़राब हो जाएंगी

Advertisement

Advertisement

()