The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Health
  • does beer really help pass kidney stones or can it make things worse

बीयर से किडनी स्टोन निकल जाता है? आज डॉक्टर से एक-एक बात जान लीजिए

कई लोग मानते हैं कि बीयर पीने से किडनी स्टोन निकल जाता है. फिर न दवाई खाने की ज़रूरत पड़ती है और न सर्जरी कराने की नौबत आती है. आज ये सब डॉक्टर से जानेंगे. ये भी पता करेंगे कि किडनी स्टोन होने पर डाइट कैसी होनी चाहिए. कौन-सी चीज़ें ज़रूर खानी-पीनी चाहिए. किन चीज़ों को कम कर देना चाहिए. और किन चीज़ों को बिल्कुल भी नहीं खाना चाहिए.

Advertisement
pic
27 मार्च 2026 (अपडेटेड: 27 मार्च 2026, 03:13 PM IST)
does beer really help pass kidney stones or can it make things worse
बीयर को लेकर कई लोग ऐसा सोचते हैं
Quick AI Highlights
Click here to view more

‘किडनी में पथरी है? दो बीयर पी जाओ. पथरी अपने आप निकल जाएगी.’ जिन्हें भी किडनी स्टोन है. या पहले कभी हुआ है. उन्होंने ये सलाह ज़रूर सुनी होगी. कई लोग मानते हैं कि बीयर पीने से किडनी स्टोन निकल जाता है. फिर न दवाई खाने की ज़रूरत पड़ती है. न सर्जरी कराने की नौबत आती है. 

लेकिन इस बात में कोई सच्चाई है भी या नहीं? क्या बीयर पीने से किडनी स्टोन ठीक हो जाता है? डॉक्टर से समझेंगे. ये भी पता करेंगे कि किडनी स्टोन होने पर डाइट कैसी होनी चाहिए. कौन-सी चीज़ें ज़रूर खानी-पीनी चाहिए. किन चीज़ों को कम कर देना चाहिए. और किन चीज़ों को बिल्कुल भी नहीं खाना चाहिए. 

किडनी स्टोन होने पर क्या खाएं?

ये हमें बताया डॉक्टर प्रशांत जैन ने.

dr prashant jain
डॉ. प्रशांत जैन, एसोसिएट डायरेक्टर, यूरोलॉजी, पीएसआरआई हॉस्पिटल

कुल 6 चीज़ें हैं, जिनका ध्यान रखना चाहिए. सबसे पहला है पानी. रोज़ 2 से 2.5 लीटर पानी पिएं. कुल लिक्विड 3 से 3.5 लीटर होना चाहिए. सादा पानी थोड़ी-थोड़ी देर में पीते रहें. पानी इतना पिएं कि डेढ़ लीटर तक पेशाब बने. 

दूसरा, नींबू पानी और नारियल पानी भी पिएं. इनमें साइट्रेट होता है, जो स्टोन बनने से रोकता है. नारियल पानी में ऐसे तत्व होते हैं, जो कैल्शियम को ऑक्सलेट से जुड़ने नहीं देते. 

तीसरा, कैल्शियम से भरपूर चीज़ें खाएं. जैसे दूध, दही, लस्सी, पनीर और छाछ. ये मिथ है कि कैल्शियम खाने से स्टोन बनता है. कैल्शियम की टैबलेट से स्टोन बनने का चांस बढ़ सकता है, लेकिन नेचुरल कैल्शियम शरीर के लिए ज़रूरी है. अगर शरीर को पर्याप्त कैल्शियम नहीं मिलता, तो वो हड्डियों से कैल्शियम लेकर खून में भेजता है. इससे स्टोन बनने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए नेचुरल कैल्शियम लेना ज़रूरी है. 

चौथा, मौसमी फल खाएं. खासकर ऐसे फल जिनमें पानी ज़्यादा है. जैसे खीरा, तरबूज़ और खरबूज़ा. आप ब्रॉकली खा सकते हैं. इसमें पोटैशियम होता है, जो स्टोन बनने से रोकता है.

पांचवा, आप जौ की रोटी खा सकते हैं. जौ को भिगोकर उसका पानी पी सकते हैं. इससे स्टोन बनने का चांस कम हो जाता है. आप रागी और बाजरा की रोटी भी बना सकते हैं. 

छठवां, चावल में ब्राउन राइस खाना बेहतर है.

spinach and brinjal
पालक और बैंगन जैसी ऑक्सलेटयुक्त चीज़ें कम खाएं
किडनी स्टोन है, तो कौन-सी चीज़ें कम खाएं?

नमक कम खाएं. चीनी कम खाएं. चाय और कॉफी कम लें. इनमें ऑक्सलेट ज़्यादा होता है. ये शरीर से पानी भी कम कर देते हैं. इसलिए चाय, कॉफी कम पिएं. गेहूं का आटा और सफेद चावल कम खाएं. ऑक्सलेट युक्त चीज़ें कम खाएं, जैसे पालक और बैंगन. हालांकि इन्हें पूरी तरह बंद करने की ज़रूरत नहीं है. बस इन्हें बार-बार और ज़्यादा मात्रा में न खाएं. ड्राई फ्रूट्स भी कम खाएं. इनमें ऑक्सलेट होता है, जो स्टोन बनने में मदद कर सकता है. नॉन-वेज कम करें. इन सभी बातों का ध्यान रखना ज़रूरी है.

किडनी स्टोन है, तो कौन-सी चीज़ें बिल्कुल नहीं खानी हैं?

बाहर का खाना अवॉइड करें. इसमें ज़्यादा तेल-मसाला होता है, जो शरीर के कई अंगों पर बुरा असर डाल सकता है. इससे खाने के पोषक तत्व सही से एब्ज़ॉर्व नहीं हो पाते. आंतों में कैल्शियम और दूसरे तत्वों का संतुलन बिगड़ सकता है. अगर पेट खराब हो जाए, तो डिहाइड्रेशन हो सकता है. बहुत ज़्यादा तली-भुनी चीज़ों को भी अवॉइड करें. बाहर का तेल सेहत के लिए अच्छा नहीं होता. साथ ही, रेड मीट खाने से बचें. ये स्टोन बनने का ख़तरा बढ़ा सकता है.

beer
बीयर पीना सेहत के लिए नुकसानदेह है (फोटो: Freepik)
क्या बीयर पीने से किडनी स्टोन गल जाता है?

लोग अक्सर पूछते हैं कि बीयर पीने से कितना फायदा होता है. ये मिथ है कि बीयर पीने से स्टोन नहीं बनता या पथरी निकल जाती है. बीयर एक डाइयूरेटिक है, यानी ये पेशाब बढ़ाती है. इसलिए लोगों को लगता है कि अगर छोटी पथरी कहीं फंसी होगी, तो ज़्यादा पेशाब के दबाव से वो निकल सकती है. लेकिन बीयर में प्यूरिन और ऑक्सलेट होते हैं. ये दोनों किडनी में स्टोन बनने का ख़तरा बढ़ाते हैं. 

बीयर शरीर को डिहाइड्रेट भी करती है. जब शरीर में पानी कम होता है, तो स्टोन बनने का खतरा बढ़ जाता है. हाइड्रेट रहने से स्टोन का रिस्क घटता है, जबकि डिहाइड्रेशन से स्टोन का रिस्क बढ़ता है. इसलिए बीयर बिल्कुल भी न पिएं, इससे स्टोन नहीं निकलता. बीयर शरीर में फैट बढ़ाती है, इससे मोटापा बढ़ता है. मोटापे से डायबिटीज़ और दूसरी बीमारियां हो सकती हैं. ये सभी चीज़ें आगे चलकर स्टोन बनाने में मदद कर सकती हैं.

(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)

वीडियो: सेहत: बिना सर्जरी फाइमोसिस कैसे होगा ठीक?

Advertisement

Advertisement

()