The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Health
  • common mistakes with pimple patches know right way to use it

ये 3 गलतियां कीं तो पिंपल पैच काम नहीं करेगा, इस्तेमाल का सही तरीका जानें

पिंपल पैच एक छोटा-सा स्टिकर जैसा ड्रेसिंग होता है. ये हाइड्रोकोलॉइड मटेरियल से बना होता है. इसे सीधे पिंपल के ऊपर चिपकाया जाता है, ताकि पिंपल जल्दी ठीक हो सके.

Advertisement
pic
1 मई 2026 (अपडेटेड: 1 मई 2026, 07:33 PM IST)
common mistakes with pimple patches know right way to use it
पिंपल पैच लगाने से पिंपल जल्दी ठीक होते हैं
Quick AI Highlights
Click here to view more

कोई फंक्शन हो. किसी ट्रिप पर जाना हो. हर बड़े इवेंट से पहले चेहरे पर निकल आते हैं पिंपल. अब नॉर्मली एक पिंपल को पूरी तरह ठीक होने में तीन से सात दिन का टाइम लगता है. इसलिए कई लोग सहारा लेते हैं पिंपल पैच का. ये छोटे, पतले और गोल-से स्टिकर होते हैं. इन्हें सीधे पिंपल पर चिपकाना होता है. फिर कुछ घंटों बाद पिंपल थोड़ा सूखा और कम नज़र आने लगता है. धीरे-धीरे पिंपल बिल्कुल ठीक हो जाता है.

लेकिन कई बार कुछ लोगों पर पिंपल पैच बिल्कुल काम नहीं करते. ऐसा होता है उनकी कुछ गलतियों की वजह से. जिनके बारे में आज हम सेहत के इस एपिसोड में बात करेंगे. डॉक्टर से जानेंगे कि पिंपल पैच किस चीज़ के बने होते हैं. ये कैसे काम करते हैं. क्या ये हर तरह का पिंपल ठीक कर देते हैं. इन्हें लगाने का सही तरीका क्या है. और कब पिंपल पैच इस्तेमाल नहीं करने चाहिए. 

पिंपल पैच क्या है?

ये हमें बताया डॉक्टर निहारिका गोयल ने. 

dr niharika goyal
डॉ. निहारिका गोयल, कंसल्टेंट, डर्मेटोलॉजिस्ट, स्वस्थम वेलनेस क्लीनिक, नई दिल्ली

पिंपल पैच एक छोटा-सा स्टिकर जैसा ड्रेसिंग होता है. ये हाइड्रोकोलॉइड मटेरियल से बना होता है. इसे सीधे पिंपल के ऊपर चिपकाया जाता है, ताकि पिंपल जल्दी ठीक हो सके. हाइड्रोकोलॉइड ऐसा मटेरियल है, जो आमतौर पर घाव भरने में भी इस्तेमाल किया जाता है.

पिंपल पैच कैसे काम करता है?

जब पिंपल पैच को पिंपल पर लगाया जाता है. तब ये एक्स्ट्रा ऑयल (सीबम) को सोख लेता है और पस सुखा देता है. ये पैच पिंपल के ऊपर चिपक जाता है. इस तरह ये पिंपल को धूल, प्रदूषण और बैक्टीरिया से भी बचाता है. पिंपल कभी भी छीलना या दबाना नहीं चाहिए. जब पिंपल पैच लगा होता है, तो आप पिंपल को छीलने से भी बच रहे रहते हैं.

क्या इससे पिंपल सच में ठीक हो जाते हैं?

हां, पिंपल पैच से पिंपल ठीक हो सकते हैं. लेकिन ये इस बात पर निर्भर करता है कि पिंपल किस प्रकार का है. अगर छोटा लाल दाना है या पस वाला पिंपल है. तब पिंपल पैच उसे सुखाने में मदद कर सकता है. लेकिन अगर ब्लैकहेड्स, व्हाइटहेड्स, कॉमेडोन्स, सिस्टिक एक्ने या नोडुलर एक्ने है. तब इन पर पिंपल पैच का कोई खास असर नहीं होता है.

pimple patch
हर तरह के पिंपल पर पिंपल पैच काम नहीं करते
पिंपल पैच इस्तेमाल करने का सही तरीका क्या है?

पिंपल पैच हमेशा साफ़ और सूखी स्किन पर लगाना चाहिए. सबसे पहले फे़स वॉश से अपना चेहरा अच्छी तरह साफ़ करें. फिर चेहरे को पूरी तरह सुखा लें. चेहरे पर कोई क्रीम, सीरम या सनस्क्रीन न लगाएं. सूखी स्किन पर पहले पिंपल पैच लगाना है. अगर कुछ और लगा होगा, तो पिंपल पैच चिपकेगा नहीं. इसलिए हमेशा सूखी स्किन पर ही पिंपल पैच लगाएं. इसे कम से कम 6–8 घंटे या फिर रातभर लगा सकते हैं. ये पिंपल को जल्दी ठीक होने में मदद करता है. कई लोग पिंपल पैच को दोबारा इस्तेमाल करने लगते हैं. ऐसा नहीं करना चाहिए, ये बड़ी गलती है. एक बार पिंपल पैच स्किन पर लगा लिया, तो उसे 6 से 8 घंटे बाद हटा सकते हैं.

कब पिंपल पैच इस्तेमाल नहीं करना चाहिए?

अगर स्किन पर खुला घाव है, तो पिंपल पैच न लगाएं. अगर पिंपल से चिपचिपा तरल, पस या खून निकल रहा है. तब भी पिंपल पैच इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. अगर आपको नोडुलर एक्ने या सिस्टिक एक्ने हैं यानी गहरे, दर्द वाले पिंपल हैं. तब भी पिंपल पैच न लगाएं क्योंकि वो काम नहीं करेगा. ऐसे मामलों में बेहतर है कि आप सीधे स्किन स्पेशलिस्ट (डर्मेटोलॉजिस्ट) से मिलें.

(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)  

वीडियो: सेहत: गर्मियों में थकान, कमज़ोरी, चक्कर से बचना है तो ये चीज़ हमेशा अपने पास रखें

Advertisement

Advertisement

()