The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Salman Khan promotes Tiger 3 at India Vs Pakistan world cup 2023 match

इंडिया-पाक मैच में 'टाइगर 3' प्रमोट करने पहुंचे सलमान ने विराट कोहली और धोनी पर क्या कहा?

सलमान ने 'टाइगर 3' के बारे में बात करते हुए कहा कि जब ट्रेलर आएगा, तो सबको पता चलेगा कि इस फिल्म का लेवल क्या है.

Advertisement
pic
14 अक्तूबर 2023 (पब्लिश्ड: 12:49 PM IST)
tiger 3, salman khan, india vs pakistan,
इंडिया-पाकिस्तान मैच से पहले स्टार स्पोर्स्ट के स्टूडियो में सलमान. दूसरी तरफ 'टाइगर 3' का एक सीन.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Salman Khan की Tiger 3 आने वाली है. फिल्म के प्रमोशन के लिए YRF ने Star Sports के साथ डील की है. उसकी शुरुआत हुई India Vs Pakistan के बीच होने वाले World Cup 2023 मैच में. 14 अक्टूबर को सलमान, इस मैच से पहले होने वाले इवेंट में पहुंचे थे. यहां उन्होंने अपनी फिल्म से लेकर इंडिया-पाकिस्तान मैच को लेकर पागलपन पर बात की. Virat Kohli की भी चर्चा हुई. मगर सलमान ने बताया कि उनके पसंदीदा क्रिकेट प्लेयर MS Dhoni हैं और हमेशा वही रहेंगे.

स्टार स्पोर्ट्स के स्टूडियो में सलमान से पूछा गया कि पब्लिक ने 'एक था टाइगर' और 'टाइगर ज़िंदा है' का एक्शन देखा है. उन फिल्मों का एक्शन कमाल का है. 'टाइगर 3' में क्या होने वाला है. इस पर सलमान ने कहा-

"ये 'टाइगर 1' और 'टाइगर 2' से 10 गुणा ज़्यादा है. ये अलग लेवल की पिक्चर है. इस पिक्चर में कटरीना और मैंने बहुत मेहनत की है. काफी एक्शन है. आदि (आदित्य चोपड़ा) ने बहुत बड़ी पिक्चर बनाई है. ये क्रॉसओवर वाली फिल्म है. लोगों में एक चाह है ये पिक्चर देखने के लिए. वो मैंने आज तक अपने पूरे करियर में कभी नहीं देखा. एक टीज़र रिलीज़ किया था, उस क्या रिएक्शन आया था. ट्रेलर आएगा 16 तारीख को तो आपको समझ में आ जाएगा कि इस फिल्म का लेवल ही कुछ और है."

सलमान ने इस इवेंट में ये भी बताया कि वो भी शुरू में क्रिकेट खेलते थे. एक बार उनका गेम देखने के लिए उनके पिता सलीम खान को भी बुला लिया गया था. सलमान को लगा कि मामला सीरियस हो रहा है. उन्हें क्रिकेट में करियर नहीं बनाना था. इसलिए वो उस मैच में पहले ही बॉल पर आउट हो गए.

इस बातचीत के दौरान ज़िक्र छिड़ा विराट कोहली. एंकर ने कहा कि जब पाकिस्तान को पीटने की बात आती है, तो विराट से बेहतर कोई नहीं है. इस पर सलमान ने अपनी सहमति जताते हुए कहा-

"वाकई. वो देश के दबंग प्लेयर हैं."

इंडिया-पाकिस्तान मैच में खिलाड़ियों पर बनने वाले प्रेशर को लेकर बात हो रही थी. इस पर सलमान की सलाह थी-

"प्रेशर तो बहुत ही होगा. मगर आप जाओ और स्टेडियम के बाहर मारो. फुल कॉन्फिडेंस के साथ खेलो."

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाला ये मैच हाउसफुल हो चुका है. टिकटें सोल्ड आउट हो चुकी हैं. इस मैच के चक्कर में पूरे शहर में महंगाई बढ़ गई है. इस मामले में अपनी पिक्चर प्लग-इन करते हुए सलमान ने कहा-

"जैसे ये हाउसफुल हो गया है, वो (टाइगर 3) भी हाउसफुल हो जाए बस."  

इंडिया-पाकिस्तान मैच के अलावा वर्ल्ड कप के तमाम बड़े मैचेज़ में 'टाइगर 3' को प्रमोट किया जाना है. हालांकि हर मौके पर सलमान सशरीर खुद उपलब्ध नहीं होंगे. मगर उनकी फिल्मों के प्रमोशनल मटीरियल स्टार स्पोर्ट्स पर मैच के दौरान दिखाए जाएंगे. इसके अलावा उन्होंने वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए कई ब्रांड्स के लिए ऐड शूट भी किए हैं, जिन्हें स्टार स्पोर्ट्स पर मैचेज़ के बीच दिखाया जाएगा.

खबरें हैं कि यशराज फिल्म्स ने 'टाइगर 3' के लिए चार प्रोमोज़ तैयार किए हैं. ये फिल्म की रिलीज़ से पहले अलग-अलग मौकों पर रिलीज़ किए जाएंगे. मगर उस सबसे पहले 16 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे 'टाइगर 3' का ट्रेलर आएगा. इसी के साथ फिल्म की रिलीज़ डेट भी अनाउंस की जाएगी. कई रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया जा रहा है कि 'टाइगर 3' दीवाली के दिन यानी 12 नवंबर को रिलीज़ हो सकती है. हिंदी सिनेमा के इतिहास में ये शायद पहली फिल्म होगी, जिसे रविवार को रिलीज़ किया जाएगा.

'टाइगर 3' में सलमान के साथ कटरीना कैफ, इमरान हाशमी, रणवीर शौरी, रेवती और रिधि डोगरा जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. इस फिल्म को मनीष शर्मा ने डायरेक्ट किया है. 

वीडियो: 'टाइगर 3' से पहले हॉलीवुड की वजह से हिंदी फिल्मों की IMAX रिलीज़ टली, सलमान खान ने बदला ले लिया

Advertisement

Advertisement

()