सलमान खान की 'टाइगर 3' की वजह से MCU की फिल्म 'द मार्वल्स' को नहीं मिल रहे IMAX स्क्रीन्स
अमूमन ऐसा होता है कि IMAX में हॉलीवुड फिल्में रिलीज़ होती हैं, बॉलीवुड को साइड कर दिया जाता है. मगर सलमान की 'टाइगर 3' ने खेल पलट दिया है.
.webp?width=210)
Salman Khan की Tiger 3 का बज़ रफ्तार पकड़ चुका है. 14 अक्टूबर को India Vs Pakistan के बीच होने वाले World Cup 2023 मैच से फुल फ्लेज्ड प्रमोशंस शुरू हो रहे हैं. 16 अक्टूबर को फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया जाना है. इस सबके बीच में मेकर्स फिल्म से सलमान और Katrina Kaif के कैरेक्टर पोस्टर्स रिलीज़ कर रहे हैं. 'टाइगर 3' के साथ मार्वल की फिल्म The Marvels रिलीज़ हो रही है. मार्वल की फिल्में IMAX फॉरमैट में रिलीज़ की जाती हैं. मगर 'टाइगर 3' के चक्कर मे 'द मार्वल्स' को IMAX स्क्रीन्स नहीं मिलने की बात कही जा रही है. अमूमन जब भी किसी हॉलीवुड फिल्म के साथ कोई इंडियन फिल्म IMAX में रिलीज़ होती है, तो IMAX थिएटर्स हॉलीवुड वाली फिल्म को तरजीह देते हैं. मगर 'टाइगर 3' ने खेल पलट दिया है.
बीते दिनों 'टाइगर 3' के जो पोस्टर्स रिलीज़ किए गए हैं, उनमें बताया गया है कि फिल्म IMAX में भी रिलीज़ होगी. दुनियाभर में हॉलीवुड फिल्मों को हिंदी फिल्मों के ऊपर ज़्यादा तरजीह दी जाती है. इसलिए ज़्यादातर IMAX स्क्रीन्स हॉलीवुड फिल्मों को दिए जाते हैं. यही चलन इंडिया में भी चल रहा था. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक IMAX कॉर्पोरेशन नहीं चाहती कि दो IMAX फिल्में एक ही दिन रिलीज़ हों. बहुत बचने-बचाने के बावजूद भी जब ऐसा हो जाता है, तो हिंदी फिल्मों को दरकिनार कर अंग्रेज़ी पिक्चर को IMAX स्क्रीन्स दे दिए जाते हैं.
जब प्रभास की 'आदिपुरुष' रिलीज़ हुई, तभी DC की फिल्म 'द फ्लैश' रिलीज़ हुई थी. इसलिए 'आदिपुरुष' को IMAX में रिलीज़ नहीं किया गया. इससे पहले रणवीर सिंह की '83' भी 'स्पाइडर मैन- नो वो होम' के साथ रिलीज़ हुई थी. इसलिए '83' को भी IMAX स्क्रीन्स मुहैया नहीं हुए. मगर 'टाइगर 3' के केस में मामला उलट गया है. यशराज फिल्म्स ने पहले ही देशभर के तमाम स्क्रीन्स बुक कर लिए हैं. इसमें IMAX स्क्रीन्स भी शामिल हैं.
'टाइगर 3' की टक्कर होनी है 'द मार्वल्स' के साथ. मगर 'द मार्वल्स' को गिने-चुने IMAX स्क्रीन्स पर रिलीज़ किया जाएगा. क्योंकि अधिकतर IMAX स्क्रीन्स पर 'टाइगर 3' लगेगी. एक्चुअल स्थिति क्या होगी, ये अगले डेढ़-दो हफ्तों में ज़्यादा साफ हो पाएगा. इसके पीछे की वजह यशराज फिल्म्स के डिस्ट्रिब्यूशन विंग की तेज़-तर्रारी और सलमान खान के सुपरस्टारडम को माना जा रहा है.
IMAX नॉर्मल थिएटर से अलग होते हैं. इनमें स्क्रीन्स का साइज़ बड़ा होता है. पिक्चर की क्लैरिटी बेहतर होती है. ये बुनियादी फर्क हैं. और भी अंतर होते हैं, लेकिन अभी उस टेक्निकैलिटीज़ में नहीं पड़ते हैं.
जहां तक बात रही 'टाइगर 3' की, तो मेकर्स ने अब तक फिल्म की आधिकारिक रिलीज़ डेट अनाउंस नहीं की है. इस फिल्म में सलमान खान के साथ कटरीना कैफ, इमरान हाशमी, रणवीर शौरी, रेवती और रिधि डोगरा जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. 'टाइगर 3' को मनीष शर्मा ने डायरेक्ट किया है.
वीडियो: शाहरुख खान के फैन्स ने सिनेमाघरों से सलमान खान की टाइगर 3 का पोस्टर उखाड़ा, पुलिस पकड़ ले गई

