'टाइगर 3' का ट्रेलर आने से पहले फिल्म की रिलीज़ डेट बाहर आ गई!
'टाइगर 3' के मेकर्स नवंबर की सबसे बड़ी छुट्टी पर अपनी फिल्म लाने वाले हैं. इससे फिल्म की कमाई पर क्या असर पड़ेगा, ये देखना होगा.

Salman Khan और Katrina Kaif की फिल्म Tiger 3 का ट्रेलर 16 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे आने वाला है. हालांकि ट्रेलर आने से पहले फिल्म की रिलीज़ डेट बाहर आ गई. फिल्म के मेकर्स ने पहले कहा था कि फिल्म दिवाली पर आएगी. कोई डेट लॉक नहीं की. अनुमान लगाया जाने लगा कि फिल्म 10 नवंबर को थिएटर्स में उतरेगी. बॉलीवुड हंगामा की एक हालिया रिपोर्ट की मानें तो ‘टाइगर 3’ 12 नवंबर यानी रविवार के दिन रिलीज़ होगी.
रिपोर्ट में कोट किए गए सोर्स ने कहा कि चूंकि ‘टाइगर 3’ साल 2023 की सबसे अवेटेड फिल्मों में से है, इसलिए सलमान के फैन्स भारी तादाद में पहुंचेंगे. आगे बताया:
दिवाली के बाद सोमवार यानी 13 नवंबर को छुट्टी पड़ेगी. कुछ राज्यों में ये छुट्टी 14 नवंबर यानी मंगलवार को पड़ेगी. उसके बाद 15 नवंबर यानी बुधवार को भाईदूज की छुट्टी आएगी. 16 तारीख को दिवाली के बाद की छुट्टी का असर देखने को मिलेगा. उसके बाद फिर वीकेंड आ जाएगा.
सोर्स ने बताया कि फिल्म के मेकर्स संडे टू संडे टाइप प्लानिंग कर रहे हैं. 12 नवंबर को फिल्म आएगी और उसके बाद अगले रविवार यानी 19 नवंबर तक लगातार लाइन से छुट्टियां हैं. मेकर्स को उम्मीद है कि त्योहार मनाने के बाद लोगों के हाथ में टाइम होगा. वो फिल्म देखने पहुंचेंगे. इस खबर पर फिल्म की टीम की तरफ से कोई पुष्टि नहीं आई है. ये रिलीज़ डेट सही निकलने पर दो सवाल उठने वाजिब हैं – पहला कि रविवार की जगह फिल्म पिछले शुक्रवार को रिलीज़ क्यों नहीं हो रही. तब कमाई के लिए दो और एक्स्ट्रा दिन मिलेंगे. या फिर फिल्म रविवार को क्यों आ रही है. उस दिन तो सब त्योहार मनाने में व्यस्त होंगे. फिर ‘टाइगर 3’ को सोमवार को आना चाहिए था.
मेकर्स शायद सोच रहे हैं कि लोग शाम को दिवाली की पूजा और जश्न में शरीक होंगे. उससे पहले दिन में उनके पास टाइम होगा. तब फिल्म देखने जाएंगे. बाकी असली फायदा सोमवार से देखने को मिलेगा. ये स्ट्रैटेजी या तो मेकर्स की चांदी करने वाली है वरना बुरी तरह बैकफायर करेगी. कोई बीच का रास्ता नहीं निकलेगा. अगर संडे को रिलीज़ होने के बाद कमाई हल्की भी रहती है तो ‘टाइगर 3’ के पास बड़ी विंडो होगी. उसके आसपास कोई भी अपनी फिल्म नहीं उतारना चाहेगा.
16 अक्टूबर को फिल्म का ट्रेलर आने वाला है. उसके बाद गाने ड्रॉप होंगे. सलमान खान और कटरीना कैफ के अलावा शाहरुख भी फिल्म का हिस्सा हैं. बताया जा रहा है कि उनकी एंट्री सेकंड हाफ में होगी जब पठान टाइगर को पाकिस्तानी जेल से छुड़ाने पहुंचेगा. इसी फिल्म के अंत में ‘टाइगर वर्सेज़ पठान’ की नींव भी पड़ने वाली है. लंबे वक्त से इमरान हाशमी का नाम भी ‘टाइगर 3’ से जुड़ता रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स में दावे किए गए कि इमरान ही फिल्म के विलन हैं. हालांकि इमरान या YRF ने इस पर कोई सफाई पेश नहीं की.
वीडियो: सलमान खान ने बॉलिवुड में 35 साल पूरे होने पर टाइगर 3 पर ऐसी बातें कहीं, फैन्स ख़ुशी से झूम उठेंगे!

