'सलार' हिट कराने के लिए तुरुप का पत्ता निकाला गया, KGF वाले यश का कैमियो होगा
हिंदी सिनेमा में कैमियो कल्चर और उसकी सफलता को देखते हुए Salaar के मेकर्स ने भी फिल्म को बूस्ट करने के लिए फिल्म में Yash का कैमियो जोड़ा है.

Salaar को लेकर एक बड़ी खबर आ रही है. बताया जा रहा है कि ये Prashanth Neel यूनिवर्स की फिल्म होगी. यानी Prabhas की इस फिल्म का कनेक्शन, प्रशांत की पिछली फिल्मों से होगा. इसलिए 'सलार' में 'रॉकी भाई' उर्फ Yash के कैमियो होने की बात कही जा रही है. इन दिनों हिंदी फिल्मों में सुपरस्टार्स का कैमियो कल्चर बहुत तेज़ी से बढ़ा है. उसका फायदा फिल्मों को मिल भी रहा है. इसीलिए प्रशांत ने प्रभास और यश को साथ लाने का फैसला किया है.
'सलार' की रिलीज़ से 6 हफ्ते पहले फिल्म को लेकर बड़ा अपडेट आया है. ट्रैक टॉलीवुड नाम की पोर्टल के मुताबिक 'सलार' के क्लाइमैक्स में KGF के रॉकी भाई यानी सुपरस्टार यश नज़र आने वाले हैं. ये फैसला फिल्म के कलेक्शन को बूस्ट करने के इरादे से लिया गया है. ये बात तब भी चली थी, जब ‘सलार’ का पहला टीज़र आया था. कहा गया था कि ‘सलार’ का सेट-अप KGF जैसा ही लग रहा है. इसलिए इन दोनों फिल्मों में कोई कनेक्शन हो सकता है. या वो एक ही सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा हो सकती हैं. इस बारे में फिल्म का ट्रेलर आने के बाद ज़्यादा क्लैरिटी मिलेगी. हालांकि इस बात की संभावनाएं कम हैं कि ट्रेलर में यश की झलक दिखाई जाएगी. 'सलार' का ट्रेलर 1 दिसंबर को रिलीज़ किया जाना है.
'सलार' फिल्म में ऐन वक्त पर कई बदलाव और जोड़-घटाव किए जा रहे हैं. पिछले दिनों खबर आई थी कि फिल्म में एक नया गाना जोड़ा जा रहा है. ताकि उसे प्रमोशन में इस्तेमाल किया जा सके. इस गाने को हैदराबाद में शूट किया गया. इसमें प्रभास के साथ 'गदर 2' फेम एक्टर सिमरत कौर नज़र आएंगी. इसको लेकर फैन्स बड़े खफा भी थे. उनका कहना था कि जो फिल्म इतने लंबे समय से मेकिंग में है, उसमें आखिरी समय पर इस तरह का बड़े बदलाव क्यों हो रहे हैं. ये सबकुछ पहले से प्लान क्यों नहीं किया गया था.
ख़ैर, ये तो एक मुसीबत हुई. दूसरी दिक्कत है फिल्म की रिलीज़ डेट को लेकर. क्योंकि 'सलार' का क्लैश शाहरुख खान की 'डंकी' के साथ होने वाला है. कहा गया 'डंकी' से टकराने का मतलब ये है कि 'सलार' के मेकर्स अपनी फिल्म को लेकर काफी कॉन्फिडेंट हैं. अगर फिल्म को लेकर इतने ही कॉन्फिडेंट हैं, तो आखिरी समय पर फिल्म में इतने सारे चेंजेज़ क्यों हो रहे हैं!
'सलार' में प्रभास के साथ श्रुति हासन, जगपति बाबू. पृथ्वीराज सुकुमारन और टीनू आनंद जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. इसके अलावा कैमियो में यश के नज़र आने की बात तो हम आपको ऊपर बता ही चुके हैं. 'सलार' को प्रशांत नील ने डायरेक्ट किया है. ये फिल्म दुनियाभर में 22 दिसंबर को रिलीज़ के लिए शेड्यूल्ड है. हालांकि खबरें ये भी हैं कि कुछ विदेशी लोकेशंस पर फिल्म का प्रीमियर 21 दिसंबर से ही शुरू किया जाना है.

