The Lallantop

क्या T20 वर्ल्ड कप 2026 में फिक्स था कनाडा और न्यूजीलैंड का मैच? ICC ने शुरू की जांच

T20 वर्ल्ड कप 2026 में कनाडा और न्यूजीलैंड के बीच हुए मुकाबले में मैच फिक्सिंग की बात कही गई है. ICC इस मामले की जांच कर रही है. कनाडा और न्यूजीलैंड के बीच यह मुकाबला 17 फरवरी को चेन्नई के एमए चिंदबरम स्टेडियम में खेला गया था.

Advertisement
post-main-image
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कनाडा और न्यूजीलैंड के बीच 17 फरवरी को मैच हुआ था. (फोटो- Getty Images)

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की एंटी करप्शन यूनिट (ACU) ने क्रिकेट कनाडा से जुड़े भ्रष्टाचार के दो मामलों की जांच शुरू कर दी है. इस जांच में 17 फरवरी को कनाडा और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मैच भी शामिल है. एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए इस मैच में कनाडा को 8 विकेट से हार मिली थी. आईसीसी ने यह जांच कनाडा के पब्लिक ब्रॉडकास्टर सीबीसी के प्रोग्राम में प्रसारित डॉक्यूमेंट्री  ‘करप्शन, क्राइम एंड क्रिकेट में लगाए आरोपों के बाद शुरू की. 43 मिनट का इस डॉक्यूमेंट्री में कनाडा क्रिकेट और उसकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान 17 फरवरी को चेन्नई में खेले गए इस मुकाबले में कनाडा ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट पर 173 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया. न्यूजीलैंड ने 174 रनों का  टारगेट 15.1 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर पूरा कर लिया. ग्लेन फिलिप्स ने इस मुकाबले में 39 गेंदों पर 59 रन बनाए. वहीं, रचिंद्र रवींद्र ने 36 गेंदों पर 76 रनों की धुआंधार पारी खेली. यह मैच जीतने के बाद, न्यूजीलैंड की टीम सुपर-8 में एंट्री की थी.

शक के घेरे में मैच का एक ओवर

डॉक्यूमेंट्री में T20 वर्ल्ड कप में कनाडा और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मैच की बात की गई है. दोनों टीमों के बीच हुए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की पारी का 5वां ओवर शक के घेरे में हैं. दरअसल, न्यूजीलैंड की पारी का 5वां ओवर फेंकने कनाडा के कप्तान दिलप्रीत बाजवा आए. बाजवा को टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने के तीन हफ्ते पहले टीम का कप्तान बनाया गया था. वह उस वक्त गेंदबाजी करने आए, जब  कीवी टीम का स्कोर 2 विकेट पर 35 रन था.

Advertisement

इससे पहले, कनाडा ने पेसर जसकरण सिंह और डिलन हेलिगर से शुरुआत की थी. जसकरण ने अपने ओवर में 15 और हेलिगर ने 14 रन दिए. इसके बाद, तीसरे ओवर में शाद बिन जफर को लाया गया, जिन्होंने विकेट मेडन ओवर डाला. चौथे ओवर में हेलिगर आए, उन्होंने भी एक विकेट लिए. इसके बाद, पांचवां ओवर कप्तान दिलप्रीत बाजवा डालने आए. उन्होंने ओवर की शुरुआत नो बॉल से की. फिर लेग साइड पर वाइड डाली. बाजवा ने इस ओवर में 15 रन दिए. बाजवा पार्ट टाइम स्पिनर हैं. उनके 5वें ओवर में गेंदबाजी करने को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

ये भी पढ़ें: MI के खिलाफ क्यों अलग दिखे अर्शदीप? कोच रिकी पोंटिंग ने ड्रेसिंग रूम की पूरी बात बताई

ESPNCricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी की एंटी करप्शन यूनिट जिस दूसरे मामले की जांच कर रही है, वह टीम सेलेक्शन को लेकर कोच पर दबाव बनाने से जुड़ा है. टीम मैनेजमेंट की तरफ से कोच पर कुछ खास प्लेयर्स को टीम में सेलेक्ट करने के लिए दबाव बनाया गया था. 

Advertisement

ICC इस लीक हुए ऑडियो की जांच कर रही है. इस ऑडियो में तत्कालीन कनाडा के कोच खुर्रम चौहान यह दावा करते हैं कि क्रिकेट कनाडा के कुछ सीनियर मेंबर्स ने उन पर नेशनल टीम में कुछ प्लेयर्स को चुनने का दबाव डाला था. यह वीडियो 2025 में लीक हुआ था, तब से ICC की एंटी करप्शन यूनिट इसकी जांच कर रही है.

इसके अलावा ‘करप्शन, क्राइम और क्रिकेट’ डॉक्यूमेंट्री में क्रिकेट कनाडा के पूर्व कोच पुबुदु दसानायके का इंटरव्यू भी शामिल है. उनका कहना है कि साल 2024 में टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम सेलेक्शन को लेकर उन पर दबाव डाला गया था. द फिफ्थ एस्टेट के मुताबिक, बोर्ड ने उन्हें कुछ खिलाड़ियों को चुनने के लिए मज़बूर किया और मना करने पर उनका कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने की धमकी दी.

जांच जारी है

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की इंटीग्रिटी यूनिट के अंतरिम जनरल मैनेजर एंड्रयू एफग्रेव के मुताबिक, इस मामले के जांच जारी है. उन्होंने कहा,

ACU को CBC की ओर से प्रसारित इस कार्यक्रम की जानकारी है. हम डॉक्यूमेंट्री में लगाए गए आरोपों पर टिप्पणी नहीं कर सकते. ICC सदस्यों से जुड़े प्रशासनिक मामलों को ICC अपने संवैधानिक नियमों के तहत देखता है. ICC की एंटी-करप्शन यूनिट तीन मुख्य चीजों पर काम करती है- इंटेलिजेंस, रोकथाम और जांच. ये सभी साथ-साथ चलते हैं और जहां विश्वसनीयता की कमी होती है, वहां पर लागू होते हैं.

बीते एक साल में देखा जाए तो क्रिकेट कनाडा में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. कुछ समय पहले सलमान खान को CEO नियुक्त किया गया और बाद में उन्हें हटा दिया गया. उनकी नियुक्ति पर आईसीसी ने बोर्ड को नोटिस दिया था. क्योंकि, सलमान खान ने अपने पुराने आपराधिक मामलों को छुपाया था. सलमान पर कैलगरी पुलिस ने चोरी और धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं. हालांकि, सलमान ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है. 

वीडियो: India vs New Zealand: संजू सैमसन के फाइनल में भी खेली शानदार पारी

Advertisement