Virat Kohli ने Pakistan के खिलाफ होने वाले बड़े मैच से पहले मीडिया से बात की (एपी फोटो)
भारत और पाकिस्तान. दो चिर-प्रतिद्वंद्वी. संडे, 24 अक्टूबर को T20 वर्ल्ड कप 2021 के अपने पहले मैच में भिड़ेंगे. दोनों ही टीमें इस हाई-वोल्टेज क्लैश की तैयारी में लगी हैं. और इन्हीं तैयारियों के तहत भारतीय कप्तान विराट कोहली ने मैच से पहले मीडिया से बात की. UAE में चल रहे वर्ल्ड कप के इस सुपर-12 मुकाबले से पहले कोहली ने साफ कर दिया कि वह चीजों को हल्के में नहीं ले रहे. बता दें कि T20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें कुल पांच बार टकराई हैं. और भारत ने पांचों बार जीत दर्ज की है. कोहली ने मैच से पहले कहा कि पाकिस्तान के पास बहुत सारे गेम-चेंजर्स हैं और भारत को जीतने के लिए अपना बेस्ट देना होगा. प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोहली ने कहा,
'पाकिस्तान मजबूत है. उनके खिलाफ हर बार आपको अपना बेस्ट क्रिकेट खेलना होता है. उनके पास गेम बदलने वाले प्लेयर्स हैं. हमें जाहिर तौर पर पाकिस्तान के खिलाफ अपना बेस्ट देना होगा.'
बता दें कि इस मैच से पहले टीम इंडिया का सबसे बड़ा सरदर्द ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की फिटनेस है. 28 साल के पंड्या हाल ही में खत्म हुए IPL2021 में मुंबई इंडियंस के लिए स्पेशलिस्ट बैट्समैन के तौर पर खेले थे. उन्होंने UAE लेग में एक भी ओवर नहीं फेंका था. और इसके चलते लोग प्लेइंग XI में उन्हें जगह देने पर सवाल कर रहे हैं. हार्दिक के बारे में सवाल करने पर कोहली ने कहा,
'हमने अपने कंबिनेशन के बारे में बात की है. लेकिन हम अभी उनका खुलासा नहीं करेंगे. हम चीजों के क्रियान्वयन को लेकर आत्मविश्वास से भरे हैं. मुझे लगता है कि हार्दिक दो ओवर्स फेंकने के लिए तैयार होने की दिशा में बेहतर हो रहे हैं. जब तक वह बोलिंग नहीं शुरू कर देते, हमने अपने लिए कुछ ऑप्शन बनाए हैं. वह एक बल्लेबाज के रूप में नंबर छह पर जो ऑफर करते हैं, हम रातोंरात वैसा कुछ नहीं बना सकते.'
कोहली की बातों से साफ पता चल रहा है कि टीम इंडिया में हार्दिक पंड्या की जगह पक्की है. ऐसे में देखना होगा कि भारत का छठा बोलिंग ऑप्शन कौन होगा.